मणिपुर के CM से मिले सर्जियो गोर, इम्फाल के कंगला फोर्ट का किया दौरा
भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर ने मणिपुर के मुख्यमंत्री युमनाम खेमचेंद सिंह से मुलाकात की. मुलाकात के दौरान दोनों पक्षों ने भारत- अमेरिका संबंधों को और मजबूत करने को लेकर चर्चा की.
शुक्रवार को भारत में अमेरिकी राजदूर सर्जियो गोर ने इम्फाल के मंत्रीपुखरी स्थित मुख्यमंत्री सचिवालय में मुख्यमंत्री युमनाम खेमचेंद सिंह से मुलाकात की. इस दौरान मुख्यमंत्री के साथ मुख्य सचिव राजीव सिंह ठाकुर मौजूद रहे. वहीं, अमेरिकी राजदूत के साथ कोलकाता स्थित अमेरिकी महावाणिज्य दूतावास की महावाणिज्यदूत कैथी जाइल्स-डियाज़ भी थीं.
Enjoyed hearing from Chief Minister @YKhemchandSingh about his vision for Manipur. We exchanged ideas about how the U.S. and India can work together to expand economic ties. The Chief Minister very kindly invited me back for the Manipur Sangai Festival. pic.twitter.com/rsntLQ7Uj8
अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने X पर पोस्ट करते हुए इसकी जानकारी दी. उन्होंने X पर लिखा मुख्यमंत्री से मणिपुर के लिए उनके विज़न के बारे में सुनना उन्हें बहुत अच्छा लगा. उन्होंने बताया कि इस मुलाकात के दौरान दोनों पक्षों ने भारत-अमेरिका रिश्तों को और मजबूत करने को लेकर अपने विचारों का आदान-प्रदान भी किया.
सर्जियो गोर ने X पर बताया कि मुख्यमंत्री युमनाम खेमचेंद सिंह ने उन्हें मणिपुर संगाई फेस्टिवल में दोबारा शामिल होने का भी निमंत्रण दिया है.
इस दौरान गोर ने मणिपुर आने वाले पर्यटकों की संख्या के बारे में जानकारी ली. इस दौरान उन्होंने पीएम मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के संबंधों की भी सराहना की. उन्होंने कहा प्रधानमंत्री मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच एक खास रिश्ता है, जो सामान्य प्रधानमंत्री-राष्ट्रपति संबंधों से कहीं बढ़कर है. उनके मुताबिक राष्ट्रपति ट्रंप व्यक्तिगत रूप से इस रिश्ते को बहुत महत्व देते हैं.
अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने मणिपुर के राज्यपाल अजय कुमार भल्ला से भी मुलाकात की. उनके मुताबिक, दोनों पक्षों के बीच भारत-अमेरिका के सहयोग को बनाए रखने के महत्व पर चर्चा हुई.
अधिकारियों ने बताया कि अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर मणिपुर के दो दिवसीय दौरे पर आए हैं.
शुक्रवार को गोर ने पुराने मणिपुर साम्राज्य की प्राचीन राजधानी कांग्ला किले और यहां महिलाओं द्वारा चलाए जाने वाले बाजार 'ख्वैराम्बंद कीथेल' का दौरा किया.


