50 रुपये की रिश्वत लेते कैमरे में कैद पुलिसकर्मी, डायल 112 के 2 जवान समेत 3 पर FIR
बिहार के कटिहार में 50 रुपये की रिश्वत लेते पुलिसकर्मियों का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस विभाग ने अपने ही जवानों पर कार्रवाई की है. मामला कदवा थाना क्षेत्र का है, जहां डायल 112 की गाड़ी में तैनात पुलिसकर्मियों पर पशु लदे पिकअप को रोककर अवैध रकम मांगने का आरोप लगा है. वीडियो में 50 रुपये का नोट लेते हुए भी पुलिसकर्मी दिखाई दे रहे हैं.
वायरल वीडियो करीब 2 मिनट 44 सेकेंड का है. इसमें एक पिकअप यानी मिनी ट्रक पर एक गाय, उसका बच्चा और एक बकरी लदी दिखाई दे रही है. पिकअप में सवार एक व्यक्ति पूरी घटना का वीडियो बनाते हुए पुलिसकर्मियों पर अवैध वसूली का आरोप लगाता सुनाई देता है. युवक के मुताबिक, घटना कुम्हरी नाम की जगह के पास की है.
वीडियो बनाने वाले युवक ने बताया कि गाय उसकी बहन की शादी में दहेज के तौर पर देने के लिए ले जाई जा रही थी. उसके मुताबिक, इसका पशु तस्करी से कोई संबंध नहीं था. आरोप है कि हाईवे पर गश्त के दौरान कदवा थाना की डायल 112 गाड़ी ने पिकअप को रोका और उसमें तैनात पुलिसकर्मी ने गाय ले जाने के एवज में रकम की मांग की.
आरोप है कि बातचीत के बाद पिकअप में सवार अन्य लोगों से ड्राइवर ने 50 रुपये का नोट लिया और पुलिसकर्मी को दे दिया. वीडियो में संबंधित पुलिसकर्मी को यह रकम लेते हुए देखा जा सकता है. इसके बाद पिकअप सवार व्यक्ति ने पूरी घटना को सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया. वीडियो तेजी से फैलने के बाद कटिहार पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया.
कटिहार के SP परिचय कुमार के निर्देश पर वायरल वीडियो की जांच की जिम्मेदारी ट्रैफिक DSP सद्दाम हुसैन को दी गई. जांच के दौरान वीडियो में लगाए गए आरोपों की पड़ताल की गई. जांच के बाद मामला सही पाया गया, जिसके आधार पर डायल 112 की ड्यूटी में तैनात दो पुलिसकर्मियों और चालक के खिलाफ कार्रवाई की गई.
पुलिस के मुताबिक, तीनों के खिलाफ कदवा थाने में FIR दर्ज की गई है और उन्हें निलंबित कर दिया गया है. कार्रवाई की जद में PTC/1463 टिंकू कुमार, सिपाही/431 अभिमन्यु कुमार और चालक अर्जुन यादव शामिल हैं. तीनों को कटिहार जिले से AWPO Danapur, HQ Jharkhand & Bihar वापस भेज दिया गया है.
ट्रैफिक DSP सद्दाम हुसैन ने बताया कि 29 सितंबर को वायरल हुए वीडियो में कदवा थाना के एक PTC, एक सिपाही और चालक द्वारा पशु लदे वाहन से अवैध रूप से रकम मांगने की बात सामने आई थी. जांच के बाद आरोप सही पाए गए, जिसके आधार पर तीनों कर्मियों को निलंबित किया गया और उनके खिलाफ FIR दर्ज की गई.
DSP के मुताबिक, तीनों के खिलाफ आगे विभागीय कार्रवाई भी हो सकती है. पुलिस अब इस मामले में दर्ज FIR और विभागीय कार्रवाई की प्रक्रिया के तहत आगे की जांच कर रही है. वायरल वीडियो के बाद हुई कार्रवाई ने ड्यूटी के दौरान अवैध वसूली के आरोपों को लेकर पुलिसकर्मियों की भूमिका पर सवाल खड़े किए हैं.


