'वो पायलट की हत्या कर रहा है, कोई बचाओ', Flydubai फ्लाइट में सवार महिला ने बताई आंखोदेखी
दुबई से तेल अवीव आ रही फ्लाइदुबई की फ्लाइट में जो कुछ हुआ, उसे याद कर आज भी लोगों की रूह कांप जाती है. सफर के दौरान विमान के कॉकपिट के भीतर को-पायलट ने कैप्टन पर अचानक जानलेवा हमला कर दिया. इस खौफनाक मंजर की गवाह बनीं ताली बेर्कोविच-मानेस ने उस डरावने वाकये की पूरी आपबीती सुनाई.
फ्लाइदुबई की इस फ्लाइट में 170 से ज्यादा मुसाफिर और क्रू मेंबर सवार थे, जिनमें ज्यादातर इजरायली नागरिक मौजूद थे. उस दिन हुए हमले को याद करते हुए ताली बेर्कोविच-मानेस बताया कि कैसे कुछ पलों में उनकी खुशी का सफर दहशत में बदल गया.
ताली बेर्कोविच-मानेस अपनी छह साल की बेटी नीना का फ्लाइट के शौचालय के बाहर इंतजार कर रही थीं. तभी अचानक उन्हें कॉकपिट के दरवाजे के पीछे से कुछ अजीब और डरावनी आवाजें सुनाई दीं.
जब तक ताली कुछ समझ पातीं, विमान अचानक गोता खाने लगा, जिससे वो जमीन पर गिर पड़ीं. उसी वक्त कॉकपिट का दरवाजा खुला और उन्होंने जो देखा, उसने उनके होश उड़ा दिए. को-पायलट एक कुल्हाड़ी से कैप्टन पर ताबड़तोड़ वार कर रहा था. इसे देखते ही ताली की चीख निकल पड़ी.
उन्होंने कहा, ;मैंने सब कुछ देखा और मैं समझ गई और मैं बस चिल्लाई, वो पायलट की हत्या कर रहा है! कोई बचाओ! कोई बचाओ!'
ताली बताती हैं कि घायल भारतीय मूल के कैप्टन स्मित मछार ने गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद हिम्मत नहीं हारी. उन्होंने जैसे-तैसे कॉकपिट का दरवाजा खोल दिया, जिससे समय रहते लोगों का ध्यान इस ओर गया. ताली के पति त्सविका मानेस ने अपनी बेटी नीना को सुरक्षित बाहर निकाला और दूसरे यात्रियों के साथ मिलकर हमलावर को काबू में करने के लिए दौड़ पड़े.
यह भी पढ़ें: कड़ी ट्रेनिंग, लाखों में सैलरी और आसमान छूते हौसले... जानिए कैसे बनते हैं कैप्टन स्मित मच्छार जैसे जांबाज पायलट!
यात्रियों ने भारी मशक्कत के बाद हमलावर को दबोच लिया, जबकि दूसरे पायलटों ने सूझबूझ दिखाते हुए विमान को सऊदी अरब के ताबूक में सुरक्षित उतार लिया.
