डॉक्टर से बने IAS अधिकारी, 25 साल का एक्सपीरियंस, कौन है CBSE के नए चेयरपर्सन मंदीप भंडारी
केंद्र सरकार की ओर से हुए प्रशासनिक फेरबदल ने 10 अधिकारियों को नई जिम्मेदारी सौंप दी है. इसी फेरबदल में मंदीप भंडारी का नाम भी शामिल किया गया है. उन्हें CBSE का नया चेयरपर्सन नियुक्त किया गया है. कार्मिक मंत्रालय की ओर से जारी किए गए आदेश में मंत्रिमंडल की नियुक्ति समिति ने उनकी नियुक्ति को मंजूरी दी है. 2001 बैच के एजीएमयूटी कैडर के आईएएस अधिकारी भंडारी फिलहाल जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल के प्रधान सचिव के तौर पर काम कर रहे हैं. हालांकि, उनके नाम कई उपलब्धियां हैं, तो चलिए जानते हैं कि आखिर कौन है मंदीप भंडारी, जो छात्रों की शिकायतों को करेंगे दूर.
भंडारी की नियुक्ति ऐसे समय हुई है, जब 2026 में CBSE के On-Screen Marking (OSM) सिस्टम को लेकर कई शिकायतें सामने आई थीं. डिजिटल मूल्यांकन व्यवस्था से जुड़ी सेवाओं की खरीद के मामले की जांच के लिए केंद्र सरकार ने एक समिति भी गठित की थी.
दरअसल, कैबिनेट की नियुक्ति समिति (ACC) के आदेश के अनुसार, देश के विभिन्न मंत्रालयों और विभागों में कुल 10 वरिष्ठ IAS और अन्य सेवाओं के अधिकारियों की नई जिम्मेदारियों पर मुहर लगाई गई है. इस बदलाव में शिक्षा मंत्रालय, वित्त मंत्रालय, पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय, ग्रामीण विकास मंत्रालय, कृषि मंत्रालय और जल शक्ति मंत्रालय से जुड़े वरिष्ठ अधिकारियों के नाम शामिल हैं.
बतां दें कि मंदीप भंडारी 2001 बैच के IAS अधिकारी हैं और AGMUT कैडर से आते हैं. वहीं, हाल में वह जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल के प्रधान सचिव के रूप में कार्यरत हैं. उन्हें करीब 25 साल से ज्यादा का अनुभव है.
मंदीप भंडारी ने पंजाब यूनिवर्सिटी, चंडीगढ़ और दयानंद मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल से MBBS की पढ़ाई भी की है. वह MBBS गोल्ड मेडलिस्ट भी रह चुके हैं. लेकिन उन्होंने प्रशासनिक सेवा के लिए इसे छोड़ दिया.
उनके प्रशासनिक करियर की बात करें, तो भंडारी ने अपने 25 साल के करियर में कई पदों पर काम किया है. इनमें जॉइंट सेक्रेटरी, मंत्री के पर्सनल सेक्रटरी, अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी, डिप्टी कमिश्नर, अतिरिक्त डेवलपमेंट कमिशनर, एडिशनल सेक्रटरी और मुख्य प्रशासनिक अधिकारी जैसे पद शामिल हैं.

