15 करोड़ का कारोबार छोड़ दीक्षा लेगा सूरत का परिवार, माता-पिता और दो बेटियां अपनाएंगे संयम का मार्ग

Direct Source Verification: This story is aggregated from India Today (indiatoday.in). Full reporting rights and copyright belong to the primary publisher.
करोड़ों रुपये का कारोबार, सुख-सुविधाओं से भरी जिंदगी और भविष्य में व्यापार को और आगे बढ़ाने के तमाम अवसर… लेकिन जब मन में वैराग्य का भाव जागा तो एक परिवार ने सांसारिक जीवन छोड़कर आध्यात्म की राह चुनने का फैसला कर लिया. सूरत में कपड़े का कारोबार करने वाला भोगर परिवार अब संयम और सा...

करोड़ों रुपये का कारोबार, सुख-सुविधाओं से भरी जिंदगी और भविष्य में व्यापार को और आगे बढ़ाने के तमाम अवसर… लेकिन जब मन में वैराग्य का भाव जागा तो एक परिवार ने सांसारिक जीवन छोड़कर आध्यात्म की राह चुनने का फैसला कर लिया. सूरत में कपड़े का कारोबार करने वाला भोगर परिवार अब संयम और साधना के मार्ग पर आगे बढ़ने जा रहा है.

47 वर्षीय दिलीप भाई भोगर, उनकी 45 वर्षीय पत्नी ज्योति बेन और दोनों बेटियां 22 वर्षीय छवि और 14 वर्षीय चार्वी 8 फरवरी 2027 को सूरत के पाल में दीक्षा ग्रहण करेंगे. परिवार का कपड़ा कारोबार सालाना करीब 15 करोड़ रुपये के टर्नओवर तक पहुंच चुका है. इसके बावजूद परिवार ने व्यापार और सांसारिक सुखों को पीछे छोड़कर धार्मिक जीवन अपनाने का संकल्प लिया है.

दिलीप भाई भोगर मूल रूप से राजस्थान के उदयपुर जिले के जसवंतगढ़ गांव के रहने वाले हैं. उन्होंने सूरत में कपड़े के कारोबार की शुरुआत एक छोटी दुकान से की थी. धीरे-धीरे मेहनत और व्यापारिक अनुभव के दम पर कारोबार बढ़ाया और सूरत टेक्सटाइल मार्केट में तीन दुकानों तक पहुंच गए. व्यापार को आगे बढ़ाने के लिए उन्होंने कई मशीनें भी लगाईं और कारोबार विस्तार की योजना बनाई. एक समय उनका व्यवसाय लगातार आगे बढ़ रहा था और भविष्य में इसे और बड़ा करने की संभावनाएं थीं. लेकिन इसी दौरान उनके जीवन में धर्म और आध्यात्म की ओर झुकाव बढ़ने लगा. आचार्यश्री के संपर्क में आने के बाद उनके विचारों में बदलाव आया और धीरे-धीरे सांसारिक जीवन से मोह कम होने लगा.

दिलीप भाई के मन में जब वैराग्य का भाव गहरा हुआ तो उन्होंने कारोबार बढ़ाने के बजाय उसे समेटना शुरू कर दिया. जिस व्यापार को उन्होंने वर्षों की मेहनत से खड़ा किया था, उससे दूरी बनाने का निर्णय आसान नहीं था. हालांकि, उन्होंने दीक्षा लेने का मन बना लिया और इस फैसले में पत्नी ज्योति बेन ने भी उनका साथ दिया. इसके बाद परिवार में धर्म और संयम के मार्ग पर आगे बढ़ने को लेकर विचार-विमर्श हुआ. दोनों बेटियों ने भी माता-पिता के फैसले का समर्थन किया और खुद दीक्षा लेने की इच्छा जताई. अब पूरा परिवार सांसारिक जीवन छोड़कर साधना के रास्ते पर चलने की तैयारी कर रहा है.

भोगर परिवार में दीक्षा का फैसला पहली बार नहीं हुआ है. परिवार की एक बेटी शैली पहले ही सांसारिक जीवन छोड़कर साध्वी बन चुकी हैं. वर्ष 2023 में उन्होंने दीक्षा ग्रहण की थी और अब वह साध्वी दर्शिता के नाम से जानी जाती हैं. बेटी के दीक्षा लेने के बाद दिलीप भाई का धर्म की ओर झुकाव और गहरा होता गया. उन्होंने कारोबार को धीरे-धीरे कम करना शुरू किया और संयम के जीवन की तैयारी में जुट गए. अब परिवार के चार अन्य सदस्य भी दीक्षा लेने जा रहे हैं. इस तरह परिवार के पांच सदस्यों में से चार पहले ही या अब दीक्षा के रास्ते पर हैं.

दीक्षा लेने जा रही 22 वर्षीय छवि भोगर पढ़ाई में भी आगे रही हैं. उन्होंने बीबीए के साथ ग्राफिक डिजाइन की पढ़ाई की. इसके अलावा उन्हें क्रोशिया कला का हुनर भी हासिल है. वह क्रोशिया से खूबसूरत कलाकृतियां और उपयोगी सामान बनाती थीं और इसी हुनर को कमाई का जरिया भी बना लिया था. छवि अपने काम को आगे बढ़ा रही थीं, लेकिन परिवार में धर्म और वैराग्य का भाव बढ़ने के साथ उनका भी सांसारिक गतिविधियों से मोह कम होने लगा. बताया जाता है कि उन्होंने क्रोशिया से जुड़े काम की शुरुआत करने के करीब चार महीने बाद ही उसे छोड़ दिया और संयम के मार्ग पर आगे बढ़ने का निर्णय लिया.

परिवार की सबसे छोटी बेटी 14 वर्षीय चार्वी भी दीक्षा लेने जा रही हैं. उन्होंने आठवीं कक्षा तक पढ़ाई की है और नौवीं की पढ़ाई के दौरान ही सांसारिक जीवन से अलग होकर धर्म की ओर उनका झुकाव बढ़ने लगा. चार्वी को फुटबॉल खेलने का शौक रहा है. वह सूरत में जिला स्तर तक फुटबॉल खेल चुकी हैं. खेल और पढ़ाई के बीच सक्रिय रहने वाली चार्वी अब परिवार के साथ संयम और साधना के कठिन रास्ते पर आगे बढ़ने के लिए तैयार हैं. दीक्षा का रास्ता केवल सांसारिक चीजों का त्याग नहीं, बल्कि अनुशासन, साधना और कठिन जीवनचर्या अपनाने का संकल्प भी है. इसी को ध्यान में रखते हुए दिलीप भाई और उनके परिवार ने दीक्षा से पहले प्रशिक्षण लिया. इस दौरान परिवार ने पैदल यात्रा, आहार-विहार, दैनिक अनुशासन और संतों की कठिन जीवनचर्या को समझने का अभ्यास किया. दीक्षा से पहले इस तरह की तैयारी के जरिए परिवार खुद को आने वाले जीवन के लिए मानसिक और शारीरिक रूप से तैयार कर रहा है.

इन दिनों भोगर परिवार अपने पैतृक गांव जसवंतगढ़ पहुंचा हुआ है. परिवार के इस फैसले की जानकारी मिलने के बाद गांव और आसपास के इलाकों में लोगों के बीच चर्चा है. ग्रामीण जगह-जगह परिवार का स्वागत और अभिनंदन कर रहे हैं. जिस परिवार ने सूरत में मेहनत के दम पर करोड़ों रुपये का कारोबार खड़ा किया, उसका अब सांसारिक जीवन छोड़ने का फैसला लोगों के लिए भावनात्मक और आश्चर्यजनक दोनों है. 8 फरवरी 2027 को सूरत के पाल में होने वाली दीक्षा के साथ दिलीप भाई, ज्योति बेन, छवि और चार्वी अपने जीवन का एक नया अध्याय शुरू करेंगे. व्यापार, संपत्ति और सुख-सुविधाओं से भरी जिंदगी पीछे छोड़कर परिवार संयम, साधना और आध्यात्मिक जीवन अपनाने जा रहा है.

Original Source
https://www.aajtak.in/rajasthan/story/surat-family-leaves-15-crore-business-jain-diksha-parents-and-two-daughters-lclg-strc-2699631-2026-11-18?utm_source=rss
Visit India Today ↗
SHARE STORY:
𝕏 f in

Related Coverage in World