मदुरै से बेंगलुरु तक 400 किमी का सफर, फिर पत्नी पर जानलेवा हमला कर फेंका तेजाब, आरोपी गिरफ्तार

Direct Source Verification: This story is aggregated from India Today (indiatoday.in). Full reporting rights and copyright belong to the primary publisher.
बेंगलुरु में एक महिला पर उसके पति ने जानलेवा हमला कर दिया. पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने अपनी अलग रह रही पत्नी को निशाना बनाने के लिए मदुरै से बेंगलुरु तक रातभर 400 किलोमीटर से ज्यादा का सफर तय किया. इसके बाद उसने जेपी नगर में एक प्राइवेट क्लिनिक के पास अपनी पत्नी पर धारदार हथियार स...

बेंगलुरु में एक महिला पर उसके पति ने जानलेवा हमला कर दिया. पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने अपनी अलग रह रही पत्नी को निशाना बनाने के लिए मदुरै से बेंगलुरु तक रातभर 400 किलोमीटर से ज्यादा का सफर तय किया. इसके बाद उसने जेपी नगर में एक प्राइवेट क्लिनिक के पास अपनी पत्नी पर धारदार हथियार से कई बार हमला किया. और फिर महिला पर तेजाब जैसा कोई तरल पदार्थ फेंक दिया.

यह घटना गुरुवार सुबह करीब 9:15 बजे बेंगलुरु के जेपी नगर थर्ड फेज इलाके में हुई. पुलिस के अनुसार, 26 वर्षीय महिला एक प्राइवेट क्लिनिक में नर्स के तौर पर काम करती है और पश्चिम बंगाल की रहने वाली बताई जा रही है. सुबह वह क्लिनिक से नाश्ता लेने के लिए बाहर निकली थी. इसी दौरान आरोपी ने उसका पीछा किया और बेसमेंट के एंट्री गेट के पास उस पर हमला कर दिया.

पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने महिला पर धारदार हथियार से कई वार किए. हमले के दौरान उसके पास दो हथियार होने की बात सामने आई है. इसके अलावा महिला पर एक ऐसा तरल पदार्थ भी फेंका गया, जो देखने में तेजाब जैसा लग रहा था. घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई और कुछ लोगों ने अपने मोबाइल फोन से घटना का वीडियो भी बनाया.

घटना का एक कथित वीडियो भी सामने आया है, जिसमें हेलमेट पहना एक व्यक्ति महिला पर किसी धारदार हथियार से लगातार हमला करता दिखाई दे रहा है. पुलिस का कहना है कि शुरुआत में आसपास मौजूद लोग आरोपी के पास जाने से हिचकिचा रहे थे, क्योंकि उन्हें आशंका थी कि वह उन पर भी हमला कर सकता है. हालांकि, कुछ लोगों ने बाद में हस्तक्षेप करने की कोशिश की.

घटना के समय पास में तैनात ट्रैफिक पुलिसकर्मियों ने हंगामा देखा और मौके पर पहुंच गए. पुलिसकर्मियों ने आरोपी को हिरासत में ले लिया. डीसीपी बेंगलुरु साउथ के. वामसी कृष्णा के मुताबिक, आरोपी ने महिला पर दो हथियारों से हमला किया था. घटनास्थल से तेजाब जैसे तरल पदार्थ के नमूने भी बरामद किए गए हैं, जिन्हें जांच के लिए भेजा गया है.

डीसीपी के अनुसार, पुलिस अभी यह पता लगा रही है कि बरामद तरल वास्तव में तेजाब है या कोई दूसरा रसायन. इसकी जांच की जा रही है कि यह औद्योगिक इस्तेमाल का पदार्थ है या घरेलू इस्तेमाल का. सीन ऑफ क्राइम ऑफिसर्स यानी SOCO की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर नमूने जुटाए हैं. रिपोर्ट मिलने के बाद मामले की जांच को आगे बढ़ाया जाएगा.

प्रारंभिक जांच में पुलिस को पता चला है कि आरोपी बुधवार को मदुरै से दोपहिया वाहन पर बेंगलुरु के लिए निकला था. पुलिस के मुताबिक, उसने रातभर सफर किया और 400 किलोमीटर से ज्यादा की दूरी तय करने के बाद बेंगलुरु पहुंचा. उसके पास चाकू, धारदार हथियार और संदिग्ध तेजाब जैसा तरल पदार्थ होने की बात भी सामने आई है. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि उसने हमले की योजना पहले से बनाई थी या नहीं.

पुलिस के अनुसार, आरोपी और महिला की शादी साल 2024 में तमिलनाडु के मदुरै में हुई थी. दोनों के बीच वैवाहिक विवाद चल रहा था और वे कुछ समय से अलग-अलग रह रहे थे. महिला बेंगलुरु में एक PG में रहकर नर्स की नौकरी कर रही थी. वहीं, आरोपी पति चेन्नई की एक ऑयल एंड गैस कंपनी में काम करता था.

हमले के बाद महिला को तत्काल अस्पताल ले जाया गया. पुलिस के मुताबिक, उसकी हालत गंभीर बनी हुई है और उसका इलाज अस्पताल के ICU में चल रहा है. महिला को धारदार हथियार से कई चोटें आई हैं और संदिग्ध तरल पदार्थ के कारण भी उसे गंभीर नुकसान होने की आशंका है. फिलहाल डॉक्टर उसकी हालत पर नजर बनाए हुए हैं.

बेंगलुरु साउथ पुलिस ने बताया कि महिला की स्थिति अभी गंभीर है और घटनास्थल से मिले संदिग्ध तरल पदार्थ की जांच कराई जा रही है. पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. जांच में हमले की वजह, इस्तेमाल किए गए पदार्थ की वास्तविक प्रकृति और आरोपी के बेंगलुरु आने की पूरी योजना समेत अन्य पहलुओं को खंगाला जा रहा है.

पुलिस की प्रारंभिक जांच में इस हमले के पीछे वैवाहिक विवाद होने की आशंका जताई गई है. हालांकि, पुलिस ने अभी हमले की अंतिम वजह की पुष्टि नहीं की है. अधिकारियों के मुताबिक, पति-पत्नी साथ नहीं रह रहे थे और दोनों के बीच मतभेद थे. जांच के दौरान पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले से जुड़े अन्य सबूत जुटाए जा रहे हैं. पुलिस ने मौके से नमूने और अन्य साक्ष्य जुटाए हैं. 

ट्रैफिक सब-इंस्पेक्टर और उनकी टीम द्वारा आरोपी को पकड़ने की कार्रवाई की भी अधिकारियों ने सराहना की है. फिलहाल, आरोपी पुलिस हिरासत में है और पूरे घटनाक्रम की जांच जारी है.

Original Source
https://www.aajtak.in/crime/news/story/bengaluru-jp-nagar-wife-acid-attack-madurai-husband-crime-pvzs-dskc-2646352-2026-09-18?utm_source=rss
Visit India Today ↗
SHARE STORY:
𝕏 f in

Related Coverage in World