इंदौर के अरविंदो डेंटल कॉलेज में मधुमक्खियों का हमला, 20 लोगों मारे डंक; पुलिस बोली- ICU में भर्ती होने की खबरें भ्रामक
मध्य प्रदेश के इंदौर स्थित अरविंदो मेडिकल इंस्टीट्यूट के डेंटल कॉलेज में एक कार्यक्रम के दौरान मधुमक्खियों के हमले से अफरा-तफरी मच गई. मधुमक्खियों ने वहां मौजूद करीब 20 लोगों को काट लिया. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद कुछ लोगों के ICU में भर्ती होने की खबरें भी सामने आईं. हालांकि, पुलिस ने इन खबरों को भ्रामक बताया है.
दरअसल, अरविंदो डेंटल कॉलेज में इनॉग्रल सेरेमनी आयोजित की जा रही थी. इसी दौरान संभवतः पटाखे की आवाज या चिंगारी से मधुमक्खियों का छत्ता प्रभावित हो गया. इसके बाद मधुमक्खियों ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों पर हमला कर दिया.
अचानक हुए हमले से वहां भगदड़ जैसी स्थिति बन गई. मधुमक्खियों के काटने से करीब 20 लोग प्रभावित हुए. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. देखें VIDEO:-
वीडियो वायरल होने के बाद कुछ लोगों के गंभीर रूप से घायल होने और ICU में भर्ती किए जाने की खबरें सामने आईं. पुलिस ने कॉलेज प्रबंधन से संपर्क कर घटना की जानकारी ली.
एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया के मुताबिक, किसी भी व्यक्ति को गंभीर चोट नहीं आई है. ICU में भर्ती होने की खबरें भ्रामक हैं.
पुलिस के मुताबिक, इस मामले में न तो छात्रों और न ही कॉलेज प्रबंधन की ओर से कोई शिकायत दर्ज कराई गई है. हालांकि, भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचने के लिए कॉलेज प्रबंधन को सुरक्षा व्यवस्था बेहतर रखने की समझाइश दी गई है.


