‘पुलिस से चूक हुई’, भारत तिवारी एनकाउंटर पर CM सम्राट, छात्र प्रदर्शन में AK-47 से फायरिंग पर भी बोले
बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भरत तिवारी एनकाउंटर मामले को लेकर बड़ा बयान दिया है. उन्होंने कहा कि इस मामले में 48 घंटे के भीतर न्यायिक कमिटी बनाई गई थी. कमिटी की रिपोर्ट में पुलिस से चूक की बात सामने आई. इसके बाद सरकार ने दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की और कुछ लोगों को जेल भी भेजा गया. मुख्यमंत्री ने कहा कि अपराधी किसी भी जाति, धर्म या वर्ग का हो, उसके खिलाफ कार्रवाई होगी, लेकिन अगर पुलिस से गलती होती है तो पुलिस के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी.
पंचायत आजतक बिहार के मंच पर सम्राट चौधरी से भरत तिवारी एनकाउंटर को लेकर सवाल पूछा गया. उनसे पूछा गया कि इस घटना को लेकर युवाओं में जो गुस्सा दिखा, क्या वह अभी भी बना हुआ है. मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने मामले को गंभीरता से लिया और 48 घंटे में न्यायिक कमिटी का गठन किया. कमिटी ने अपनी रिपोर्ट में पुलिस की चूक बताई.
सम्राट चौधरी ने कहा कि सरकार ने भरत तिवारी के परिवार के साथ खड़े होने का भी काम किया. उन्होंने बताया कि परिवार को आर्थिक सहयोग देने की बात कही गई है. साथ ही परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की बात भी कही गई. मुख्यमंत्री ने कहा कि अब आगे की कार्रवाई न्यायालय के स्तर पर होगी और दोषियों को सजा मिलनी चाहिए.
मुख्यमंत्री से यह भी पूछा गया कि पुलिस की तरफ से गोली चलाने का आदेश किसने दिया और पूरा मामला कैसे हुआ. इस पर उन्होंने कहा कि अपराधी किसी भी वर्ग या धर्म का हो, वह पुलिस को चुनौती नहीं दे सकता. लेकिन पुलिस अगर गलती करती है तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई होगी. उन्होंने न्यायिक आयोग बनाए जाने को इसी नीति का हिस्सा बताया.
इसी बातचीत में छात्र आंदोलनों और प्रदर्शन के दौरान AK-47 के इस्तेमाल को लेकर भी सवाल हुआ. छात्रों की ओर से परीक्षा में गड़बड़ी और पेपर लीक जैसे मुद्दों को लेकर सवाल उठाए गए थे. मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार युवाओं के साथ खड़ी है. उन्होंने बताया कि परीक्षा से जुड़े किसी भी भ्रष्टाचार के मामले की जांच के लिए हाई कोर्ट के सिटिंग जज की निगरानी में विशेष कमिटी बनाई गई है.
सम्राट चौधरी ने कहा कि जो भी गलत करेगा, उसके खिलाफ कार्रवाई होगी. उन्होंने यह भी कहा कि परीक्षा में गड़बड़ी करने वालों पर कड़ी कार्रवाई के लिए गुंडा एक्ट के प्रावधान का इस्तेमाल किया जा सकता है. उनके मुताबिक अगर कोई व्यक्ति बार बार परीक्षा में गड़बड़ी करता है तो उसे लंबे समय तक जेल में रखने का प्रावधान होना चाहिए.
कानून व्यवस्था को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि अपराध के खिलाफ लगातार कार्रवाई जरूरी है. उन्होंने कहा कि सुशासन तभी स्थापित होगा जब कानून का राज हो और अपराधियों को समय पर सजा मिले. साथ ही उन्होंने साफ किया कि पुलिस को काम करने की आजादी दी जाएगी, लेकिन पुलिस की गलती को नजरअंदाज नहीं किया जाएगा.

