'वोट ही छीन लिया जाए तो क्या करेंगे?', CJP प्रोटेस्ट में SIR को लेकर शबाना आजमी का बड़ा बयान
मुंबई के शिवाजी पार्क में इस समय कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) का जोरों-शोरों से प्रदर्शन चल रहा है. इस आंदोलन में बॉलीवुड से भी तमाम लोग शामिल होने पहुंचे. सिंगर विशाल ददलानी, एक्टर नसीरुद्दीन शाह CJP के संस्थापक अभिजीत दिपके से मिलने प्रदर्शन स्थल पर भी पहुंचे थे. उनके बाद शबाना आजमी भी पहुंचीं, जो दूसरी बार कॉकरोच जनता पार्टी के प्रोटेस्ट में शामिल हुईं. जुलाई के महीने में वो नीट प्रोटेस्ट के दौरान भी दिल्ली आई थीं, और अभिजीत दिपके को अपना समर्थन दिया था.
CJP इस समय चीफ इलेक्शन कमिश्नर (CEC) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रही है. SIR के दौरान वोटर लिस्ट में बदलाव हुए, जिसपर CEC घिरे हुए हैं. सिर्फ मुंबई ही नहीं, दिल्ली समेत अन्य राज्यों में भी ये प्रदर्शन चल रहा है, जिसका समर्थन शबाना आजमी ने भी किया है. आजतक से बातचीत में उन्होंने SIR के दौरान हुए बदलावों पर सवाल उठाए हैं.
एंकर साहिल जोशी ने अपने शो दंगल के दौरान शबाना आजमी से प्रदर्शन स्थल पर मुलाकात की थी. वहां उन्होंने उनसे CEC ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे वाले मुद्दे पर सवाल किया, जिसपर एक्ट्रेस ने कहा- देखिए, ये अक्सर कहा जाता है कि अपना वोट जरूर दीजिए क्योंकि ये आपका अधिकार है और ये आपकी आवाज है.
'लेकिन जब आपका वोट ही आपसे छीन लिया जाए, जब अचानक आपका नाम वोटर लिस्ट से गायब हो जाए, तब आप क्या करेंगे? जब आपके सबसे बड़े लोकतांत्रिक अधिकार को आपसे छीना जा रहा है, तो लोगों का ये हक बनता है कि वो प्रोटेस्ट करें. उनका संविधान उन्हें ये करने का हक देता है.'
साढ़े 13 करोड़ वोटर्स के नाम कटने के सवाल पर अभिनेत्री शबाना आज़मी ने दिया जवाब, सुनिए क्या कहा#Dangal #ElectionCommission #ECI #SIR #VoterEnrollment | @sahiljoshii | Shabana Azmi pic.twitter.com/X1dRhZdYbc
शबाना आजमी ने आगे SIR के दौरान वोटर लिस्ट में करोड़ों लोगों के नाम हटने वाले दावों पर कहा- इस लोकतंत्र में इससे ज्यादा दर्दनाक और भयानक चीज तो हो ही नहीं सकती. आप इतने सारे लोगों के नाम निकाल दें, और फिर ये कह दें कि ऐसा एल्गोरिदम की वजह से हुआ. ये किसी भी लोकतंत्र के मुंह पर थूकने समान है. तो अभी हमारी मांग फिलहाल ये है कि आप SIR को रोकें, और जिन लोगों को आपने निकाला है उन्हें मौका दें कि वो अपनी बात रखें और वापस आएं.
#WATCH | Maharashtra | Veteran actress Shabana Azmi joins the CJP protest at Mumbai’s Shivaji Park against the Election Commission. pic.twitter.com/Q9vVzrkS4O
शबाना आजमी इस दौरान CJP के आंदोलन से होने वाले प्रभाव पर भी बात करती हैं. उनका कहना है कि पिछली बार जंतर-मंतर प्रोटेस्ट में हुई हर मांग पूरी हुई थी. ये सबके सामने एक बड़ा उदाहरण है कि कैसे एक आंदोलन कितना बड़ा प्रभाव डाल सकता है. उनका मानना है कि इस प्रोटेस्ट से भी कुछ बात बन सकती है.
एक्ट्रेस ने कहा- ये जो लोकशक्ति होती है, वो बहुत बड़ी है. जब हम इकट्ठा होकर साथ आते हैं, और हमें लगता है कि नहीं ये हमारा अधिकार है, हक है और हम अपने संविधान के साथ सही कर रहे हैं, खासतौर से आज गांधी जयंती है तो इससे बेहतर दिन प्रोटेस्ट के लिए हो ही नहीं सकता था.
शबाना आजमी ये भी कहती हैं कि ये लोगों का मुद्दा है, राजनीति नहीं. उनके मुताबिक उनका हक ही उनसे छीन लिया जा रहा है. ये मुद्दा राजनीतिक तो है ही, क्योंकि विपक्ष का काम सरकार के खिलाफ आवाज उठाना है. मगर जो लोगों के साथ हो रहा है, उसके लिए वो खड़ी हुईं हैं क्योंकि वो अपना हक वापस चाहती हैं.

