दुबई में बैठकर साइबर फ्रॉड का बड़ा खेल! 12 हजार SIM कार्ड से देशभर में ठगी का नेटवर्क, एक सिम के मिलते थे 8 हजार रुपये
विदेश में बैठकर भारत के लोगों को साइबर ठगी का शिकार बनाने वाले अंतरराष्ट्रीय गिरोह का पिंपरी-चिंचवड़ पुलिस ने पर्दाफाश किया है. दुबई में बैठकर साइबर फ्रॉड का नेटवर्क चला रहे मुख्य आरोपी तक पुलिस पहुंच गई है. जांच में खुलासा हुआ है कि इस पूरे खेल में 10 से 12 हजार एक्टिव सिम कार्ड का इस्तेमाल किया गया. इन सिम कार्ड को मुख्य आरोपी तक पहुंचाने वाले दो डिस्ट्रीब्यूटर्स को भी मुंबई से गिरफ्तार किया गया है. इस मामले में अब तक कुल सात आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़ चुके हैं.
इस पूरे मामले की शुरुआत आरोपी तुषार अमराराम चौधरी के खिलाफ दर्ज एफआईआर से हुई थी. पुलिस ने जांच के दौरान उसके साथी आदर्श संतोष वाघमारे को भी गिरफ्तार किया. दोनों से पूछताछ में पुलिस को एक बड़े अंतरराष्ट्रीय साइबर फ्रॉड नेटवर्क की जानकारी मिली.
यह भी पढ़ें: बाइक के साइलेंसर से निकाल रहे थे फायरिंग जैसी आवाज... अब पिंपरी-चिंचवड़ पुलिस ने लिया एक्शन
जांच में सुमंत उर्फ नानू रविंद्र दसरे का नाम सामने आया. पुलिस के मुताबिक, वह दुबई में बैठकर साइबर अपराधों को अंजाम दे रहा था. उसके खिलाफ लुक आउट सर्कुलर (LOC) जारी कराया गया और इंटरपोल की मदद से उसकी गतिविधियों पर नजर रखी गई. आखिरकार मुंबई एयरपोर्ट पहुंचते ही पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया.
पुलिस जांच में सामने आया है कि मुख्य आरोपी चीन के एक नागरिक के साथ मिलकर साइबर फ्रॉड का नेटवर्क चला रहा था. इस गिरोह के लिए हजारों एक्टिव सिम कार्ड की व्यवस्था की जाती थी. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इतने बड़े पैमाने पर सिम कार्ड किस तरह जुटाए जा रहे थे और उन्हें विदेश तक कैसे पहुंचाया जाता था.
जांच के दौरान मनीष बावधा और महेश कन्हैयालाल चौइथरामानी नाम के दो डिस्ट्रीब्यूटर्स की भूमिका सामने आई. आरोप है कि दोनों ने मुख्य आरोपी सुमंत को 10 से 12 हजार एक्टिव सिम कार्ड उपलब्ध कराए थे. पुलिस ने इन दोनों को भी मुंबई से गिरफ्तार कर लिया है.
हैरानी की बात यह है कि एक एक्टिव सिम कार्ड के बदले डिस्ट्रीब्यूटर्स को 7 से 8 हजार रुपये तक मिलते थे. इस तरह लोगों के नाम पर जारी सिम कार्ड साइबर अपराधियों तक पहुंचाकर मोटी कमाई की जा रही थी.
पुलिस जांच में सूरज चिकावा और राजा कुमार नाम के आरोपियों की भूमिका भी सामने आई है. बताया गया है कि ये दोनों छतरी लगाकर सिम कार्ड बेचने का काम करते थे. ग्राहक को बताया जाता था कि उसका सिम कार्ड एक्टिव नहीं हुआ है, जबकि हकीकत में उसी सिम को डिस्ट्रीब्यूटर के जरिए मुख्य आरोपी तक पहुंचा दिया जाता था.
इस तरह ग्राहकों को गुमराह करके उनके नाम पर जारी सिम कार्ड अंतरराष्ट्रीय साइबर अपराधियों को सौंपे जा रहे थे. इन सिम कार्ड का इस्तेमाल फर्जी कॉल करने, नकली एप्लिकेशन रजिस्टर करने, बैंक खाते लिंक करने और फर्जी ई-मेल आईडी बनाने में किया जाता था.
पुलिस के मुताबिक, हजारों सिम कार्ड के जरिए साइबर ठगी का संगठित नेटवर्क खड़ा किया गया था. इनका इस्तेमाल देशभर में लोगों को निशाना बनाने और अलग-अलग तरीकों से धोखाधड़ी करने के लिए किया जा रहा था.
जांच में एक और चौंकाने वाला खुलासा हुआ है. आरोपियों ने साइबर फ्रॉड के इस नेटवर्क को संचालित करने के लिए 25 से 30 बार दुबई की यात्रा की थी. बताया गया है कि एयरपोर्ट की सुरक्षा जांच से बचने के लिए सिम कार्ड को बबल्स प्लास्टिक में लपेटकर दुबई ले जाया जाता था.
इस तरीके से बड़ी संख्या में सिम कार्ड विदेश पहुंचाए जाते थे. पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि इन यात्राओं के दौरान कितने सिम कार्ड ले जाए गए और अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क में उनकी सप्लाई कैसे की जाती थी.
इस पूरे मामले में अब तक सात आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है. पुलिस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों, विदेश में मौजूद सहयोगियों और साइबर ठगी से हासिल रकम के लेन-देन की पड़ताल कर रही है.
पिंपरी-चिंचवड़ पुलिस की यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त रोहिदास पवार और सहायक पुलिस आयुक्त रोहिणी बाणकर के मार्गदर्शन में की गई. वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक नाले और सहायक पुलिस निरीक्षक प्रवीण स्वामी की टीम ने जांच के दौरान नेटवर्क की अहम कड़ियों का पता लगाया.
पुलिस की इस कार्रवाई से दुबई से संचालित हो रहे अंतरराष्ट्रीय साइबर फ्रॉड नेटवर्क का खुलासा हुआ है. जांच में सामने आया है कि लोगों के नाम पर जारी सिम कार्ड को हजारों रुपये में बेचकर अपराधियों तक पहुंचाया जा रहा था. अब पुलिस इस पूरे नेटवर्क से जुड़े बाकी लोगों की तलाश में जुटी है.
