मेटा AI चश्मे से जासूसी का शक! शिवकुमार के बाद अब केरलम CM ने भी उठाए सवाल
कर्नाटक के मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार के साथ बैठक में मेटा एआई स्मार्ट ग्लासेज पहनकर पहुंचे कारोबारी का मामला अब केरलम तक पहुंच गया है. केरलम के मुख्यमंत्री वीडी सतीशन ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि उसी कारोबारी ने उनसे भी मुलाकात की थी और उस समय भी उसने वही स्मार्ट चश्मा पहना हुआ था.
मुख्यमंत्री वीडी सतीशन ने कहा कि उन्हें इस बैठक की तस्वीरें भेजी गई हैं. उन्होंने कहा, 'हां, वो व्यक्ति मुझसे मिला था. मुझे उस बैठक की तस्वीरें भी भेजी गई हैं. क्योंकि अभी मामले की जांच चल रही है, इसलिए मैं ज्यादा जानकारी शेयर नहीं करना चाहता.'
इसके साथ ही सतीशन ने कारोबारी की मंशा पर सवाल उठाते हुए कहा कि वो व्यक्ति कांग्रेस शासित राज्यों के दोनों मुख्यमंत्रियों से मिलते समय तो स्मार्ट चश्मा पहने था. लेकिन जब वो बीजेपी नेताओं या दूसरे मंत्रियों से मिला, तब उसने चश्मा नहीं पहना था.
केरलम CM ने कहा, 'मुझे समझ नहीं आया कि उसने वो चश्मे क्यों पहने थे? क्या वो सिर्फ मुझसे और डीके शिवकुमार से मिलते समय ही चश्मा पहने हुए था? बीजेपी नेताओं और दूसरे मंत्रियों से मुलाकात की तस्वीरों में वो बिना चश्मे के दिख रहा है. दो अलग-अलग तस्वीरें इस अंतर को साफ दर्शाती हैं.'
वहीं सतीशन ने केरलम सरकार के इस मामले की अलग से जांच कराए जाने की अटकलों को खारिज कर दिया. उन्होंने कहा कि कर्नाटक पुलिस पहले से ही इस मामले की जांच कर रही है, इसलिए केरलम में अलग जांच की जरूरत नहीं है.
बता दें कि कर्नाटक के मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने हाल ही में आशंका जताई थी कि व्यापारिक बातचीत के नाम पर मिलने आया एक कारोबारी मेटा स्मार्ट ग्लासेज के जरिए उनकी जासूसी या रिकॉर्डिंग करने की कोशिश कर रहा था. शिवकुमार के मुताबिक, वो कारोबारी कंपनी के काम की जगह चुनावी राजनीति और बूथ-स्तरीय आंकड़ों पर बात कर रहा था. शक होने पर उन्होंने उस व्यक्ति की पहचान और बैकग्राउंड की जांच के आदेश दिए थे.
शिवकुमार ने ये भी आरोप लगाया था कि उनकी कैबिनेट के कुछ मंत्रियों के खिलाफ भी स्टिंग ऑपरेशन करने की साजिशें रची जा रही हैं.

