गिरकर संभला शेयर बाजार... सेंसेक्स 83000, Nifty 25,500 के पार, IT शेयरों ने संभाला मोर्चा

Direct Source Verification: This story is aggregated from India Today (indiatoday.in). Full reporting rights and copyright belong to the primary publisher.
शेयर बाजार में 20 नवंबर को कारोबार की शुरुआत भले ही कमजोरी के साथ हुई, लेकिन कुछ ही देर में तस्वीर बदल गई. आईटी शेयरों में खरीदारी के दम पर सेंसेक्स (Sensex) और निफ्टी (Nifty) दिन के निचले स्तर से शानदार रिकवरी करते हुए हरे निशान में पहुंच गए. सेंसेक्स अपने निचले स्तर से करीब 250...

शेयर बाजार में 20 नवंबर को कारोबार की शुरुआत भले ही कमजोरी के साथ हुई, लेकिन कुछ ही देर में तस्वीर बदल गई. आईटी शेयरों में खरीदारी के दम पर सेंसेक्स (Sensex) और निफ्टी (Nifty) दिन के निचले स्तर से शानदार रिकवरी करते हुए हरे निशान में पहुंच गए. सेंसेक्स अपने निचले स्तर से करीब 250 अंक चढ़ा, जबकि निफ्टी ने 25,500 का अहम स्तर दोबारा हासिल कर लिया. विदेशी बाजारों में भारी गिरावट के बावजूद घरेलू बाजार में खरीदारी देखने को मिली.

सुबह 11:02 बजे सेंसेक्स 131.12 अंक यानी 0.16 फीसदी की बढ़त के साथ 83,152.87 पर कारोबार कर रहा था. वहीं, निफ्टी 30 अंक यानी 0.12 फीसदी चढ़कर 25,544.30 पर पहुंच गया. इस दौरान बाजार में 1,318 शेयरों में तेजी थी, जबकि 2,291 शेयर गिरावट में कारोबार कर रहे थे। 195 शेयरों में कोई बदलाव नहीं हुआ.

बाजार की रिकवरी में आईटी शेयरों की खरीदारी की अहम भूमिका रही. निफ्टी आईटी इंडेक्स करीब 2.3 फीसदी ऊपर कारोबार कर रहा था. टेक महिंद्रा, इन्फोसिस, HCL टेक और TCS के शेयरों में 1 से 1.7 फीसदी तक की तेजी आई. ये शेयर Nifty के टॉप गेनर्स में शामिल रहे. यह तेजी ऐसे समय आई, जब दुनिया के कई बड़े बाजारों में भारी बिकवाली देखने को मिली. जापान का निक्केई 4.1 फीसदी और दक्षिण कोरिया का कोस्पी 4.7 फीसदी गिर गया. अमेरिका में भी पिछले कारोबारी सत्र में टेक शेयरों की अगुवाई में बाजार टूटे थे. नैस्डैक कंपोजिट और डाउ जोन्स इंडस्ट्रियल एवरेज दोनों 2 फीसदी से ज्यादा गिरकर बंद हुए.

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से जुड़ी कंपनियों के शेयरों में बिकवाली का असर दुनियाभर के बाजारों पर दिख रहा है. एंथ्रोपिक की शेयर बाजार में शुरुआत भी निवेशकों का भरोसा दोबारा मजबूत नहीं कर सकी. सुरक्षित निवेश की मांग बढ़ने से अमेरिकी डॉलर में भी तेजी आई. अमेरिका में नैस्डैक कंपोजिट पिछले सत्र में 2.25 फीसदी गिरा. चिप बनाने वाली कंपनी Nvidia के शेयर करीब 4 फीसदी और Micron Technology के शेयर 2 फीसदी से ज्यादा नीचे रहे.

Microsoft के शेयरों में करीब 9 फीसदी और Meta Platforms में 20 फीसदी से ज्यादा की गिरावट दर्ज की गई. बाजार में डर का संकेत देने वाला Cboe Volatility Index (VIX) भी मार्च के बाद के सबसे ऊंचे स्तर, करीब 29 तक पहुंच गया. Geojit Investments के चीफ इन्वेस्टमेंट स्ट्रैटेजिस्ट वीके विजयकुमार के मुताबिक, Nifty इस महीने दुनिया के बेहतर प्रदर्शन करने वाले बाजारों में सबसे आगे रहा है. इसमें सिर्फ 13 कारोबारी दिनों में 10.7 फीसदी की तेजी आई है.

बाजार को विदेशी निवेशकों की खरीदारी से भी सहारा मिल रहा है. 19 नवंबर को विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) ने लगातार आठवें कारोबारी सत्र में भारतीय शेयर बाजार में खरीदारी की. इस दौरान उन्होंने शुद्ध रूप से 7,411 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे. दूसरी तरफ, घरेलू संस्थागत निवेशकों (DII) ने लगातार दूसरे सत्र में बिकवाली की और 1,356 करोड़ रुपये के शेयर बेचे. वीके विजयकुमार के मुताबिक, बाजार में मुनाफावसूली जरूर हो रही है, लेकिन FII की लगातार और मजबूत खरीदारी से तेजी का रुख बना हुआ है. उनके अनुसार, विदेशी निवेशकों का बड़ा निवेश फाइनेंशियल सर्विसेज और खासकर बड़े बैंकिंग शेयरों में आया है. टेलीकॉम शेयरों में भी खरीदारी देखने को मिल रही है. वहीं, धातुओं की कीमतों में गिरावट के बाद ऑटो और कंज्यूमर ड्यूरेबल कंपनियों के शेयरों में निवेश बढ़ा है.

Nifty के लिए 25,350 का स्तर क्यों अहम?

शेयर बाजार की आगे की दिशा समझने के लिए Nifty के कुछ अहम स्तरों पर नजर रखना जरूरी है. एनालिस्ट्स के मुताबिक, Nifty के 25,350 से नीचे जाने पर बाजार में कमजोरी का संकेत मिल सकता है. Nifty के लिए 25,200 से 25,250 का स्तर तत्काल सपोर्ट जोन है. वहीं, 25,500 से 25,600 के बीच रेजिस्टेंस (Resistance) देखने को मिल सकता है. हालिया तेजी के बाद बाजार में मुनाफावसूली और कुछ समय तक सीमित दायरे में कारोबार यानी कंसोलिडेशन (Consolidation) देखने को मिल सकता है. अगर Nifty 25,200–25,250 के सपोर्ट जोन को बनाए रखता है, तो गिरावट पर खरीदारी का मौका मिल सकता है. लेकिन यह स्तर निर्णायक रूप से टूटने पर बाजार में और कमजोरी आ सकती है.

अब आगे शेयर बाजार की नजर किन बातों पर?

फिलहाल बाजार के लिए विदेशी निवेशकों की खरीदारी, आईटी शेयरों की चाल और वैश्विक बाजारों का रुख अहम रहेगा. इसके अलावा Nifty का 25,500 के ऊपर टिकना भी सकारात्मक संकेत होगा. वहीं, 25,200–25,250 का सपोर्ट जोन टूटने पर बिकवाली बढ़ सकती है. ऐसे में निवेशकों की नजर इन अहम स्तरों और विदेशी फंड के प्रवाह पर बनी रहेगी.

Original Source
https://www.aajtak.in/business/news/story/indian-share-market-recovers-sensex-nifty-rebound-it-stocks-fii-buying-support-dpmx-smsr-2701254-2026-11-20?utm_source=rss
Visit India Today ↗
SHARE STORY:
𝕏 f in

Related Coverage in Technology