8 घंटे तक विमान उड़ाता रहा पायलट, आसमान में बना दी GTA 6 की विशाल तस्वीर

Direct Source Verification: This story is aggregated from India Today (indiatoday.in). Full reporting rights and copyright belong to the primary publisher.
वीडियो गेम खेलने के शौकीन लोग अपने पसंदीदा गेम के लिए किस हद तक जा सकते हैं, इसका एक दिलचस्प उदाहरण अमेरिका में देखने को मिला है. यहां एक पायलट ने मशहूर वीडियो गेम GTA 6 के लिए ऐसा कारनामा किया, जिसे देखकर लोग हैरान रह गए. उसने अपने छोटे विमान को करीब 8 घंटे तक आसमान में उड़ाया औ...

वीडियो गेम खेलने के शौकीन लोग अपने पसंदीदा गेम के लिए किस हद तक जा सकते हैं, इसका एक दिलचस्प उदाहरण अमेरिका में देखने को मिला है. यहां एक पायलट ने मशहूर वीडियो गेम GTA 6 के लिए ऐसा कारनामा किया, जिसे देखकर लोग हैरान रह गए. उसने अपने छोटे विमान को करीब 8 घंटे तक आसमान में उड़ाया और इस दौरान ऐसी उड़ान भरी कि फ्लाइट ट्रैकिंग मैप पर GTA 6 की एक विशाल तस्वीर बन गई. खास बात यह है कि पायलट ने आसमान में कोई रंग या पेंट इस्तेमाल नहीं किया. उसने विमान को अलग-अलग दिशाओं में उड़ाकर एक खास रास्ता बनाया. जब इस पूरे रास्ते को फ्लाइट ट्रैकिंग ऐप पर देखा गया तो वह GTA 6 की तस्वीर जैसा दिखाई देने लगा.

इस अमेरिकी पायलट का नाम बेंजामिन मैकडैनियल (Benjamin McDaniel) है. वह सोशल मीडिया पर 'द पायलट पिकासो' (The Pilot Picasso) नाम से मशहूर हैं. उन्हें विमान उड़ाने के साथ-साथ आसमान में तस्वीरें बनाने का भी शौक है. वह अपने विमान को एक तय रास्ते पर उड़ाते हैं. विमान जिस रास्ते से गुजरता है, फ्लाइट ट्रैकिंग प्लेटफॉर्म पर उसकी एक लाइन बनती जाती है. इन लाइनों को जोड़कर देखने पर कोई तस्वीर, आकृति या शब्द दिखाई देने लगता है. इस बार बेंजामिन ने अपने पसंदीदा वीडियो गेम GTA 6 को चुना. इसके लिए उन्होंने पहले से एक खास फ्लाइट रूट तैयार किया और फिर उसी के हिसाब से विमान उड़ाया.

8 घंटे 8 मिनट तक आसमान में उड़ाया विमान बेंजामिन ने इस तस्वीर को बनाने के लिए सेसना स्काईलेन RG (Cessna Skylane RG) विमान का इस्तेमाल किया. उन्होंने अमेरिका के अर्कांसस राज्य के बेंटनविल एयरस्ट्रिप से उड़ान भरी. वह सुबह करीब 11 बजकर 29 मिनट पर विमान लेकर निकले और शाम करीब 7 बजकर 37 मिनट पर वापस उसी एयरपोर्ट पर लौटे. इस तरह उनकी पूरी उड़ान 8 घंटे 8 मिनट तक चली. इस दौरान उन्होंने विमान को कई बार अलग-अलग दिशाओं में मोड़ा. हर मोड़ और हर रास्ते को इस तरह तय किया गया था कि फ्लाइट ट्रैकिंग मैप पर GTA 6 की तस्वीर बन सके.

तस्वीर में बना GTA 6 का लोगो, हेलीकॉप्टर और मगरमच्छ बेंजामिन ने सिर्फ GTA 6 का नाम ही नहीं लिखा, बल्कि गेम से जुड़ी कई चीजें भी अपनी तस्वीर में शामिल कीं. उनकी बनाई तस्वीर में GTA 6 का बड़ा लोगो दिखाई देता है. इसके अलावा एक हेलिकॉप्टर, मगरमच्छ, खजूर जैसे लंबे ताड़ के पेड़, स्पोर्ट्स कार और बिकिनी पहने एक महिला की आकृति भी बनाई गई है. ये सभी चीजें गेम की दुनिया और उसकी कहानी से जुड़ी हैं. GTA 6 की कहानी काल्पनिक जगह वाइस सिटी में दिखाई जाएगी, जो अमेरिका के फ्लोरिडा और खासकर मियामी शहर से प्रेरित है. इसी वजह से तस्वीर में फ्लोरिडा से जुड़ी चीजें भी शामिल की गई हैं.

जमीन से नहीं, मोबाइल पर दिखाई देती है यह तस्वीर इस पूरे कारनामे की सबसे दिलचस्प बात यह है कि आसमान में बनाई गई यह तस्वीर जमीन से देखने पर नजर नहीं आती. दरअसल, विमान के उड़ने से आसमान में कोई स्थायी निशान नहीं बनता. यह तस्वीर फ्लाइट ट्रैकिंग प्लेटफॉर्म फ्लाइट ट्रेडर 24 पर विमान के रास्ते को देखकर दिखाई देती है. इस प्लेटफॉर्म पर विमान की लोकेशन और उसके उड़ने का रास्ता रिकॉर्ड होता रहता है. जब बेंजामिन के पूरे फ्लाइट रूट को एक साथ देखा गया तो उससे GTA 6 की विशाल तस्वीर बन गई. इस तरह उन्होंने अपने विमान को ही पेंटिंग बनाने का जरिया बना लिया.

पायलट ने कहा- 11 साल से कर रहा था इंतजार बेंजामिन ने अपने इस कारनामे का वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया. इसके साथ उन्होंने लिखा कि GTA 6 को आसमान में बनाने में उन्हें 8 घंटे लगे, लेकिन असल में वह इस पल का 11 साल से इंतजार कर रहे थे. उनकी इस बात से अंदाजा लगाया जा सकता है कि वह इस गेम को लेकर कितने उत्साहित हैं. उनका यह प्रोजेक्ट सामने आने के बाद गेम खेलने वाले लोगों और विमान उड़ाने के शौकीनों ने खूब तारीफ की. एक यूजर ने लिखा कि तस्वीर बनाने में 8 घंटे लगे होंगे तो इसकी प्लानिंग में भी काफी समय लगा होगा. वहीं, एक दूसरे यूजर ने कहा कि उनके बच्चों को भी यह कारनामा बहुत शानदार लगा. एक अन्य यूजर ने मजाक में कहा कि इस पायलट को भी GTA 6 गेम में जगह मिलनी चाहिए.

पहले भी आसमान में बना चुके हैं कई तस्वीरें बेंजामिन पहली बार इस तरह का कारनामा नहीं कर रहे हैं. इससे पहले भी वह अपने विमान के रास्ते से कई मशहूर तस्वीरें बना चुके हैं. उनके पुराने प्रोजेक्ट में मशहूर पेंटिंग मोनालिसा और एडवर्ड मुंक की पेंटिंग 'द स्क्रीम' भी शामिल हैं. इसके अलावा वह स्पाइडर-मैन जैसे लोकप्रिय किरदारों से जुड़ी आकृतियां भी बना चुके हैं. बता दें कि GTA 6 वीडियो गेम 19 नवंबर 2026 को प्लेस्टेशन 5 और एक्सबॉक्स सीरिज X|S के लिए रिलीज होने वाला है. ऐसे में गेम के रिलीज होने से पहले बेंजामिन का यह अनोखा कारनामा दुनियाभर के गेमिंग फैंस के बीच चर्चा का विषय बन गया है.

Original Source
https://www.aajtak.in/trending/story/us-pilot-creates-giant-gta-6-mural-in-sky-after-8-hour-flight-rttw-dskc-2690395-2026-11-07?utm_source=rss
Visit India Today ↗
SHARE STORY:
𝕏 f in

Related Coverage in World