एक भी रन नहीं, दोनों पारियों में विकेट... इस भारतीय क्रिकेटर ने रच दिया इतिहास, 131 साल बाद हुआ ऐसा
बाएं हाथ के स्पिनर मानव सुथार ने ऐसा कारनामा कर दिखाया, जो फर्स्ट क्लास क्रिकेट में वर्षों से देखने को नहीं मिला था. वॉरविकशायर की ओर से खेलते हुए सुथार ने ग्लेमॉर्गन के खिलाफ मैच की दोनों पारियों में विकेट हासिल किए, लेकिन एक भी रन खर्च नहीं किया. इस असाधारण प्रदर्शन के साथ उन्होंने फर्स्ट क्लास क्रिकेट के इतिहास में दर्ज एक बेहद खास रिकॉर्ड की बराबरी कर ली.
कार्डिफ के सोफिया गार्डन्स में खेले गए काउंटी चैम्पियनशिप डिवीजन-1 मुकाबले में वॉरविकशायर ने ग्लेमॉर्गन को पारी और 257 रनों से हराया. वॉरविकशायर ने पहली पारी में 391 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया, जिसके जवाब में ग्लेमोर्गन की टीम दोनों पारियों में क्रमश: 69 और 65 रनों पर ढेर हो गई.
What a spell 🪄 🐻 #YouBears pic.twitter.com/uEnQTrFixs
मानव सुथार ने पहली पारी में सिर्फ तीन गेंदें फेंकी और नंबर-11 बल्लेबाज मीर हमजा को बोल्ड कर दिया. दूसरी पारी में उन्हें 24वें ओवर में गेंद थमाई गई. उन्होंने आते ही मेडन ओवर किया और अपने अगले ओवर में विकेटकीपर क्रिस कुक के अलावा जेमी मैकइलरॉय को चार गेंदों के अंदर बोल्ड कर दिया. इस तरह सुथार ने मैच में तीन विकेट लिए और उनके खिलाफ एक भी रन नहीं बना. उनके तीनों विकेट बोल्ड के जरिए आए.
मानव सुथार की उपलब्धि इसलिए खास है क्योंकि फर्स्ट क्लास क्रिकेट के इतिहास में ऐसा सिर्फ दूसरी बार हुआ, जब किसी गेंदबाज ने एक ही मैच की दोनों पारियों में कम से कम एक विकेट लिया और एक भी रन नहीं दिया. इससे पहले इंग्लैंड के टॉम हेवर्ड ने 1895 में लीसेस्टरशायर की ओर से सरे के खिलाफ द ओवल में यह उपलब्धि हासिल की थी. हेवर्ड ने दोनों पारियों में कुल छह गेंदों के अंदर तीन विकेट झटके थे. अब सुथार ने 131 साल बाद इस दुर्लभ रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है.
डेब्यू पर काटा था गदर 26 वर्षीय मानव सुथार के लिए यह उपलब्धि उनके करियर का एक बड़ा अध्याय है. अफगानिस्तान के खिलाफ डेब्यू टेस्ट मैच में उन्होंने सात विकेट हासिल किए थे, जिसमें पारी में छह विकेट हॉल का प्रदर्शन भी शामिल था. इसके बाद श्रीलंका के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज में भी सुथार ने अपनी गेंदबाजी से प्रभाव छोड़ा और 16 विकेट अपने नाम किए. भारत ने यह सीरीज 1-0 से अपने नाम की थी.
मानव सुथार का यह प्रदर्शन ऐसे समय आया है, जब वॉरविकशायर की टीम मौजूदा काउंटी चैम्पियनशिप में खिताब की मजबूत दावेदार बनी हुई है. टीम 12 मैचों में 184 अंकों के साथ डिवीजन-1 में शीर्ष पर है. वॉरविकशायर दूसरे स्थान पर मौजूद समरसेट से 11 अंक आगे है. वॉरविकशायर को अब एसेक्स और लीसेस्टरशायर के खिलाफ अपने आखिरी दो मुकाबले खेलने हैं.


