Aamir Khan Luxury House: आमिर खान ने मुंबई में किराए पर लिए 3 लग्जरी अपार्टमेंट, हर महीने चुकाएंगे ₹38 लाख, करोड़ों में होगा सालाना खर्च
बॉलीवुड के मिस्टर परफेक्शनिस्ट आमिर खान अपने काम के साथ-साथ मुंबई के रियल एस्टेट मार्केट में भी काफी एक्टिव रहते हैं. आमिर खान एक बार फिर अपनी नई प्रॉपर्टी डील को लेकर सुर्खियों में हैं. ताजा जानकारी के मुताबिक, आमिर ने मुंबई के सांताक्रूज (पश्चिम) इलाके में एक साथ तीन लग्जरी अपार्टमेंट किराए पर लिए हैं, जिसका किराया सुनकर किसी के भी होश उड़ सकते हैं.
HT में छपी रिपोर्ट और CRE Matrix द्वारा हासिल किए गए प्रॉपर्टी रजिस्ट्रेशन दस्तावेजों से यह बात सामने आई है कि एक्टर अगले चार साल तक इन घरों के लिए हर महीने कुल ₹38 लाख का भारी-भरकम किराया चुकाएंगे.
कहां और कितने बड़े हैं ये तीनों लग्जरी अपार्टमेंट? 'सीजन्स एवेन्यूज प्रॉपर्टीज' (Seasons Avenues Properties) और आमिर हुसैन खान के बीच हुए इस 'लीव एंड लाइसेंस' समझौते के तहत सांताक्रूज (पश्चिम) के नॉर्थ एवेन्यू स्थित 'सीजन्स त्रिमूर्ति' (Seasons Trimurti) बिल्डिंग में तीन अपार्टमेंट लिए गए हैं. ये फ्लैट बिल्डिंग की 14वीं, 12वीं और 11वीं मंजिल पर हैं.
अगर इनके साइज की बात करें, तो 14वीं मंजिल वाला अपार्टमेंट सबसे बड़ा है, जिसका क्षेत्रफल 6,200 वर्ग फुट है. वहीं, 12वीं और 11वीं मंजिल वाले बाकी दोनों अपार्टमेंट 3,000-3,000 वर्ग फुट के हैं. कुल मिलाकर आमिर ने 12,200 वर्ग फुट का कार्पेट एरिया किराए पर लिया है.
किराया, पार्किंग और एग्रीमेंट की बड़ी शर्तें इन तीनों फ्लैट्स में सबसे बड़े यानी 6,200 वर्ग फुट वाले अपार्टमेंट का मासिक किराया अकेले ₹20 लाख है. बाकी दो अपार्टमेंट्स का किराया ₹9-9 लाख प्रति माह तय किया गया है, जिससे कुल मासिक खर्च ₹38 लाख बैठता है. दस्तावेजों के मुताबिक, हर अपार्टमेंट के साथ तीन कार पार्किंग की जगह भी दी गई है, यानी आमिर को कुल 9 गाड़ियां पार्क करने की जगह मिलेगी.
यह डील 48 महीने (4 साल) के लिए है, जो 1 जनवरी 2027 से शुरू होकर 31 दिसंबर 2030 तक चलेगी. शर्तों के हिसाब से किराए में हर साल 5% की बढ़ोतरी होगी. आमिर ने इसके लिए एक महीने के किराए के बराबर यानी ₹38 लाख का सिक्योरिटी डिपॉजिट दिया है. शुरुआती किराए के हिसाब से वे सालाना ₹4.56 करोड़ खर्च करेंगे. हालांकि, इस किराए में सोसाइटी मेंटेनेंस, पानी और प्रॉपर्टी टैक्स शामिल हैं, जिसे मकान मालिक ही भरेगा. एग्रीमेंट में साफ लिखा है कि आमिर इन फ्लैट्स में कोई स्थायी निर्माण या स्ट्रक्चरल बदलाव नहीं कर सकेंगे.
पिछले साल पाली हिल में भी किराए पर लिए थे चार घर ऐसा नहीं है कि आमिर ने पहली बार इतनी बड़ी रेंटल डील की है. साल 2025 में भी उन्होंने मुंबई के पाली हिल इलाके में स्थित 'विलनोमोना अपार्टमेंट्स' (Wilnomona Apartments) में चार अपार्टमेंट किराए पर लिए थे, जिनका कुल किराया ₹24.5 लाख प्रति माह था. मई 2025 में रजिस्टर हुई यह लीज पांच साल (मई 2030 तक) के लिए है, जिसमें 45 महीने का लॉक-इन पीरियड और 1.46 करोड़ रुपये से ज्यादा का सिक्योरिटी डिपॉजिट शामिल है.
दरअसल, पाली हिल में शिफ्ट होने की वजह बांद्रा की 'वर्गो कोऑपरेटिव हाउसिंग सोसाइटी' का रीडेवलपमेंट था, जहां आमिर के करीब 12 फ्लैट हैं. दिलचस्प बात यह है कि पाली हिल वाला यह घर शाहरुख खान के उस अस्थायी ठिकाने से महज 750 मीटर दूर है, जहां शाहरुख अपने बंगले 'मन्नत' के रेनोवेशन के दौरान रह रहे हैं.
मुंबई से पंचगनी तक फैली है आमिर की प्रॉपर्टी किराए के घरों के अलावा आमिर खान के पास खुद की भी करोड़ों की प्रॉपर्टी है. 'स्क्वायर यार्ड्स' के आंकड़ों के मुताबिक, जून 2024 में उन्होंने पाली हिल के 'बेला विस्टा अपार्टमेंट्स' में 1,027 वर्ग फुट का एक फ्लैट 9.75 करोड़ रुपये में खरीदा था, जिस पर 58.5 लाख रुपये की स्टाम्प ड्यूटी लगी थी. इसके अलावा उनके पास 'हिल व्यू', 'मरीना अपार्टमेंट्स' और बांद्रा में एक खूबसूरत सी-फेसिंग घर भी है.
मुंबई की भागदौड़ से दूर, महाराष्ट्र के मशहूर हिल स्टेशन पंचगनी में भी आमिर का करीब दो एकड़ में फैला एक शानदार फार्महाउस है, जिसकी कीमत लगभग 7 करोड़ रुपये आंकी जाती है. वे अक्सर छुट्टियां बिताने और सुकून के पल गुजारने के लिए वहां जाते हैं.

