Diljit Dosanjh Concert: दिलजीत दोसांझ का शो आज, वेन्यू पर नहीं पार्किंग और मेट्रो की सलाह, पढ़ें ट्रैफिक एडवाइजरी

Direct Source Verification: This story is aggregated from India Today (indiatoday.in). Full reporting rights and copyright belong to the primary publisher.
पंजाबी सिंगर दिलजीत दोसांझ के मचअवेटेड म्यूजिक कॉन्सर्ट को लेकर राजधानी दिल्ली में ट्रैफिक पुलिस ने सुरक्षा और आवाजाही को दुरुस्त रखने के लिए कड़े इंतजाम किए हैं. आज यानी 30 अक्टूबर को लोधी रोड स्थित जवाहरलाल नेहरू (JLN) स्टेडियम में होने वाले इस बड़े आयोजन के चलते आसपास की लगभग ...

पंजाबी सिंगर दिलजीत दोसांझ के मचअवेटेड म्यूजिक कॉन्सर्ट को लेकर राजधानी दिल्ली में ट्रैफिक पुलिस ने सुरक्षा और आवाजाही को दुरुस्त रखने के लिए कड़े इंतजाम किए हैं. आज यानी 30 अक्टूबर को लोधी रोड स्थित जवाहरलाल नेहरू (JLN) स्टेडियम में होने वाले इस बड़े आयोजन के चलते आसपास की लगभग 11 से अधिक प्रमुख सड़कों पर गाड़ियों की आवाजाही प्रभावित रहेगी.

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस द्वारा जारी की गई एडवाइजरी के मुताबिक, दोपहर 1 बजे से लेकर देर रात 12 बजे तक कई रूटों पर प्रतिबंध और डायवर्जन लागू रहेंगे. ऐसे में अगर आप भी आज इस रूट से गुजरने की योजना बना रहे हैं, तो जाम से बचने के लिए पहले से ट्रैफिक एडवाइजरी को अच्छे से समझ लें और वैकल्पिक रास्तों का ही चुनाव करें.

किन-किन रास्तों पर देखने को मिलेगा असर कॉन्सर्ट के चलते जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम और उसके आसपास के बड़े इलाकों में ट्रैफिक काफी धीमा रहेगा. पुलिस के अनुसार भीष्म पितामह मार्ग, लोधी रोड, लाला लाजपत राय मार्ग, आर्च बिशप मार्ग, चौथी एवेन्यू रोड, पांचवीं एवेन्यू रोड, CGO कॉम्प्लेक्स और JLN स्टेडियम के अंदरूनी रास्तों पर गाड़ियों की लंबी कतारें लग सकती हैं. इसके अलावा बारापुला फ्लाईओवर, INA से जंगपुरा मेट्रो स्टेशन तक का हिस्सा, दयाल सिंह कॉलेज रोड और लोधी कॉलोनी की अंदरूनी सड़कों पर भी गाड़ियों की आवाजाही को नियंत्रित किया गया है.

भीड़ को संभालने और सड़कों को जाम से बचाने के लिए 8 प्रमुख जगहों पर डायवर्जन पॉइंट बनाए गए हैं. लोधी रोड से दयाल सिंह कॉलेज की तरफ जाने वाले वाहनों को अब सीधे जाने के बजाय लोधी फ्लाईओवर की ओर भेजा जाएगा, हालांकि लोधी फ्लाईओवर रेड लाइट और ऑरोबिंदो मार्ग का सीधा रास्ता खुला रहेगा. लाला लाजपत राय मार्ग से स्टेडियम की तरफ जाने वाली गाड़ियों को भी लोधी फ्लाईओवर की तरफ मोड़ा जाएगा. यही नियम सिप रोड से सोचना भवन जाने वाली गाड़ियों पर भी लागू होगा.

दूसरी तरफ, भीष्म पितामह मार्ग से JLN स्टेडियम रेड लाइट की ओर आने वाले वाहनों को गेट नंबर 1 और कोटला मुबारकपुर जाने से रोककर मेहरचंद मार्केट और लोधी कॉलोनी की तरफ भेजा जाएगा. कुशक नाला बस डिपो से आने वाले वाहन स्टेडियम के गेट नंबर 3 से 7 की तरफ नहीं जा सकेंगे, इन्हें चौथी एवेन्यू रोड से लोधी रोड और INA से अरबिंदो मार्ग की तरफ डायवर्ट किया गया है. साथ ही, लोधी कॉलोनी से पांचवीं एवेन्यू रोड आने वाले वाहनों को जोहर बाग रोड की तरफ मोड़ा जाएगा.

स्थिति बिगड़ने पर दो अतिरिक्त डायवर्जन भी तैयार ट्रैफिक पुलिस ने आपात स्थिति या ज्यादा भीड़ बढ़ने की सूरत में दो बैकअप डायवर्जन पॉइंट भी तय किए हैं. अगर कोटला मुबारकपुर के भीष्म पितामह मार्ग रेड लाइट पर दबाव बढ़ता है, तो स्टेडियम की तरफ जाने वाली गाड़ियों को वर्मा मार्ग से लाला लाजपत राय मार्ग और फिर यू-टर्न दिलाकर सीधे रिंग रोड की ओर भेज दिया जाएगा. इसके अलावा, भीष्म पितामह मार्ग और लोधी रोड टी-पॉइंट से स्टेडियम जाने वाले वाहनों को आर्च बिशप मार्ग, लोधी फ्लाईओवर और मदरसा अरबिंदो मार्ग की तरफ मोड़ा जा सकता है.

मेट्रो से ही सफर करने की सलाह कॉन्सर्ट में शामिल होने आ रहे लोगों को ट्रैफिक पुलिस ने साफ तौर पर अपनी निजी गाड़ियों के बजाय मेट्रो का इस्तेमाल करने को कहा है, क्योंकि स्टेडियम के आसपास पार्किंग की सुविधा उपलब्ध नहीं होगी. वायलेट और येलो लाइन पर मेट्रो सेवाएं पूरी तरह से सामान्य रहेंगी.

वायलेट लाइन का इस्तेमाल करने वाले दर्शक JLN स्टेडियम या जंगपुरा मेट्रो स्टेशन पर उतरकर गेट नंबर 13, 14 और 17 तक आसानी से पैदल जा सकते हैं. वहीं, येलो लाइन से आने वाले लोग INA मेट्रो स्टेशन पर उतर सकते हैं और वहां से कुशक नाला बस डिपो रेड लाइट तक कैब या ऑटो लेकर गेट नंबर 3, 6 और 8 तक पहुंच सकते हैं.

कैब और ऑटो वालों के लिए प्लान अगर आप कैब, ऑटो या किसी अन्य वाहन से स्टेडियम पहुंच रहे हैं, तो पुलिस ने सिर्फ तीन पिकअप और ड्रॉप पॉइंट तय किए हैं. पहला आर्च बिशप मार्ग, दूसरा लाल मस्जिद-प्रगति विहार और तीसरा कुशक नाला बस डिपो रेड लाइट है.

आर्च बिशप मार्ग और लाल मस्जिद-प्रगति विहार के ड्रॉप पॉइंट से दर्शक सीधे स्टेडियम के गेट नंबर 13, 14 और 17 तक आसानी से पहुंच सकेंगे. जबकि कुशक नाला बस डिपो वाले पॉइंट से गेट नंबर 3, 6 और 8 की तरफ जाना आसान रहेगा.

दिल्ली के अलग-अलग जगहों से आने वालों के लिए ट्रैफिक पुलिस ने दिल्ली के अलग-अलग हिस्सों से आने वाले लोगों के लिए सबसे सुगम रास्ते बताए हैं. उत्तर-पश्चिम, पश्चिम, दक्षिण-पश्चिम और दक्षिण दिल्ली से आ रहे लोग अरबिंदो मार्ग से होकर लोधी रोड पहुंचें और आर्च बिशप मार्ग पर ही ड्रॉप लें. दक्षिण, पूर्व और दक्षिण-पूर्व दिल्ली की तरफ से आने वाले लोग लाला लाजपत राय मार्ग से होकर लाल मस्जिद-प्रगति विहार वाले पॉइंट का इस्तेमाल करें. इसके अलावा नई दिल्ली, सेंट्रल, उत्तर और उत्तर-पश्चिम दिल्ली से आने वालों को सलाह दी गई है कि वे आर्च बिशप मार्ग से लोधी रोड से ठीक पहले ही गाड़ी छोड़ दें.

एम्बुलेंस को मिलेगी प्राथमिकता ट्रैफिक पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कार्यक्रम के दौरान किसी भी आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए एम्बुलेंस और अन्य मेडिकल वाहनों को प्राथमिकता दी जाएगी और उनके लिए रास्ते हमेशा खुले रखे जाएंगे. आम जनता से अपील की गई है कि वे ट्रैफिक नियमों का पूरी निष्ठा से पालन करें, सड़क किनारे अपनी गाड़ियां खड़ी न करें और मौके पर तैनात जवानों के निर्देशों का पालन करें. इसके अलावा किसी भी संदिग्ध वस्तु या हरकत को देखते ही तुरंत 112 नंबर पर सूचना दें या फिर ट्रैफिक से जुड़ी पल-पल की जानकारी के लिए हेल्पलाइन नंबर 1095 पर संपर्क करें.

Original Source
https://www.aajtak.in/entertainment/bollywood-news/story/diljit-dosanjh-jln-stadium-delhi-concert-traffic-restrictions-diversions-metro-routes-announced-tmovg-dskc-2684005-2026-10-30?utm_source=rss
Visit India Today ↗
SHARE STORY:
𝕏 f in

Related Coverage in World