11 हजार साल पुराने हाथी का जबड़ा! वैज्ञानिक बोले- हिमयुग का हो सकता है रायसेन में मिला जीवाश्म, ग्रामीणों ने शुरू कर दी पूजा
मध्य प्रदेश के रायसेन में नर्मदा नदी के किनारे खेल रहे बच्चों को जमीन में धंसी एक अजीब सी आकृति दिखाई दी. बच्चों ने मिट्टी हटाई तो बड़े-बड़े दांतों वाला जबड़े जैसा हिस्सा नजर आया. गांव के लोग जुटे तो किसी ने इसे देवता का रूप मान लिया और पूजा शुरू कर दी. लेकिन जब इसकी तस्वीरें वैज्ञानिकों तक पहुंचीं तो कहानी कुछ और ही निकली. वैज्ञानिकों के शुरुआती आकलन के मुताबिक, यह किसी प्रागैतिहासिक यानी हजारों साल पहले धरती पर रहने वाले विशालकाय हाथी के जबड़े का जीवाश्म हो सकता है.
यह मामला रायसेन जिले की देवरी तहसील के पतई गांव का है. नर्मदा नदी के किनारे बच्चों को खेलते समय यह आकृति मिली. इसका एक हिस्सा जमीन के अंदर धंसा हुआ है. ऊपर की तरफ कई बड़े-बड़े दांत दिखाई दे रहे हैं. पहली नजर में यह किसी मूर्ति या अजीब आकार के पत्थर जैसा लगता है, लेकिन वैज्ञानिकों का मानना है कि यह किसी बहुत पुराने जीव के शरीर का हिस्सा हो सकता है.
दो दिन पहले कुछ बच्चे नर्मदा किनारे खेल रहे थे. इसी दौरान वे मिट्टी खोदने लगे. तभी उन्हें जमीन में कुछ अजीब सा दिखाई दिया. बच्चों ने आसपास की मिट्टी हटाई तो दांतों वाली एक बड़ी आकृति सामने आई. यह देखकर वे गांव पहुंचे और लोगों को इसकी जानकारी दी.
धीरे-धीरे मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुटने लगी. किसी को समझ नहीं आ रहा था कि जमीन से निकली यह चीज आखिर है क्या. इसका आकार इतना अलग था कि गांव के कुछ लोगों ने इसे देवता का रूप मान लिया और पूजा करने लगे.
गांव के बुजुर्गों के बीच इस जगह को लेकर पहले से कई तरह की कहानियां सुनाई जाती रही हैं. कुछ लोग इसे महाभारत काल की घटनाओं से जोड़कर देखते हैं. ऐसी मान्यता भी है कि पुराने समय में यहां यज्ञ के दौरान हाथियों की बलि दी गई थी. हालांकि, इन बातों का कोई ऐतिहासिक या वैज्ञानिक प्रमाण सामने नहीं आया है.
गांव में मिली इस आकृति की तस्वीरें और वीडियो जीव वैज्ञानिक और पुरातत्व के जानकार डॉ. रवि उपाध्याय को भेजे गए. उन्होंने शुरुआती आकलन में इसे प्रागैतिहासिक हाथी के ऊपरी जबड़े और दाढ़ के दांतों का जीवाश्म बताया. डॉ. उपाध्याय के मुताबिक, यह किसी ऐसे विशालकाय हाथी का जबड़ा हो सकता है, जो हजारों साल पहले हिमयुग के दौरान धरती पर रहता था. उन्होंने बताया कि उस दौर के कुछ हाथी 4 से 5 मीटर तक ऊंचे और करीब 22 टन तक वजनी होते थे.
हालांकि, अभी इस जीवाश्म की सही पहचान और उम्र की पुष्टि नहीं हुई है. शुरुआती अनुमान में इसकी उम्र 11 हजार से 25 हजार साल बताई गई है. वहीं, एक दूसरे आकलन में इसके 24 हजार से 5 लाख साल पुराने होने की संभावना भी जताई गई है. यानी अभी यह साफ होना बाकी है कि यह जीवाश्म वास्तव में कितना पुराना है और किस प्रजाति के हाथी का है.
अब सवाल है कि जिस हाथी के जबड़े का जीवाश्म मिलने की बात कही जा रही है, वह कितना बड़ा रहा होगा? डॉ. रवि उपाध्याय के मुताबिक, उस दौर के भीमकाय हाथियों की ऊंचाई 4 से 5 मीटर तक हो सकती थी और उनका वजन करीब 22 टन तक होता था.
यानी आज के हाथियों से भी कहीं ज्यादा विशाल जीव इस धरती पर मौजूद थे. हालांकि, पतई गांव में मिले जीवाश्म के आधार पर अभी उस हाथी का पूरा आकार या वजन तय नहीं किया जा सकता. इसके लिए वैज्ञानिक जांच और रिसर्च जरूरी है.
यह पहली बार नहीं है जब नर्मदा घाटी में पुराने जीवों से जुड़ी चीजें मिलने की बात सामने आई है. डॉ. रवि उपाध्याय के मुताबिक, करीब पांच साल पहले इस इलाके में उड़ने वाले डायनासोर के अंडे और उनसे जुड़े जीवाश्म मिले थे. वैज्ञानिक उन्हें जांच के लिए लैब भी ले गए थे. इसके अलावा नर्मदा के पास रिछावर गांव में खुदाई के दौरान पुरानी मूर्तियां भी मिली थीं, जिन्हें संरक्षित किया गया. ग्रामीणों का कहना है कि नदी किनारे कई बार बड़ी-बड़ी हड्डियां और दूसरी पुरानी चीजें भी मिली हैं.
यह भी पढ़ें: प्राचीन समुद्री कीड़े का दिमाग देखकर वैज्ञानिक हैरान, 52.50 करोड़ साल पुराना जीवाश्म मिला
डॉ. उपाध्याय का मानना है कि नर्मदा घाटी के इस हिस्से में ठीक से सर्वे किया जाए तो पुराने जानवरों के और भी जीवाश्म मिल सकते हैं. इसके लिए वैज्ञानिकों की टीम को इलाके में रिसर्च करनी होगी.
जब इस खोज की जानकारी जिला प्रशासन तक पहुंची तो रायसेन कलेक्टर रोहित सिसोनिया ने मामले को गंभीरता से लिया. उन्होंने बताया कि जिस जगह यह आकृति मिली है, उसे सुरक्षित किया जा रहा है. वैज्ञानिकों से भी संपर्क किया गया है. उन्हें इसकी तस्वीरें और वीडियो भेजे गए हैं, ताकि आगे की जांच की जा सके.
कलेक्टर ने रात में ही देवरी के तहसीलदार जयपाल उइके को मौके पर भेजा. वहां एक चौकीदार की ड्यूटी भी लगाई गई है, ताकि कोई इस आकृति को नुकसान न पहुंचा सके. प्रशासन की कोशिश है कि वैज्ञानिक जांच पूरी होने तक इस जगह को सुरक्षित रखा जाए.
फिलहाल पतई गांव के लोग उस जगह को देखने पहुंच रहे हैं, जहां बच्चों को यह अजीब आकृति मिली थी. जिस चीज को देखकर गांव वाले पहले देवता मानकर पूजा करने लगे थे, अब उसे वैज्ञानिक हजारों साल पुराने जीव के अवशेष के तौर पर देख रहे हैं. अगर जांच में इसकी पहचान और उम्र की पुष्टि हो जाती है तो यह रायसेन और नर्मदा घाटी के लिए एक बड़ी खोज साबित हो सकती है.

