चेन टूटी लेकिन हिम्मत नहीं… तमाशबीनों की भीड़ में महिला ने स्नैचर के पीछे लगा दी दौड़, देखे CCTV फुटेज
Rajasthan News: राजधानी जयपुर के दुर्गापुरा मार्केट में दिनदहाड़े चेन स्नैचिंग की वारदात सामने आई है. हैरानी की बात यह रही कि जिस वक्त बदमाश महिला के गले से सोने की चेन तोड़कर भागा, उस समय बाजार में लोगों की भीड़ मौजूद थी. आसपास कई पुरुष भी नजर आए, लेकिन किसी ने बदमाश को रोकने की कोशिश नहीं की. आखिरकार पीड़ित महिला ने खुद हिम्मत दिखाई और बदमाश के पीछे दौड़ पड़ी लेकिन महिला को चकमा देकर बदमाश फरार हो गए.
घटना शुक्रवार शाम करीब 4:30 बजे की है, जहां सांगानेर निवासी मोना जैन अपने पति रवि जैन के साथ खरीदारी के लिए दुर्गापुरा मार्केट पहुंची थीं. पति दवाई लेने मेडिकल शॉप पर चले गए, जबकि मोना स्कूटी पर बैठकर उनका इंतजार कर रही थीं.
इसी दौरान बाइक सवार दो बदमाश वहां पहुंचे. एक बदमाश कुछ दूरी पर बाइक से उतरकर पैदल मोना के पीछे पहुंचा और अचानक उनके गले पर झपट्टा मारकर सोने की चेन तोड़ ली. अचानक हुए हमले से मोना स्कूटी से गिरते-गिरते बचीं. देखें VIDEO:-
चेन टूटते ही मोना ने खुद को संभाला और बदमाश के पीछे दौड़ लगा दी. उन्होंने उसे पकड़ने की कोशिश की, लेकिन बदमाश अपने बाइक सवार साथी के पास पहुंच गया और दोनों बाइक से मौके से फरार हो गए.
पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है. फुटेज में वारदात के दौरान आसपास लोगों की मौजूदगी भी दिखाई दे रही है. अब बजाज नगर थाना पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दोनों बदमाशों की तलाश कर रही है.


