छठ पर घर जाने की टेंशन खत्म! दिल्ली-बिहार के बीच 77 बसें शुरू, किराया भी सस्ता

Direct Source Verification: This story is aggregated from India Today (indiatoday.in). Full reporting rights and copyright belong to the primary publisher.
छठ का त्योहार आते ही दिल्ली में रहने वाले बिहार और पूर्वांचल के लोगों को घर जाने की चिंता सताने लगती है. ट्रेन में टिकट मिलना आसान नहीं होता, वहीं बस का किराया भी जेब पर भारी पड़ सकता है. ऐसे यात्रियों को राहत देने के लिए दिल्ली और बिहार सरकार ने 77 अंतरराज्यीय बसें शुरू की हैं. ...

छठ का त्योहार आते ही दिल्ली में रहने वाले बिहार और पूर्वांचल के लोगों को घर जाने की चिंता सताने लगती है. ट्रेन में टिकट मिलना आसान नहीं होता, वहीं बस का किराया भी जेब पर भारी पड़ सकता है. ऐसे यात्रियों को राहत देने के लिए दिल्ली और बिहार सरकार ने 77 अंतरराज्यीय बसें शुरू की हैं. इन बसों में सफर करने पर यात्रियों को 134 रुपये से लेकर 1,028 रुपये तक की छूट मिलेगी. बसें दिल्ली के आनंद विहार बस टर्मिनल से बिहार के पांच मंडलों के लिए चलेंगी.

दिल्ली सरकार के परिवहन मंत्री पंकज सिंह ने गुरुवार को इसकी जानकारी दी. उन्होंने बताया कि छठ के दौरान घर जाने वाले लोगों को सुरक्षित और कम किराये में सफर कराने के लिए दोनों राज्यों ने मिलकर यह व्यवस्था शुरू की है. इसके लिए दिल्ली और बिहार सरकार के बीच समझौता भी हुआ है.

शुरुआती व्यवस्था के तहत आनंद विहार बस टर्मिनल से कुल 77 बसें चलाई गई हैं. इनका संचालन बिहार के पांच मंडलों के लिए होगा. सबसे ज्यादा 36 बसें मुजफ्फरपुर के लिए रखी गई हैं. इसके अलावा पटना के लिए 13, पूर्णिया के लिए 12, गया जी के लिए 10 और दरभंगा के लिए 6 बसें चलेंगी. इस तरह यात्रियों को बिहार के अलग-अलग इलाकों तक पहुंचने के लिए बसों का विकल्प मिलेगा. यह सुविधा खास तौर पर उन लोगों के लिए है जो छठ मनाने अपने घर जाना चाहते हैं.

इन बसों में यात्रियों को सिर्फ एक तरह की सीट का विकल्प नहीं मिलेगा. बसों में एसी और नॉन-एसी के साथ स्लीपर और सीटर की सुविधा भी होगी. यानी यात्री अपनी जरूरत और बजट के हिसाब से बस चुन सकेंगे.

दिल्ली के परिवहन मंत्री के मुताबिक, चारों तरह की बसों के किराये में छूट दी जा रही है. रूट और बस की श्रेणी के हिसाब से यात्रियों को 134 रुपये से लेकर 1,028 रुपये तक की बचत होगी. इससे त्योहार के समय घर जाने वाले लोगों को किराये के मामले में राहत मिलेगी.

दोनों सरकारों के बीच हुए समझौते में बसों की सुरक्षा को लेकर भी कुछ शर्तें रखी गई हैं. इस सेवा में केवल BS-VI मानक वाली पर्यावरण के अनुकूल CNG बसों और इलेक्ट्रिक बसों को ही चलाने की अनुमति होगी. बसों में वाहन की लोकेशन पता करने वाला ट्रैकिंग सिस्टम और इमरजेंसी बटन लगाना भी जरूरी होगा. इसके अलावा, दिल्ली और बिहार में जारी किए गए टिकटों को दोनों राज्यों में मान्यता मिलेगी. यानी टिकट को लेकर दोनों तरफ एक जैसी व्यवस्था रहेगी.

दिल्ली और बिहार सरकार के बीच हुआ यह समझौता कानूनी नियमों के अधीन 10 साल तक लागू रहेगा. इस पहल से त्योहार के दौरान यात्रियों की भीड़ संभालने में मदद मिलेगी. साथ ही, दिल्ली परिवहन निगम (DTC) की कमाई बढ़ने की भी उम्मीद है.

इस व्यवस्था का मकसद छठ के दौरान दिल्ली में रहने वाले बिहार और पूर्वांचल के लोगों को घर पहुंचने के लिए सस्ता और सुविधाजनक सफर उपलब्ध कराना है.

Original Source
https://www.aajtak.in/india/delhi/story/delhi-bihar-governments-start-77-special-buses-for-chhath-puja-ntc-dhj-dskc-2695129-2026-11-13?utm_source=rss
Visit India Today ↗
SHARE STORY:
𝕏 f in

Related Coverage in World