'साम्राज्यों ने दुनिया का नक्शा बदला, संवाद ने सोच का तरीका', SCO मंच से बोले PM मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को नई दिल्ली के पुराना किला में तीन दिवसीय शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) सभ्यतागत संवाद मंच का उद्घाटन किया. इस दौरान उन्होंने कहा कि सभ्यतागत रिश्ते और आपसी सद्भाव दुनिया में शांति और खुशहाली की सबसे मजबूत नींव बन सकते हैं. दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में जारी युद्ध और संघर्षों के बीच इन रिश्तों का महत्व और बढ़ जाता है. इस कार्यक्रम में पाकिस्तान के संघीय मंत्री मुसादिक मसूद मलिक भी शामिल हुए.
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि साम्राज्यों ने दुनिया के नक्शे बदले हैं, लेकिन सभ्यताओं के बीच संवाद ने दुनिया के विचारों को बदला और उन्हें समृद्ध किया है. इसलिए एससीओ का सभ्यतागत संवाद मंच केवल औपचारिक आयोजन बनकर नहीं रहना चाहिए, बल्कि इसे ऐसा मंच बनना चाहिए जो दुनिया को नई दिशा देने में सक्षम हो. उन्होंने भारत की सांस्कृतिक विचारधारा 'वसुधैव कुटुंबकम' का जिक्र करते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति पूरी दुनिया को एक परिवार के रूप में देखने की सीख देती है. व्यक्ति के कल्याण की इच्छा भी व्यापक रूप से पूरी दुनिया की भलाई की भावना से जुड़ी हुई है. प्रधानमंत्री ने कहा कि आपसी सद्भाव को हम वैश्विक कल्याण का आधार मानते हैं. उन्होंने देशों के बीच शांतिपूर्ण सह-अस्तित्व और सहयोग की जरूरत पर भी जोर दिया.
प्रधानमंत्री मोदी ने SCO देशों की सांस्कृतिक विरासत का जिक्र करते हुए कहा कि वहां के संग्रहालयों, पुस्तकालयों और अभिलेखागार में हजारों साल पुरानी धरोहर सुरक्षित है. इनमें प्राचीन पांडुलिपियां, दुर्लभ किताबें, ऐतिहासिक दस्तावेज और कलाकृतियां शामिल हैं. ये धरोहरें अलग-अलग देशों के पुराने संबंधों की कहानी भी बताती हैं.
उन्होंने कहा कि तकनीक की मदद से इस विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाया जा सकता है. इसके लिए SCO देश प्राचीन ग्रंथों को डिजिटल रूप में सुरक्षित करने और उनका दूसरी भाषाओं में अनुवाद करने के लिए मिलकर काम कर सकते हैं. साझा इतिहास के नए पहलुओं को सामने लाने के लिए संयुक्त शोध परियोजनाएं भी शुरू की जा सकती हैं. इस दौरान, पीएम ने युवाओं को इस काम की अहम कड़ी बताया. उनके मुताबिक, आने वाले दशकों में युवा ही सभ्यताओं के बीच संवाद को नई ऊंचाई देंगे. आज की युवा पीढ़ी तकनीक से जुड़ी है और दुनिया को बेहतर तरीके से समझना चाहती है. इसलिए उसे दूसरे देशों की भाषा, साहित्य और संस्कृति को जानने के ज्यादा मौके मिलने चाहिए.
युवा कलाकार, लेखक और फिल्म निर्माता डिजिटल मीडिया के जरिए साझा विरासत को अगली पीढ़ी तक पहुंचा सकते हैं. इस काम में स्थानीय कलाकारों और शिल्पकारों को भी शामिल करना जरूरी है.
प्रधानमंत्री ने सांस्कृतिक संपर्क बढ़ाने में 21वीं सदी की तकनीक की भूमिका पर भी बात की. उन्होंने कहा कि जिन रास्तों से हमारे पूर्वजों को यात्रा करने में महीनों लग जाते थे, आज तकनीक के जरिये अलग-अलग देशों के लोगों को कुछ ही सेकंड में जोड़ा जा सकता है. उन्होंने कहा कि डिजिटल मंचों ने ज्ञान साझा करने, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और अंतरराष्ट्रीय सहयोग को पहले से कहीं ज्यादा आसान बना दिया है. प्रधानमंत्री ने एससीओ सदस्य देशों से इन नए अवसरों का पूरा लाभ उठाने की अपील की. उन्होंने कहा कि सांस्कृतिक आदान-प्रदान विचारों को समृद्ध कर सकता है और दुनिया के साझा नजरिये को विकसित करने में मददगार हो सकता है.

