Microsoft छोड़ी तो छूट गए ₹15 लाख! पूर्व टेक इंजीनियर ने AI स्टार्टअप के लिए लिया रिस्क, बोले- 'पछतावा नहीं'
अच्छी सैलरी वाली नौकरी छोड़कर अपना कारोबार शुरू करना आसान फैसला नहीं होता. खासकर तब जब नौकरी छोड़ने के कुछ समय बाद ही आपको पता चले कि थोड़ा और रुकने पर लाखों रुपये मिल सकते थे. माइक्रोसॉफ्ट के पूर्व सॉफ्टवेयर इंजीनियर अतिशय जैन के साथ कुछ ऐसा ही हुआ. उन्होंने अपना AI स्टार्टअप बनाने के लिए कंपनी की नौकरी को छोड़ दिया. लेकिन उनके इस्तीफे के करीब एक महीने बाद माइक्रोसॉफ्ट का वॉलंटरी एग्जिट ऑफर सामने आया, जिसके तहत उन्हें करीब 15 लाख रुपये मिल सकते थे. हालांकि, इस रकम से चूकने के बावजूद अतिशय को अपने फैसले पर कोई पछतावा नहीं है.
बता दें कि अतिशय जैन पहले माइक्रोसॉफ्ट और Nutanix में काम कर चुके हैं. उन्होंने पिछले महीने माइक्रोसॉफ्ट की नौकरी छोड़कर अपने AI वेंचर ScaleWorks AI पर फुल-टाइम काम शुरू किया था. इसे लेकर अतिशय ने लिंक्डइन पर अपनी पोस्ट में बताया कि उन्होंने नौकरी छोड़ने में करीब एक महीने की जल्दबाजी कर दी. अगर वह एक महीने और कंपनी में रुक जाते, तो उन्हें माइक्रोसॉफ्ट के वॉलंटरी एग्जिट ऑफर के तहत करीब 15 लाख रुपये मिल सकते थे.
उन्होंने लिखा कि 15 लाख रुपये ऐसी नौकरी छोड़ने के बदले मिलने थे, जिसे वह पहले ही छोड़ने का फैसला कर चुके थे. अतिशय ने माना कि इस रकम का छूटना उन्हें खला लेकिन नौकरी छोड़ने के फैसले पर उन्हें कोई पछतावा नहीं है.
अतिशय ने अपनी पोस्ट में बताया कि नौकरी छोड़ने के बाद पहले ही महीने में उनके स्टार्टअप ScaleWorks AI को कुछ अहम उपलब्धियां मिलीं. उनके मुताबिक, उनका स्टार्टअप OpenAI Partner Network का आधिकारिक सदस्य बन गया. इसके अलावा, उन्हें फ्रीलांस प्रोफेशनल्स के ग्लोबल नेटवर्क Toptal में भी जगह मिली. अतिशय का कहना है कि नौकरी छोड़ने के बाद अब वह अपना पूरा समय स्टार्टअप बनाने में लगा पा रहे हैं. इससे उन्हें अपने आइडिया पर तेजी से काम करने का मौका मिल रहा है.
अपनी पोस्ट में अतिशय ने लिखा कि अब उनके सामने सवाल यह है कि क्या उन्होंने एक महीने पहले नौकरी छोड़कर 15 लाख रुपये गंवाए या फिर अपने सपने पर काम करने के लिए एक महीना अतिरिक्त हासिल किया. उनके मुताबिक, इसका जवाब समय ही देगा.
उन्होंने पोस्ट के आखिर में लिखा कि दो साल बाद उनसे इस फैसले के बारे में पूछा जाए. उनकी कहानी उन लोगों के लिए एक उदाहरण है, जो अच्छी नौकरी और तय सैलरी छोड़कर अपना कुछ शुरू करने का जोखिम उठाना चाहते हैं. हालांकि, स्टार्टअप की सफलता तय नहीं होती और ऐसे फैसले में आर्थिक जोखिम भी शामिल रहता है.