पन्नू की हत्या की साजिश में निखिल गुप्ता को 19 साल की जेल, अमेरिकी कोर्ट ने सुनाई सजा

Direct Source Verification: This story is aggregated from India Today (indiatoday.in). Full reporting rights and copyright belong to the primary publisher.
खालिस्तानी आतंकी गुरपतवंत सिंह पन्नू की हत्या की साजिश के मामले में भारतीय नागरिक निखिल गुप्ता को सजा सुनाई गई है. अमेरिका की एक कोर्ट ने उसे 19 साल और 7 महीने जेल में रहने का आदेश दिया है. शुक्रवार को न्यूयॉर्क की संघीय अदालत में करीब 80 मिनट तक सुनवाई हुई. इसके बाद जज विक्टर मा...

खालिस्तानी आतंकी गुरपतवंत सिंह पन्नू की हत्या की साजिश के मामले में भारतीय नागरिक निखिल गुप्ता को सजा सुनाई गई है. अमेरिका की एक कोर्ट ने उसे 19 साल और 7 महीने जेल में रहने का आदेश दिया है. शुक्रवार को न्यूयॉर्क की संघीय अदालत में करीब 80 मिनट तक सुनवाई हुई. इसके बाद जज विक्टर मारेरो ने यह फैसला सुनाया.

दरअसल, निखिल गुप्ता (55) ने इस साल अपने ऊपर लगे तीन आरोप स्वीकार किए थे. इनमें हत्या की सुपारी देने, हत्या की साजिश रचने और मनी लॉन्ड्रिंग की साजिश के आरोप शामिल थे. ये सभी आरोप साल 2023 में न्यूयॉर्क में पन्नू की हत्या की योजना से जुड़े थे.

अमेरिकी जांच के मुताबिक, साल 2023 में निखिल गुप्ता ने कुछ लोगों से संपर्क किया था. ये लोग पन्नू की हत्या की योजना बनाने में शामिल बताए गए. इस मामले में विकास यादव भी सह-आरोपी है. अमेरिकी अभियोजकों का आरोप है कि विकास यादव ने गुप्ता को एक ऐसे व्यक्ति से संपर्क करने को कहा था, जो हत्या के लिए शूटर का इंतजाम कर सके.

गुप्ता ने जिस व्यक्ति से संपर्क किया, वह कोई अपराधी नहीं था. वह अमेरिकी ड्रग एन्फोर्समेंट एडमिनिस्ट्रेशन (DEA) का गोपनीय सूत्र था. DEA अमेरिका में नशीले पदार्थों से जुड़े अपराधों की जांच करती है.

यह भी पढ़ें: निखिल गुप्ता की कहानी तो धुंध में है, लेकिन जब दुनिया में धराए CIA एजेंट...

अमेरिकी जांच में हत्या के लिए 1 लाख डॉलर देने की बात सामने आई. अभियोजन पक्ष ने कहा कि यह रकम विकास यादव की तरफ से दी जानी थी. 9 जून 2023 के आसपास एक सहयोगी ने अंडरकवर अधिकारी को 15 हजार डॉलर नकद दिए थे. यह रकम हत्या के लिए एडवांस के तौर पर दी गई थी.

जिस व्यक्ति को गुप्ता शूटर का इंतजाम करने वाला समझ रहा था, वह अमेरिकी जांच एजेंसियों के साथ काम कर रहा था. इसलिए एजेंसियां पूरी बातचीत और लेनदेन पर नजर रख सकीं. बाद में इसी जांच के आधार पर गुप्ता को गिरफ्तार किया गया. उसने बाद में तीनों आरोप स्वीकार कर लिए.

सजा सुनाए जाने से पहले गुप्ता ने कोर्ट को एक निजी चिट्ठी दी थी. इसमें उसने अपने किए पर पछतावा जताया. उसने लिखा कि काश मैं समय में पीछे जाकर 2023 में अपनी गलतियां सुधार पाता.

उसने आगे लिखा कि मैं खुद को उस इंसान के रूप में पहचान भी नहीं पाता, जो मैं बन गया था. गुप्ता ने बताया कि 2023 की शुरुआत में वह अपने परिवार से दूर होता जा रहा था. वह लगभग हर रात ज्यादा शराब पीने लगा था. उसने अपने परिवार और आसपास के लोगों को हुई तकलीफ पर भी अफसोस जताया.

गुप्ता ने यह भी कहा कि उसकी वजह से किसी की जान नहीं गई और न ही कोई घायल हुआ. उसने लिखा कि उसे इस बात का बहुत शुक्र है. अगर किसी की जान जाती या कोई घायल होता, तो यह उसकी जिंदगी का सबसे बड़ा पछतावा होता.

सुनवाई के दौरान गुरपतवंत सिंह पन्नू ने भी कोर्ट में अपनी बात रखी. उसने कहा कि जान को खतरे की साजिश सामने आने के बाद से वह 1,200 दिनों से ज्यादा समय तक अपनी नियमित कानूनी प्रैक्टिस नहीं कर पाया. सुनवाई से पहले पन्नू के कुछ समर्थक कोर्ट के बाहर भी जमा हुए थे. उनके हाथों में गुप्ता और इस मामले से जुड़े दूसरे लोगों के पुतले थे.

पन्नू अमेरिकी और कनाडाई नागरिक है. वह खालिस्तान समर्थक संगठन से जुड़ा है और भारत में आतंकी घोषित है. अमेरिकी अभियोजकों ने आरोप लगाया था कि इस साजिश में भारत सरकार से जुड़े लोग भी शामिल थे. इस आरोप ने भारत और अमेरिका के रिश्तों को लेकर भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चर्चा छेड़ दी थी.  

Original Source
https://www.aajtak.in/world/story/nikhil-gupta-sentenced-19-years-us-jail-pannun-murder-plot-ntc-aktw-rptc-2701806-2026-11-20?utm_source=rss
Visit India Today ↗
SHARE STORY:
𝕏 f in

Related Coverage in World