ट्रंप-जिनपिंग की द्विपक्षीय वार्ता खत्म... ताइवान-ईरान, AI समेत कई मुद्दों पर अहम चर्चा
चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग तीन के दौरे पर अमेरिका पहुंचे हैं. गुरुवार को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और जिनपिंग के बीच व्हाइट हाउस में अहम द्विपक्षीय बैठक हुई. इस दौरान ट्रंप ने जिनपिंग को व्हाइट हाउस के नए हेलीपैड का दीदार भी कराया.
व्हाइट हाउस में हुई इस द्विपक्षीय वार्ता में दोनों देशों के बीच स्थिरता दिखाने पर चर्चा हुई. बातचीत के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति ने खुद चीनी राष्ट्रपति को व्हाइट हाउस से विदा किया.
बैठक के तुरंत बाद चीनी समाचार एजेंसी शिन्हुआ की जारी रिपोर्ट के मुताबिक, ट्रंप और जिनपिंग के बीच सबसे पेचीदें मुद्दों में से एक यानी ताइवान पर भी चर्चा हुई. जिनपिंग ने ट्रंप से अपील की कि वो 'ताइवान की स्वतंत्रता' का विरोध करे.
जिनपिंग और ट्रंप ने इस दौरान पुष्टि की है कि अमेरिका और चीन साल 2026 में होने वाले 'एपेक इकोनॉमिक लीडर्स मीटिंग' (APEC) और G-20 समिट के आयोजन में एक-दूसरे का पूरा समर्थन करेंगे. मुलाकात के दौरान दोनों नेताओं ने मिडिल ईस्ट की मौजूदा स्थिति, यूक्रेन संकट और कोरियाई प्रायद्वीप के हालातों पर भी चर्चा की.
चीनी राष्ट्रपति ने दोनों देशों के बीच हुए नए व्यापार समझौतों को वैश्विक अर्थव्यवस्था के लिए 'बेहद अच्छी खबर' बताया है. उनका कहना था कि इससे दुनिया भर के बाजारों में पॉजिटिव मैसेज जाएगा. इसके अलावा, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के क्षेत्र पर बात करते हुए जिनपिंग ने कहा कि भले ही अमेरिका और चीन इस एडवांस टेक्नोलॉजी में एक-दूसरे के प्रतिद्वंद्वी हैं, लेकिन वैश्विक हित और विकास के लिहाज से उनके पास सहयोग करने के लिए इससे भी कहीं ज्यादा बड़े कारण मौजूद हैं.
ये माना जा रहा था कि जिनपिंग इस दौरे पर अमेरिका से ताइवान को हथियारों की बिक्री रोकने के लिए दबाव बना सकते हैं. बता दें कि पिछले मई में चीन की यात्रा से लौटने के बाद ट्रंप ने कहा था कि वो ताइवान के लिए लगभग 14 अरब डॉलर के हथियार पैकेज को रोके हुए हैं और इसे एक 'बेहद अच्छा मोलभाव करने वाला हथियार' मानते हैं.
मीटिंग के बाद बाद पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए ट्रंप ने बताया कि उनकी और जिनपिंग की बैठक बेहद शानदार रही. इसके बाद दोनों नेताओं ने व्हाइट हाउस परिसर में बने नए हेलीकॉप्टर लैंडिंग पैड का दौरा किया और 'मरीन वन' हेलीकॉप्टर में बैठकर एक एयर ड्राइव भी की.
ट्रंप ने जिनपिंग की तारीफ भी की और कहा कि वो 'पत्थरों के विशेषज्ञ' हैं और उन्हें 'अच्छे ग्रेनाइट से बहुत प्यार है.' जिनपिंग के दौरे से पहले ट्रंप ने कहा था कि वो इस नए हेलीपैड से उन्हें इंप्रेस करेंगे.
बता दें कि शुक्रवार शाम को शी जिनपिंग एक बार फिर व्हाइट हाउस लौटेंगे, जहां उनके सम्मान में एक ग्रैंड स्टेट डिनर का आयोजन किया जाएगा. इस डिनर में पॉलिटिक्स से टेक वर्ल्ड के कई दिग्गजों के शामिल होने की उम्मीद है.

