कटा प्राइवेट पार्ट, 9 दिन बाद भी FIR नहीं... रसिक दुलारी केस से घिरा प्रेमानंद महाराज का आश्रम
वृंदावन के संत प्रेमानंद महाराज का राधा केलि कुंज आश्रम इन दिनों एक शिष्य की मौत को लेकर चर्चा में है. रसिक दुलारी शरण उर्फ दीपक लोधी की मौत के बाद से कई सवाल खड़े हो रहे हैं. शनिवार को परिजनों ने घटना की सच्चाई जानने की मांग को लेकर आश्रम के बाहर हंगामा किया. परिजनों का सबसे बड़ा सवाल यह है कि घटना के करीब 9 दिन बीतने के बाद भी मामले में FIR दर्ज होने को लेकर स्थिति साफ क्यों नहीं है. साथ ही परिजन यह भी जानने की कोशिश कर रहे हैं कि आखिर रसिक दुलारी का प्राइवेट पार्ट कैसे कटा?
9 दिन बाद ट्रस्ट की अपील लगातार बढ़ते विवाद के बीच राधा केलि कुंज ट्रस्ट की ओर से सोशल मीडिया पर एक अपील जारी की गई है. आश्रम ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि हाल में हुई घटना से पूज्य महाराज जी और समस्त परिकर अत्यंत आहत हैं. ट्रस्ट ने साधक के परिवार के प्रति सहानुभूति जताई और कहा कि पुलिस प्रशासन की निष्पक्ष एवं तथ्यात्मक जांच में पूरा सहयोग किया जाएगा.
ट्रस्ट ने श्रद्धालुओं, साधकों और आम लोगों से अपील की कि जांच पूरी होने तक किसी भी अपुष्ट जानकारी, अफवाह या अनुमान के आधार पर प्रेमानंद महाराज या आश्रम की छवि को धूमिल करने वाला प्रचार न किया जाए.
मौत की परिस्थितियों ने बढ़ाया रहस्य रसिक दुलारी शरण उर्फ दीपक लोधी की मौत की परिस्थितियों को लेकर कई तरह के सवाल सामने आ रहे हैं. उनके प्राइवेट पार्ट पर गंभीर चोट/कटे होने की बात मामले को और गंभीर बनाती है. हालांकि, इस घटना के पीछे की वास्तविक वजह क्या थी और मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका आधिकारिक जवाब जांच पूरी होने के बाद ही सामने आ सकेगा.
परिजनों का कहना है कि वे पूरे मामले की निष्पक्ष जांच चाहते हैं. इसी मांग को लेकर वे आश्रम के बाहर पहुंचकर अपना आक्रोश भी जता रहे हैं. उनका सवाल है कि आखिर घटना की पूरी सच्चाई कब सामने आएगी और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई कब होगी.
पुलिस पर भी उठ रहे सवाल मामले में मथुरा पुलिस की कार्रवाई को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं. घटना के करीब 9 दिन बाद तक FIR को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं होने से परिजन और स्थानीय लोग सवाल कर रहे हैं. हालांकि, पुलिस की जांच पूरी होने से पहले यह कहना उचित नहीं होगा कि कार्रवाई में जानबूझकर देरी की जा रही है.
फिलहाल ट्रस्ट की अपील के बाद एक बार फिर यह मामला चर्चा में है. एक तरफ आश्रम ने अफवाहों से बचने और पुलिस जांच में सहयोग की बात कही है, वहीं दूसरी तरफ परिजन अब भी अपने सवालों के जवाब मांग रहे हैं. अब निगाहें पुलिस जांच पर हैं कि रसिक दुलारी शरण उर्फ दीपक लोधी की मौत की पूरी कहानी और इससे जुड़े सवालों का सच कब सामने आता है.

