सपा के 34 साल... बीजेपी ने साधा निशाना, कहा- गुंडाराज और माफियाराज से जुड़ा रहा इतिहास
समाजवादी पार्टी के 34 साल पूरे होने पर बीजेपी ने उसके सियासी सफर के पुराने पन्ने पलटे हैं. पार्टी ने चार पेज का एक ब्रोशर जारी किया है, जिसमें सपा के 34 साल के इतिहास से जुड़े 34 मामलों का जिक्र है. बीजेपी ने इन मामलों के जरिए सपा पर गुंडाराज, माफियाराज, भ्रष्टाचार और परिवारवाद को बढ़ावा देने का आरोप लगाया है. इस मुद्दे पर बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी रविवार को लखनऊ में प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे. इस दौरान वे ब्रोशर में शामिल सभी 34 बिंदुओं पर विस्तार से अपनी बात रखेंगे.
ब्रोशर में 1994 के रामपुर तिराहा कांड से लेकर दलित लेखक कंवल भारती की गिरफ्तारी तक के मामले शामिल हैं. बीजेपी ने कानून-व्यवस्था, महिलाओं की सुरक्षा, सरकारी भर्तियों और दलित-पिछड़े वर्गों से जुड़े मुद्दों को भी उठाया है. पार्टी इन मामलों के जरिए सपा के शासनकाल पर सवाल खड़े कर रही है.

