180 kmph स्पीड, 16 कोच... कल से करें लग्जरी स्लीपर वंदे भारत में सफर, देखें टाइमिंग
भारतीय रेलवे अब एक और नया स्लीपर वंदे भारत ट्रेन चलाने जा रहा है. कल यानी 31 अक्टूबर से इसकी शुरुआत हो रही है. यह ट्रेन वाराणसी से दिल्ली के बीच चलेगी, जो कई बड़े शहरों को एकसाथ जोड़ेगी. इसकी स्पीड भी 160 किलोमीटर प्रति घंटा है, जिसका मतलब है कि यह अन्य ट्रेनों की तुलना में जल्दी सफर पूरा कर लेगी.
भारतीय रेलवे के अनुसार, बाबा विश्वनाथ की नगरी से देश की राजधानी तक वंदे भारत स्लीपर का सफर आधुनिक रेल यात्रा के नए अनुभव की शुरुआत साबित होगी. वाराणसी से नई दिल्ली के बीच शुरू हो रही उत्तर प्रदेश की पहली वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस ट्रेन है.
किस रूट से जाएगी ये ट्रेन? स्लीपर वंदे भारत के बारे में जानकारी देते हुए उत्तर मध्य रेलवे के सीपीआरओ डॉक्टर शिवम शर्मा ने बताया कि इस ट्रेन का उद्घाटन शनिवार, 31 अक्टूबर 2026 को वाराणसी रेलवे स्टेशन से 'उद्घाटन स्पेशल ट्रेन सं. 02527 के रूप में किया जाएगा. इस विशेष रेल सेवा से काशी, संगम नगरी प्रयागराज, औद्योगिक नगरी कानपुर, ऐतिहासिक अलीगढ़ और गाजियाबाद के यात्रियों को राष्ट्रीय राजधानी तक रेल संपर्क का एक नया विकल्प मिलेगा.
स्लीपर वंदे भारत एक्सप्रेस की टाइमिंग आधुनिक रेल सुविधाओं और स्लीपर यात्रा के नए अनुभव के साथ यह स्पेशल ट्रेन काशी और राष्ट्रीय राजधानी के बीच संपर्क को एक नई पहचान देगी. उन्होंने आगे बताया कि उद्घाटन स्पेशल गाड़ी संख्या 02527 बनारस–नई दिल्ली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन बनारस (BNRS) से दोपहर बाद 16:15 बजे खुलेगी. उद्घाटन स्पेशल यह ट्रेन प्रयागराज में 18:00 बजे, कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर 20:05 बजे, अलीगढ़ स्टेशन पर 23:20 बजे और प्रस्थान 23:22 बजे, गाजियाबाद में आधी रात 01:10 बजे और नई दिल्ली स्टेशन पर रात 2:00 बजे पहुंचेगी.
कितना होगा किराया? मीडिया रिपोर्ट्स में रेलवे सूत्रों के हवाले से कहा गया है कि 3AC (थर्ड एसी) का किराया ₹1,819.20 होगा. 2AC (सेकंड एसी) का किराया ₹2,349.80 और 1AC (फर्स्ट एसी) का किराया ₹2,880.40 रहेगा. हालांकि, अभी तक सार्वजनिक तौर पर इसका ऐलान नहीं किया गया है.


