LPU के बाहर हाईवे जाम, भड़के छात्रों का जोरदार प्रदर्शन, पुलिस-प्रशासन से वार्ता बेअसर
लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी यानी LPU में छात्रा से रेप की अफवाह के बाद शुरू हुआ बवाल थमने का नाम ही नहीं ले रहा है. शनिवार से छात्र इस मामले में प्रदर्शन कर रहे हैं. मामले में जांच के लिए SIT का गठन किए जाने और अज्ञात लोगों के खिलाफ FIR दर्ज होने के बाद भी छात्रों का प्रदर्शन जारी है. प्रदर्शनकारी छात्रों ने अब नेशनल हाईवे जाम कर दिया है, जिसके बाद हालात और तनावपूर्ण हो गए हैं.
हाईवे पर पुलिस ने छात्र प्रतिनिधियों और LPU प्रबंधन से बातचीत की लेकिन, यह बातचीत बेनतीजा निकली. छात्रों का प्रदर्शन जारी है. FIR की कॉपी और SIT की जानकारी छात्र प्रतिनिधियों के साथ साझा की गई है. जानकारी के मुताबिक, अब छात्र अपने ही प्रतिनिधियों की बात सुनने से इनकार कर रहे हैं.
एक प्रदर्शनकारी छात्र का कहना है कि कल रात कुछ बाहरी लोगों ने आकर यूनिवर्सिटी की संपत्तियों को नुकसान पहुंचाया. प्रदर्शनकारी छात्र के मुताबिक, जब तक सिर्फ यूनिवर्सिटी के छात्र प्रदर्शन कर रहे थे तब तक हालात नियंत्रण में थे. बाद में कुछ बाहरी लोग आए और उन्होंने तोड़-फोड़ की. उनका कहना है कि इन चीज़ों के लिए बाहरी लोग ही जिम्मेदार हैं. उनके मुताबिक, यूनिवर्सिटी के छात्र मामले में सिर्फ जवाबदेही और साफ-सुथरी बातचीत चाहते हैं.
यह भी पढ़ें: 'कमरा नंबर 504' में क्या हुआ था? LPU में रेप की अफवाह के बीच ग्राउंड पर पहुंचा आजतक
छात्र विंग के डीन सौरभ लखनपाल ने इस मामले पर कहा कि वे हर तरह से जांच के लिए तैयार हैं. छात्र प्रतिनिधियों को भी वे जांच में शामिल करने के लिए तैयार हैं. उनका कहना है कि वे छात्रों को CCTV फुटेज दिखाने और पूरी जांच में शामिल कराने के लिए तैयार हैं. उनका कहना है कि अफवाह को लेकर जांच की जाएगी.
इस मामले में लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) की रजिस्ट्रार डॉ. मोनिका गुलाटी ने सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों पर फैल रही अफवाहों को झूठा, निराधार और मनगढ़ंत बताया है. उन्होंने कहा कि यूनिवर्सिटी के संज्ञान में आया है कि कुछ असामाजिक तत्व सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों के जरिए पूरी तरह झूठी, निराधार और मनगढ़ंत अफवाहें फैला रहे हैं. इससे छात्रों के बीच अनावश्यक भ्रम पैदा हो रहा है और यूनिवर्सिटी के शांतिपूर्ण शैक्षणिक माहौल को बिगाड़ने की कोशिश की जा रही है. उनका कहना है कि इन अफवाहों में कोई सच्चाई नहीं है. उन्होंने लोगों से इन अफवाहों पर भरोसा न करने की अपील की है.