पत्नी ने 13 लाख की सुपारी देकर कराई पति की प्रेमिका की हत्या, कार के GPS से ट्रैक की एयरपोर्ट कर्मचारी की लोकेशन
महाराष्ट्र के गोंदिया जिले के बोंडराणी जंगल में पुणे एयरपोर्ट की कर्मचारी वर्षा तुरकर की हत्या के मामले में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है. शुरुआत में इस वारदात को लूटपाट के दौरान हुई हत्या बताया गया था, लेकिन चार दिन की जांच में सामने आया कि इसके पीछे प्रेम संबंधों का शक और 13 लाख रुपये की सुपारी थी. पुलिस के मुताबिक, मृतका के साथ मौजूद नितेश अग्रवाल की पत्नी मोना ने ही हत्या की साजिश रची थी. वारदात को अंजाम देने के लिए हमलावरों ने कार के GPS का इस्तेमाल कर जंगल में उसकी सटीक लोकेशन हासिल की थी.
मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले के किन्ही गांव (खैरी-नवगांव, तहसील खैरलांजी) की रहने वाली वर्षा धुरनलाल तुरकर (35) पुणे के धानोरी में रहती थीं. वह पुणे एयरपोर्ट पर एयर इंडिया में कर्मचारी थीं. दिवाली की छुट्टियों में वह अपने मायके आई हुई थीं. 14 नवंबर 2026 को दोपहर करीब 3:30 बजे गोंदिया निवासी उनके मित्र नितेश उर्फ नितिन अग्रवाल चार पहिया गाड़ी लेकर किन्ही गांव पहुंचा. इसके बाद दोनों तिरोड़ा घूमने निकले.
वापसी के दौरान दोनों गोंदिया जिले के दवनीवाड़ा थाना क्षेत्र स्थित बोंडराणी के शिव मंदिर के पास घने जंगल में रुक गए. शाम करीब 5:30 से 6 बजे के बीच मोटरसाइकिल से पहुंचे तीन हमलावरों ने उन पर हमला कर दिया. आरोपियों ने वर्षा के पेट और पीठ पर चाकू से कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं. उन्हें मध्य प्रदेश के खैरलांजी स्थित शासकीय ग्रामीण अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया.
लूट की कहानी पर पुलिस को क्यों हुआ शक?
वारदात के बाद नितेश ने पुलिस को बताया कि अज्ञात लुटेरों ने लूटपाट के इरादे से हमला किया था. हालांकि, घटनास्थल पर पहुंचे दवनीवाड़ा के सहायक पुलिस निरीक्षक प्रशांत भूते, एसडीपीओ दिनेशचंद्र शुक्ला, डॉग स्क्वॉड और फॉरेंसिक टीम ने जांच शुरू की तो कई सवाल खड़े हो गए. मृतका के शरीर और गले पर मौजूद सोने की चेन समेत दूसरे गहने सुरक्षित थे. इससे पुलिस को लूटपाट की कहानी पर संदेह हुआ.
शिकायतकर्ता अश्वीनी पटले की रिपोर्ट पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज किया गया. पुलिस ने नितेश को भी संदेह के घेरे में लेकर पूछताछ शुरू की. मामले की गंभीरता को देखते हुए गोंदिया के पुलिस अधीक्षक गोरख भामरे और अपर पुलिस अधीक्षक अभय डोंगरे ने जांच के निर्देश दिए.
इसके बाद स्थानीय अपराध शाखा (LCB) के निरीक्षक रेवचंद सिंगनजुडे के नेतृत्व में छह विशेष टीमें बनाई गईं. पुलिस ने घटनास्थल से लेकर तिरोड़ा, खैरलांजी, वाराशिवनी, बालाघाट और गोंदिया के रास्तों पर लगे करीब 200 CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली. जांच के दौरान एक अहम सुराग हाथ लगा. फुटेज में तीन संदिग्ध युवक मोटरसाइकिल से नितेश की कार का लगातार पीछा करते दिखाई दिए.
तकनीकी विश्लेषण और मुखबिरों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने 19 नवंबर को गोंदिया के मुर्री इलाके से इमरान करीम शेख (26) को हिरासत में लिया. सख्ती से पूछताछ करने पर उसने कथित तौर पर पूरी साजिश का खुलासा कर दिया. जांच में सामने आया कि नितेश और वर्षा के बीच प्रेम संबंध होने के शक में उसकी पत्नी मोना अग्रवाल (41) परेशान थी. इसी वजह से उसने वर्षा को रास्ते से हटाने की योजना बनाई.
पुलिस के मुताबिक, मोना ने अपने पड़ोसी और परिचित कुणाल श्यामलाल कुंभलकर (31) की मदद ली. कुणाल ने गोंदिया के कुख्यात अपराधी शाहरुख खान फिरोज खान पठाण (33) से संपर्क किया. इसके बाद वर्षा की हत्या के लिए 13 लाख रुपये की सुपारी तय हुई. शाहरुख ने वारदात को अंजाम देने के लिए मुर्री निवासी इमरान शेख (26), नलेन उर्फ नायला शेख (24) और क्रिश राऊत (19) को तैयार किया.
पुलिस की जांच में यह भी सामने आया कि हमलावरों को जंगल में कार की सटीक लोकेशन कैसे मिली थी. दरअसल, नितेश जिस कार से वर्षा को घुमाने ले गया था, वह उसकी पत्नी मोना के नाम पर रजिस्टर्ड थी. इस गाड़ी में टोयोटा आई-कनेक्ट (Toyota i-Connect) GPS सिस्टम लगा हुआ था. मोना ने इस मोबाइल ऐप की आईडी और पासवर्ड हमलावरों के मोबाइल फोन में एक्टिवेट कर दिया था. इसके जरिए आरोपी घर बैठे कार की लाइव लोकेशन देख रहे थे.
जैसे ही नितेश की कार बोंडराणी जंगल के सुनसान इलाके में जाकर रुकी, हमलावरों को इसकी जानकारी मिल गई. इसके बाद तीनों शूटर मोटरसाइकिल से मौके पर पहुंचे और वर्षा पर चाकू से हमला कर उनकी हत्या कर दी. इस तरह कार में लगे GPS सिस्टम को ही वारदात की साजिश का अहम हथियार बनाया गया.
मामले में स्थानीय अपराध शाखा और साइबर सेल की संयुक्त कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मुख्य साजिशकर्ता मोना अग्रवाल, मध्यस्थ कुणाल कुंभलकर, सुपारी लेने वाले शाहरुख पठाण और शूटर इमरान शेख को गिरफ्तार कर लिया है. चारों को आगे की जांच के लिए दवनीवाड़ा पुलिस के सुपुर्द किया गया है. पुलिस अब इस हत्याकांड में इस्तेमाल किए गए तकनीकी साक्ष्यों और अन्य पहलुओं की जांच कर रही है.
वहीं, वारदात में शामिल दो अन्य आरोपी नलेन शेख और क्रिश राऊत अभी फरार हैं. पुलिस उनकी तलाश में जुटी है. चार दिनों तक चली जांच में करीब 200 CCTV कैमरों की फुटेज, तकनीकी विश्लेषण और GPS लोकेशन की मदद से पुलिस ने कथित लूट की कहानी के पीछे छिपी 13 लाख रुपये की सुपारी और हत्या की साजिश का पर्दाफाश किया है.

