Karela Ki Bhurji: रोज की बोरिंग दाल-सब्जी छोड़िए? बेसन और सौंफ डालकर बनाएं केरेले की चटपटी भुर्जी, रोटी संग चट कर जाएंगे सब
Karela Ki Bhurji: करेला सेहत के लिए जितना फायदेमंद होता है, अपनी कड़वाहट की वजह से अक्सर बच्चों और बुजुर्गों की थाली से गायब ही रहता है. लेकिन अगर करेले को सही तरीके से मसालों के साथ पकाया जाए तो यह बेहद स्वादिष्ट लग सकता है. अगर आपके घर में भी लोग करेला देखकर मुंह बनाते हैं तो बेसन और सौंफ के साथ बनी यह चटपटी करेला भुर्जी जरूर ट्राई करें.
सौंफ की सौंधी खुशबू और बेसन का सोंधापन करेले की कड़वाहट को पूरी तरह से दबा देता है. इस अनोखी भुर्जी को आप रोटी या पराठे के साथ परोसेंगे, तो सब उंगलियां चाटते रह जाएंगे.
बारीक कटे या कद्दूकस किए करेले में 1 छोटा चम्मच नमक मिलाकर 15-20 मिनट के लिए रख दें. इसके बाद हाथों से निचोड़कर सारा कड़वा पानी निकाल दें और साफ पानी से धोकर सुखा लें.
एक सूखी कढ़ाई में बेसन को धीमी आंच पर हल्का सुनहरा और खुशबू आने तक भून लें, फिर इसे एक प्लेट में निकाल लें.
अब कढ़ाई में सरसों का तेल गरम करें. तेल गरम होने पर हींग, जीरा, राई और दरदरी पिसी सौंफ डालें. सौंफ से भुर्जी में बहुत ही बेहतरीन स्वाद और खुशबू आती है.
तड़के के बाद कटा हुआ प्याज और हरी मिर्च डालकर हल्का गुलाबी होने तक भूनें. अब निचोड़ा हुआ करेला डालें और मध्यम आंच पर 7-8 मिनट तक ढककर पकाएं ताकि करेला नरम हो जाए.
जब करेला अच्छे से पक जाए, तब हल्दी, लाल मिर्च, धनिया पाउडर और नमक डालकर मिलाएं और 2-3 मिनट तक भूनें.
अब भुना हुआ बेसन और अमचूर पाउडर ऊपर से छिड़कें. अच्छी तरह मिक्स करें और धीमी आंच पर 3-4 मिनट तक चलाएं ताकि बेसन और मसाले करेले में अच्छे से लिपट जाएं.
आपकी गरमा-गरम, चटपटी और बिना कड़वाहट वाली बेसन-सौंफ करेला भुर्जी तैयार है. इसे रोटी, पूरी या पराठे के साथ सर्व करें.


