IPL का सबसे बड़ा फेरबदल, प्रीति जिंटा की टीम से जुड़ेंगे हार्दिक पंड्या? MI को मिलेंगे ये 2 स्टार्स
आईपीएल 2027 के मिनी ऑक्शन और रिटेंशन डेडलाइन से ठीक पहले ट्रांसफर मार्केट से जुड़ी एक बहुत बड़ी खबर आ रही है. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक मुंबई इंडियंस के कप्तान और स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या आगामी सीजन में प्रीति जिंटा की सह मालकिन वाली पंजाब किंग्स की लाल जर्सी में खेलते हुए नजर आ सकते हैं.
पंजाब किंग्स और मुंबई इंडियंस के बीच इस ट्रेड डील को लेकर बातचीत काफी आगे बढ़ चुकी है और माना जा रहा है कि यह ब्लॉकबस्टर डील लगभग फाइनल हो गई है. ऐसे में जल्द ही इस बात की आधिकारिक घोषणा भी की जा सकती है.
स्पोर्टस्टार की रिपोर्ट के मुताबिक रिकी पोंटिंग के मार्गदर्शन वाली पंजाब किंग्स हार्दिक पंड्या जैसे मैच-विनिंग ऑलराउंडर को हर हाल में अपनी टीम में शामिल करना चाहती है. लेकिन हार्दिक को हासिल करने के लिए पंजाब को एक बहुत बड़ा त्याग करना पड़ रहा है.
इस स्वैप डील (अदला-बदली) के तहत भारत के स्टार तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह और विस्फोटक विकेटकीपर-बल्लेबाज विष्णु विनोद मुंबई इंडियंस का रुख करेंगे. दिलचस्प बात यह है कि इस ट्रेड का पहला प्रस्ताव मुंबई इंडियंस के एक वरिष्ठ अधिकारी की तरफ से आया था, जिसके बाद पंजाब किंग्स इस डील पर आगे बढ़ने के लिए तैयार हुई.
मुंबई को अपनी टीम में जसप्रीत बुमराह का साथ देने के लिए एक वर्ल्ड-क्लास भारतीय पेसर और एक भरोसेमंद विकेटकीपर की सख्त जरूरत थी, जो इस डील से पूरी होती दिख रही है. 17 नवंबर की रिटेंशन डेडलाइन सिर पर है और ऐसे में दोनों फ्रेंचाइजियों के शीर्ष प्रबंधन के बीच कागजी कार्रवाई और सहमति लगभग बन चुकी है.
अब बस आईपीएल गवर्निंग बॉडी की आधिकारिक मंजूरी का इंतजार है. अगर सब कुछ योजना के मुताबिक रहा तो इस हफ्ते के अंत तक दोनों टीमें इस डील का आधिकारिक ऐलान कर सकती हैं. यदि यह डील पक्की होती है तो यह आईपीएल इतिहास के सबसे चौंकाने वाले और सबसे बड़े प्लेयर ट्रेड में से एक साबित होगा.


