कांग्रेस का दावा- 10 लाख लोग आ रहे... BJP बोली- रामलीला मैदान में फिर से 'ठगों का मेला'

Direct Source Verification: This story is aggregated from India Today (indiatoday.in). Full reporting rights and copyright belong to the primary publisher.
दिल्ली के रामलीला मैदान में रविवार को हो रही INDIA गठबंधन की महारैली से पहले सियासी बयानबाजी तेज हो गई है. कांग्रेस और विपक्षी दलों ने रैली में 10 लाख लोगों के जुटने की बात कही है, जबकि बीजेपी ने इसे राहुल गांधी की री-लॉन्चिंग की कोशिश बताया है, वहीं, दिल्ली बीजेपी की ने रैली पर ...

दिल्ली के रामलीला मैदान में रविवार को हो रही INDIA गठबंधन की महारैली से पहले सियासी बयानबाजी तेज हो गई है. कांग्रेस और विपक्षी दलों ने रैली में 10 लाख लोगों के जुटने की बात कही है, जबकि बीजेपी ने इसे राहुल गांधी की री-लॉन्चिंग की कोशिश बताया है, वहीं, दिल्ली बीजेपी की ने रैली पर निशाना साधते हुए इसे 'ठगों का मेला' करार दिया है. 

राजधानी दिल्ली के रामलीला मैदान में रविवार (1 नवंबर) को INDIA गठबंधन की महारैली आयोजित की जा रही है. मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) और वोट चोरी के आरोपों के खिलाफ आयोजित इस रैली में विपक्षी दल अपनी ताकत दिखाने की तैयारी में हैं. हालांकि, रैली से पहले ही सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया है. 

संजय राउत बोले- जितना रोकेंगे, उतनी बढ़ेगी भीड़ INDIA गठबंधन की महारैली को लेकर शिवसेना (यूबीटी) सांसद संजय राउत ने कहा कि लाखों लोग दिल्ली पहुंच रहे हैं. उन्हें रोकने की काफी कोशिशें की जा रही हैं, लेकिन जितना लोगों को रोकने का प्रयास किया जाएगा, भीड़ उतनी ही बढ़ेगी. राउत ने कहा कि लोग सभी बैरिकेड तोड़कर यहां पहुंचेंगे. देश की जनता सत्ता परिवर्तन चाहती है और मौजूदा सरकार को नहीं चाहती. उन्होंने कहा कि आज रामलीला मैदान में जो ताकत दिखाई जाएगी, वह किसी एक राजनीतिक दल की नहीं, बल्कि पूरे देश की ताकत होगी.

उन्होंने आगे कहा कि इस तरह के राष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह की आंखों के सामने दिल्ली में आगे भी आयोजित किए जाते रहेंगे.

व्यापारियों को लेकर पूछे गए सवाल पर राउत ने पीएम मोदी और अमित शाह पर भी निशाना साधा. उन्होंने कहा कि 'देश के व्यापारियों को कोई वास्तविक चिंता नहीं है. इस देश में केवल दो ही 'व्यापारी' हैं, मोदी जी और अमित शाह. उन्हें निश्चित तौर पर नुकसान हो रहा है. अगर ऐसे आंदोलनों से उन्हें नुकसान होता है, तो होने दीजिए.'

यह भी पढ़िएः दिल्ली में आज इन रास्तों पर जाने से बचें... घर से निकलने से पहले जान लें ट्रैफिक एडवाइजरी

बीजेपी बोली- राहुल गांधी को फिर लॉन्च करने की कोशिश वहीं, पंजाब के जालंधर में बीजेपी प्रवक्ता जयवीर शेरगिल ने INDIA गठबंधन की रैली पर तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा कि रामलीला मैदान में कांग्रेस की यह रैली असल में 'राहुल री-लॉन्च अटेम्प्ट 101' है. शेरगिल ने कहा कि यह राहुल गांधी को उनकी छुट्टियों के बीच व्यस्त रखने के लिए एक और महंगा पीआर कार्यक्रम है, खासकर रविवार के दिन.

बीजेपी प्रवक्ता ने राहुल गांधी से वोट चोरी के आरोपों को लेकर सवाल किए. उन्होंने कहा कि अगर वोट चोरी हुई है तो राहुल गांधी दो लोकसभा सीटों से कैसे जीत गए और उनके इस्तीफे से खाली हुई वायनाड सीट पर उनकी बहन कैसे जीत गईं? शेरगिल ने सवाल किया कि अगर वोट चोरी हुई थी तो कांग्रेस तेलंगाना, हिमाचल प्रदेश और कर्नाटक में चुनाव कैसे जीत गई?

कई राज्यों में कांग्रेस की सत्ता से दूरी पर उठाए सवाल जयवीर शेरगिल ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कई राज्यों में उसकी सत्ता से लंबे समय से दूरी का मुद्दा भी उठाया. उन्होंने सवाल किया कि तमिलनाडु में 59 साल से अधिक समय से कांग्रेस का मुख्यमंत्री क्यों नहीं है?

उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में 49 साल, सिक्किम में 42 साल, उत्तर प्रदेश में 37 साल, बिहार में 36 साल, गुजरात में 30 साल, ओडिशा में 26 साल, नगालैंड में 23 साल और महाराष्ट्र में 12 साल से कांग्रेस का मुख्यमंत्री क्यों नहीं है?

यह भी पढ़िएः 14 सुरक्षा जोन, 200 CCTV और बॉडी कैमरे... INDIA ब्लॉक की रैली के लिए दिल्ली पुलिस की तैयारी

दिल्ली बीजेपी ने कहा- रामलीला मैदान में लगेगा 'ठगों का मेला' उधर, दिल्ली बीजेपी ने भी INDIA गठबंधन की महारैली को लेकर सोशल मीडिया पर हमला बोला है. बीजेपी की दिल्ली इकाई ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर लिखा, 'आज दिल्ली के रामलीला मैदान में फिर से लगने वाला है- ठगों का मेला.'

बीजेपी ने आरोप लगाया कि इस रैली का मकसद अपनी राजनीतिक जमीन बचाने के लिए देश विरोधी ताकतों के इशारे पर अफवाह और अराजकता फैलाना है.

वहीं, विपक्षी दल इस रैली के जरिए कथित चुनावी अनियमितताओं के खिलाफ आवाज उठाने और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं. इस मुद्दे पर चुनाव आयोग राजनीतिक पक्षपात के आरोपों को खारिज करता रहा है. 

Original Source
https://www.aajtak.in/india/news/story/india-alliance-rally-delhi-ramleela-maidan-political-statement-opposition-vs-bjp-ntc-pvp-dskc-2685547-2026-11-01?utm_source=rss
Visit India Today ↗
SHARE STORY:
𝕏 f in

Related Coverage in World