अब इलेक्ट्रिक बाइक से अपराधियों को पकड़ेगी बिहार पुलिस, दिया 1100 मोटरसाइकिलों का ऑर्डर
अपराधियों के पीछे दौड़ने वाली बिहार पुलिस की रफ्तार अब बदलने वाली है. पेट्रोल की जगह बिजली का दम होगा. बिहार पुलिस अब इलेक्ट्रिक बाइक से सड़कों पर गश्त करेगी. जरूरत पड़ी तो इन्हीं बाइक्स से अपराधियों का पीछा भी होगा. इसके लिए 1,100 इलेक्ट्रिक मोटरसाइकिलों का बड़ा ऑर्डर दिया गया है. देश की प्रमुख इलेक्ट्रिक बाइक कंपनियों में शामिल Revolt Motors को बिहार पुलिस से 1,100 इलेक्ट्रिक बाइक सप्लाई करने का ऑर्डर मिला है.
कंपनी के मुताबिक, इस ऑर्डर के तहत BlazeX इलेक्ट्रिक बाइक की सप्लाई की जाएगी. खास बात यह है कि कंपनी ने नवंबर 2026 तक डिलीवरी पूरी करने का टार्गेट रखा है, जबकि कॉन्ट्रैक्ट के मुताबिक डिलीवरी पूरी करने की अंतिम समयसीमा जनवरी 2027 है. सवाल है कि आखिर इन इलेक्ट्रिक बाइक्स में ऐसा क्या खास है, जो बिहार पुलिस ने इन्हें अपनी फ्लीट में शामिल करने का फैसला किया है.
यह भी पढें: आ गया 'सन ऑफ गन'! 100 लोग ख़रीद सकेंगे ये रॉयल एनफील्ड बाइक
Revolt Motors को मिला यह ऑर्डर कंपनी के लिए काफी अहम माना जा रहा है. अभी तक कंपनी की इलेक्ट्रिक बाइक्स का इस्तेमाल ज्यादातर प्राइवेट व्हीकल्स के तौर पर ही देखा जाता रहा है. लेकिन बिहार पुलिस से मिले इस बड़े ऑर्डर के बाद कंपनी की पहुंच सरकारी विभागों और संस्थानों में भी बढ़ती नज़र आ रही है.
कैसी है बाइक Revolt RV BlazeX की शुरुआती कीमत 1,27,990 रुपये (एक्स-शोरूम) है. इस इलेक्ट्रिक मोटरसाइकिल को खास तौर पर डेली यूज के इस्तेमाल के लिए डिजाइन किया गया है. इसमें 150 किलोमीटर तक की IDC रेंज, रिमूवेबल बैटरी, GPS ट्रैकिंग और फास्ट चार्जिंग जैसे फीचर्स मिलते हैं. सबसे खास बात यह है कि इसे चार्ज करने के लिए किसी विशेष चार्जिंग स्टेशन की जरूरत नहीं पड़ती. सामान्य घरेलू 3-पिन सॉकेट से भी इसकी बैटरी चार्ज की जा सकती है.
इसमें 3.24 kWh क्षमता का निकल मैग्नीज कोबॉल्ट (NMC) लिथियम-आयन बैटरी पैक दिया गया है. यह बैटरी IP67 रेटिंग के साथ आती है. इसकी सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसे बाइक से निकालकर अलग से भी चार्ज किया जा सकता है. इसमें मिड-ड्राइव पर्मानेंट मैग्नेट सिंक्रोनॉस मोटर (PMSM) इलेक्ट्रिक मोटर मिलती है. यह मोटर 4.1 kW की पीक पावर जनरेट करती है. इसमें चेन ड्राइव सिस्टम दिया गया है.
यह भी पढें: NANO की आएगी याद! Hero ला रहा 2 सीटर क्यूट इलेक्ट्रिक कार
कंपनी के अनुसार, BlazeX एक बार फुल चार्ज होने पर 150 किलोमीटर तक की रेंज दे सकती है. इस इलेक्ट्रिक बाइक की टॉप स्पीड 85 किलोमीटर प्रति घंटा है. इसमें तीन राइडिंग मोड दिए गए हैं, जिनके जरिए राइडर अपनी जरूरत के अनुसार बाइक की परफॉर्मेंस चुन सकता है. इसके अलावा रिवर्स मोड भी मिलता है, जिससे तंग जगहों पर बाइक को पीछे करना आसान हो जाता है.
बाइक को सामान्य 10A पावर सॉकेट से भी चार्ज किया जा सकता है. कंपनी के अनुसार, रेगुलर चार्जर से बैटरी को 0 से 80 फीसदी तक चार्ज होने में 3 घंटे 30 मिनट लगते हैं. वहीं, फास्ट चार्जर की मदद से यही काम महज 80 मिनट में किया जा सकता है. इसके अलावा इसमें रिमूवेबल बैटरी दी गई है, जिससे जरूरत के मुताबिक बैटरी को निकालकर भी चार्ज किया जा सकता है.यह भी पढें: भूल जाएंगे Classic! आ गई सबसे पावरफुल रॉयल एनफील्ड
बाइक की सीट के नीचे सामान रखने की जगह भी दी गई है. इसमें चार्जर रखा जा सकता है, ताकि जरूरत पड़ने पर पुलिसकर्मी उसे आसानी से इस्तेमाल कर सकें. इस तरह पेट्रोलिंग के दौरान चार्जिंग की व्यवस्था करना पहले के मुकाबले आसान हो सकता है. Revolt BlazeX में इनबिल्ट GPS फीचर भी दिया गया है, इससे बाइक की लोकेशन का पता चलता है और उसकी ट्रैकिंग में मदद मिलती है. पुलिस विभाग के लिए यह फीचर काफी उपयोगी साबित हो सकता है, क्योंकि इससे अलग-अलग इलाकों में तैनात बाइक्स की निगरानी करना आसान होगा.
रतन इंडिया इंटरप्राइजेज लिमिटेड की चेयरपर्सन अंजलि रतन ने इस ऑर्डर को कंपनी के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया. उन्होंने कहा कि बिहार पुलिस से 1,100 इलेक्ट्रिक बाइक्स का ऑर्डर मिलना Revolt के लिए बड़ा कदम है. सरकारी महकमों के ग्राहकों की जरूरतें प्राइवेट ग्राहकों से अलग होती हैं. ऐसे बड़े ऑर्डर कंपनी को अपने प्रोडक्ट को बेहतर करने में और भी मदद करेंगे.


