जन्म के 17 घंटे बाद 1.5 किलो के नवजात के दिल में लगाया पेसमेकर, जयपुर के डॉक्टरों ने कर दिखाया चमत्कार

Direct Source Verification: This story is aggregated from India Today (indiatoday.in). Full reporting rights and copyright belong to the primary publisher.
जिस मासूम ने दुनिया में आए अभी 17 घंटे भी पूरे नहीं किए थे, उसकी जिंदगी बचाने के लिए डॉक्टरों को दिल का बेहद जटिल ऑपरेशन करना पड़ा. नवजात की धड़कनें इतनी धीमी थीं कि हर पल उसकी जान पर खतरा मंडरा रहा था. जयपुर के महात्मा गांधी अस्पताल के डॉक्टरों ने चुनौती स्वीकार की और महज 1.5 कि...

जिस मासूम ने दुनिया में आए अभी 17 घंटे भी पूरे नहीं किए थे, उसकी जिंदगी बचाने के लिए डॉक्टरों को दिल का बेहद जटिल ऑपरेशन करना पड़ा. नवजात की धड़कनें इतनी धीमी थीं कि हर पल उसकी जान पर खतरा मंडरा रहा था. जयपुर के महात्मा गांधी अस्पताल के डॉक्टरों ने चुनौती स्वीकार की और महज 1.5 किलो वजन वाले बच्चे के दिल में पेसमेकर लगाकर उसे नया जीवन दिया.

दरअसल, नवजात जन्मजात हृदय रोग से पीड़ित था. गर्भावस्था के दौरान ही उसके दिल की धड़कन असामान्य होने का पता चल गया था. पीडियाट्रिक कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. प्रेरणा भट्ट ने गर्भ में ही बच्चे के दिल की विशेष जांच की थी. इसमें पता चला कि हृदय की धड़कनों को नियंत्रित करने वाली प्राकृतिक विद्युत प्रणाली का समुचित विकास नहीं हुआ था.

इस वजह से जन्म के बाद बच्चे की धड़कन महज 30 से 40 प्रति मिनट रह गई थी. सामान्य नवजात की तुलना में यह बेहद कम थी. डॉक्टरों ने दवाइयों और इंजेक्शन के जरिए धड़कन सामान्य करने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली. इसके बाद विशेष चिकित्सकीय निगरानी में प्रसव कराया गया.

1.5 किलो वजन और नाजुक रक्त वाहिकाएं बनीं चुनौती

जन्म के बाद बच्चे की स्थिति और चुनौतीपूर्ण हो गई. उसका वजन महज 1.5 किलो था और रक्त वाहिकाएं बेहद छोटी व नाजुक थीं. ऐसे में डॉक्टरों के सामने इतने छोटे शरीर में पेसमेकर प्रत्यारोपित करना और उसे सुरक्षित रखना बड़ी चुनौती थी.

वरिष्ठ पीडियाट्रिक हार्ट सर्जन डॉ. सुनील कौशल के नेतृत्व में चिकित्सकों की टीम ने ऑपरेशन की तैयारी की. पेसमेकर और उससे जुड़ी तार को सुरक्षित रखने के लिए बच्चे के पेट में विशेष जगह बनाई गई. इसके बाद दिल में पेसमेकर प्रत्यारोपित किया गया.

जन्म के महज 17 घंटे के भीतर डॉक्टरों ने इस जटिल प्रक्रिया को सफलतापूर्वक अंजाम दिया. पेसमेकर लगाए जाने के बाद बच्चे की धड़कन और सांस लेने की स्थिति में सुधार हुआ. लगातार निगरानी और उपचार के दौरान उसका वजन भी करीब 700 ग्राम बढ़ गया.

डॉक्टरों की टीम के लिए नवजात की हालत में सुधार बड़ी राहत है. इतने कम वजन और बेहद छोटी उम्र में पेसमेकर लगाना चिकित्सा के लिहाज से महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है.

डॉक्टरों का कहना है कि जन्मजात हृदय रोगों की पहचान गर्भावस्था के दौरान ही हो जाए तो समय रहते इलाज की तैयारी की जा सकती है. इस मामले में भी गर्भ में की गई विशेष जांच से दिल की धड़कनों में गड़बड़ी का पता चल गया था, जिससे प्रसव और उपचार की योजना बनाने में मदद मिली.

Original Source
https://www.aajtak.in/rajasthan/story/jaipur-newborn-pacemaker-surgery-15-kg-baby-heartbeat-17-hours-after-birth-lclcn-strc-2700850-2026-11-19?utm_source=rss
Visit India Today ↗
SHARE STORY:
𝕏 f in

Related Coverage in World