'हनुमान जी के सामने हाथ जोड़कर बैठे अखिलेश; लिखा- विजय भव: 2027’...सपा कार्यालय के बाहर दिखा नया पोस्टर
उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज होने के बीच लखनऊ में समाजवादी पार्टी कार्यालय के बाहर लगा एक पोस्टर चर्चा में है. पोस्टर में सपा प्रमुख अखिलेश यादव को भगवान हनुमान के सामने हाथ जोड़कर बैठे हुए दिखाया गया है. पोस्टर पर बड़े अक्षरों में ‘विजय भव: 2027’ लिखा हुआ है.
पोस्टर की तस्वीर सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर इसकी चर्चा शुरू हो गई है. पोस्टर में भगवान हनुमान को आशीर्वाद की मुद्रा में दिखाया गया है, जबकि उनके सामने अखिलेश यादव हाथ जोड़े बैठे नजर आ रहे हैं. इसके साथ ही ‘विजय भव: 2027’ का संदेश लिखा गया है.
उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर राजनीतिक दलों की तैयारियां लगातार सामने आ रही हैं. समाजवादी पार्टी की ओर से भी चुनावी तैयारियों से जुड़े कई संदेश और अभियान दिखाई दे रहे हैं. हाल ही में सपा कार्यालय के बाहर युवाओं से सुझाव लेने के लिए QR कोड वाला पोस्टर भी लगाया गया था. इसमें युवाओं से 2027 के लिए उनकी अपेक्षाएं और प्राथमिकताएं बताने को कहा गया था. इसके अलावा सपा का PDA यात्रा रथ भी पार्टी कार्यालय पहुंच चुका है. इस रथ का इस्तेमाल 2027 विधानसभा चुनाव के दौरान प्रचार के लिए किए जाने की तैयारी है. रथ पर PDA को सामाजिक आंदोलन और सामाजिक न्याय के संघर्ष से जोड़ने वाले संदेश लगाए गए हैं.
#WATCH | Uttar Pradesh: A poster depicting Lord Hanuman blessing Samajwadi Party chief Akhilesh Yadav, who is sitting before Him with folded hands, seen outside the party office in Lucknow. The words "विजय भव: 2027" May you be victorious 2027) also seen on the poster. pic.twitter.com/TiD4wEXUfZ
कुछ महीने पहले अखिलेश यादव के जन्मदिन के अवसर पर वाराणसी में समाजवादी युवजन सभा की ओर से जारी किए गए पोस्टर में अखिलेश यादव को भगवान श्रीकृष्ण के स्वरूप में संविधान की प्रति हाथ में लिए हुए दिखाया गया था. समाजवादी युवजन सभा के प्रदेश महासचिव अजय फौजी ने कहा था कि इस पोस्टर का उद्देश्य अखिलेश यादव की संविधान और न्याय के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाना है. अजय फौजी ने कहा था कि भगवान श्रीकृष्ण ने हमेशा धर्म और न्याय का मार्ग दिखाया था. उसी तरह अखिलेश यादव भी संविधान की रक्षा और न्याय की आवाज उठाने का काम कर रहे हैं.
उन्होंने यह भी कहा कि हिंदू मान्यताओं के अनुसार भगवान कल्कि, भगवान विष्णु के अवतार माने जाते हैं और पोस्टर के माध्यम से यह संदेश देने की कोशिश की गई है कि अखिलेश यादव देश और समाज के हित में श्रीकृष्ण द्वारा दिखाए गए मार्ग पर चल रहे हैं. फौजी ने हाल ही में अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी के मुद्दे का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि यदि अखिलेश यादव राम मंदिर के चढ़ावे को लेकर आवाज उठा रहे हैं तो वह सभी मंदिरों और समाज के हर वर्ग के हितों की भी चिंता करते हैं. हवन का उद्देश्य भी समाज में न्याय, धर्म और सद्भाव की स्थापना की प्रार्थना करना था.


