Hing Jeera Matar: बाजार की नमकीन खरीदना छोड़िए, शाम की चाय के साथ खाएं हींग-जीरे वाली चटपटी हरी मटर, लोग पूछेंगे रेसिपी
शाम की चाय के साथ अगर कुछ कुरकुरा और चटपटा खाने को मिल जाए, तो चाय का मज़ा दोगुना हो जाता है. अक्सर हम बाजार से पैकेटबंद और प्रिजर्वेटिव्स वाली नमकीन खरीद लाते हैं, जो सेहत के लिए अच्छी नहीं होती. अगर आप चाय के साथ बिना किसी मिलावट के कुछ सेहतमंद, तीखा और चटपटा खाना चाहते हैं तो घर पर ही हींग-जीरे के तड़के वाली मसालेदार हरी मटर बनाएं. हींग और जीरे का पाचक तड़का इस नमकीन को बेहतरीन खुशबू और जायका देता है, जिसे खाकर हर कोई आपसे इसकी रेसिपी पूछेगा.
अगर आप ताजा हरी मटर का इस्तेमाल कर रहे हैं, तो उसे गरम पानी में 2-3 मिनट उबालकर छान लें. (फ्रोजन मटर है तो उसे सीधे पानी से धोकर इस्तेमाल कर सकते हैं).
एक कढ़ाई में तेल या देसी घी गरम करें. तेल गरम होते ही इसमें हींग और जीरा डालकर चटकाएं.
अब इसमें कद्दूकस किया अदरक और बारीक कटी हरी मिर्च डालकर 30 सेकंड के लिए भूनें.
अब छानी हुई हरी मटर कढ़ाई में डालें. मध्यम आंच पर 3-4 मिनट तक चलाएं ताकि मटर का मॉइस्चर खत्म हो जाए और वह हल्की क्रिस्पी होने लगे.
अब आंच धीमी करें और इसमें हल्दी (ऑप्शनल), लाल मिर्च पाउडर, चाट मसाला, आमचूर पाउडर, भुना जीरा पाउडर, काला नमक और सफेद नमक मिलाएं. 2 मिनट तक अच्छी तरह चलाएं ताकि मसाले मटर पर एकसमान लिपट जाएं.
गैस बंद करें, ऊपर से नींबू का रस और कटा हुआ हरा धनिया डालकर मिलाएं.
आपकी गरमा-गरम, क्रिस्पी और चटपटी हींग-जीरा हरी मटर तैयार है. इसे शाम की कड़क चाय के साथ सर्व करें.

