LIVE: गोरखपुर पहुंचे अखिलेश यादव, PDA रथ पर सवार होकर कर रहे 20 KM लंबा रोड शो
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव 'मिशन 2027' के तहत बड़ा सियासी दांव चलने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गृह जिले गोरखपुर हवाई अड्डे पहुंचे. हवाई अड्डे पर कार्यकर्ताओं के भारी हुजूम और ढोल-नगाड़ों के साथ उनका जोरदार स्वागत किया गया.
अखिलेश यादव गोरखपुर एयरपोर्ट से पीडीए रथ पर सवार होकर चौरीचौरा के लिए रवाना हो गए हैं.इस दौरान करीब 20 किलोमीटर लंबा रोड शो प्रस्तावित है जिसमें बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ताओं की भीड़ उमड़ी है.. रोड शो के रास्ते में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता और समर्थक कई जगहों पर उनका स्वागत कर रहे हैं. गोरखपुर शहर से ग्रामीण इलाकों तक होने वाली इस राजनीतिक यात्रा को सपा की मिशन 2027 की तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है.
चौरीचौरा के देवकही गांव में अखिलेश यादव शहीद बाबू बंधू सिंह की प्रतिमा का अनावरण करेंगे. इसके साथ ही वह पूर्व छात्रनेता और स्वर्गीय विनय कुमार सिंह उर्फ बिन्नू सिंह की दसवीं पुण्यतिथि पर आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में शामिल होंगे. इस कार्यक्रम के जरिए सपा स्थानीय राजनीतिक और सामाजिक समीकरणों को भी साधने की कोशिश करेगी.
हरिशंकर तिवारी के परिवार से मुलाकात पर भी नजर अखिलेश यादव के इस दौरे का एक अहम पड़ाव जटाशंकर स्थित तिवारी हाता भी है. यहां वह पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वर्गीय हरिशंकर तिवारी के परिवार के सदस्यों से मुलाकात करेंगे. निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक, अखिलेश दोपहर करीब 3:30 बजे चौरीचौरा से रवाना होकर 3:45 बजे तिवारी हाता पहुंचेंगे.
पीडीए का उत्साह बता रहा है, यूपी में परिवर्तन आने जा रहा है ! https://t.co/eRQ0TtLy8M
यह भी पढ़ें: गोरखपुर में सपा का शक्ति प्रदर्शन... अखिलेश यादव आज 20 KM लंबा रोड शो करेंगे, तिवारी हाता भी जाएंगे
यहां उनकी मुलाकात पूर्व सांसद भीष्म शंकर तिवारी उर्फ कुशल तिवारी और चिल्लूपार के पूर्व विधायक विनय शंकर तिवारी से होगी. वह परिवार के साथ करीब आधा घंटा बिताएंगे. इसके बाद शाम 4:15 बजे एयरपोर्ट के लिए रवाना होंगे और लखनऊ लौट जाएंगे.
पूर्वांचल की राजनीति में ब्राह्मण समीकरण पर नजर हरिशंकर तिवारी पूर्वांचल की राजनीति में लंबे समय तक प्रभावशाली चेहरा रहे हैं. ऐसे में उनके परिवार से अखिलेश यादव की मुलाकात को केवल शिष्टाचार भेंट के तौर पर नहीं देखा जा रहा है. इसे पूर्वांचल में ब्राह्मण समाज के बीच समाजवादी पार्टी की राजनीतिक पहुंच बढ़ाने की कोशिश के रूप में भी देखा जा रहा है.
सपा की रणनीति गोरखपुर को केंद्र बनाकर आसपास के जिलों में संगठन को सक्रिय करने और विभिन्न सामाजिक वर्गों के बीच अपनी राजनीतिक मौजूदगी मजबूत करने की है. पार्टी की नजर पूर्वांचल की उन विधानसभा सीटों पर भी है, जहां जातीय समीकरण चुनावी नतीजों को प्रभावित करते रहे हैं.
गोरखपुर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का गृह जिला और भाजपा की राजनीति का महत्वपूर्ण केंद्र है. ऐसे में अखिलेश यादव का यहां पीडीए रथ के साथ पहुंचना राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण है. समाजवादी पार्टी इस कार्यक्रम के जरिए 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले पूर्वांचल में अपनी सक्रियता और संगठनात्मक ताकत का संदेश देना चाहती है.

