टूटी 24 साल की शादी, लोगों ने लगाया लांछन, एक्टर बोला- दुख का मजाक मत बनाओ
आशीष विद्यार्थी टेलीविजन-बॉलीवुड के जाने-माने एक्टर हैं. अब वो एक्टर से व्लॉगर बन चुके हैं और अपनी हर बात खुलकर कहना जानते हैं.
एक्टर की निजी जिंदगी की बात करें, तो उन्होंने दो शादियां की हैं. आशीष की पहली शादी अभिनेत्री राजोशी उर्फ पीलू विद्यार्थी से हुई थी. दोनों एक बेटे के पेरेंट भी हैं. राजोशी से तलाक के बाद एक्टर ने असम की फैशन एंटरप्रेन्योर रुपाली बरुआ से दूसरी शादी की.
तलाक के बाद आशीष विद्यार्थी को दूसरी शादी करने के लिए काफी ट्रोल किया गया. अब उन्होंने तलाक और दूसरी शादी पर खुलकर बात की है.
शुभांकर मिश्रा के पॉडकास्ट पर आशीष ने कहा कि जब मेरी 24 साल की शादी टूटी, तो लोगों ने क्या क्या बातें कीं. ये मेरे लिए बहुत दर्दनाक पीरियड था. मैं उस वक्त 55 साल का था. उस पीरियड में आप खुद को हारा हुआ महसूस कर रहे हैं.
एक्टर ने कहा कि आप किसी चीज में अपना सबकुछ इंवेस्ट किया था. अब वो नहीं रही. उस वक्त जिस तरह की बातें की गईं. मुझे पता है कि मैंने इससे कैसे डील किया. क्योंकि जब लोग लांछन लगाते हैं, उन्हें कुछ पता नहीं होता कि वो क्या बात कर रहे हैं.
'ऐसे वक्त पर लोग फुसफुसाकर बातें करते हैं. भीड़ जमा हो जाती है. इस वक्त बहुत सारे लोग मुझसे मैसेज के जरिए बात कर रहे थे. एक तो लोग लांछन लगाते हैं. फिर वो जज करते हैं कि आपका भविष्य कैसा होगा.'
आशीष ने कहा कि मैंने जब फैसला किया कि मैं शादी करना चाहता हूं, तो मेरे करीबी लोगों ने कहा कि अब शादी की क्या जरूरत है. आप लिवइन में क्यों नहीं रहते. तुम्हारा काम है बैठना और अपने बेटे को बड़ा होता देखना.
वो कहते हैं कि इसके बाद मुझे लोगों को बताना पड़ा कि मेरा इस्तीफा मत लिखना. मैं टूटा, लेकिन मेरे पास हक है कि मैं टूटे हुए हिस्सों को जोड़कर फिर संवार सकूं. हम सब टूट सकते हैं. लेकिन किसी के टूटने का मजाक मत बनाओ. किसी का परिवार टूटा है उस पर जजमेंट मत बनाओ. मेरा मानना है कि आप किसी भी उम्र में हों. आपको खुश रहने का हक है. इतना कहकर उन्होंने बता दिया कि उन्हें समाज की जजमेंट से फर्क नहीं पड़ता है.


