Multibagger In Single Day: शेयर हो तो ऐसा... एक ही दिन में 156% उछला, कैंसर की दवा बनाती है कंपनी
कहते हैं शेयर बाजार में कब कौन सा शेयर कमाल करते हुए अपने निवेशकों को मालामाल कर दे और कब कौन सा शेयर कंगाल बना दे, इसकी भविष्यवाणी करना मुश्किल है. लेकिन भारत से लेकर अमेरिका तक के शेयर बाजारों में ऐसे कई मल्टीबैगर स्टॉक हैं, जो निवेशकों के लिए पैसे छापने की मशीन बने हैं.
ऐसे ही स्टॉक है फार्मा सेक्टर की दिग्गज कंपनी SELLAS Life Sciences Group का शेयर, जो भारत में नहीं बल्कि अमेरिकी शेयर बाजार में लिस्टेड है. साल 2012 में शुरू हुई इस बायोटेक-फार्मा कंपनी का हेडक्वार्टर न्यूयॉर्क में है और इसका शेयर Nasdaq में लिस्ट है.
156% चढ़कर बंद हुआ स्टॉक मंगलवार को इस शेयर में एक खबर के बाद ऐसी तूफानी तेजी आई कि पैसे लगाने वालों ने ताबड़तोड़ कमाई कर डाली. 16 नवंबर के अपने बंद 7.99 डॉलर की तुलना में Sellas Life Sciences Share जैसे ही खुला निवेशक हैरान रह गए और ऐसा हो भी क्यों न आखिर इसकी ओपनिंग 24 डॉलर के पार जो हुई. सिर्फ इतना ही नहीं खुलने के महज कुछ सेकंड में ही ये फार्मा स्टॉक 233% से ज्यादा उछलकर 24.89 डॉलर के लेवल पर जा पहुंचा.
हालांकि, बाजार के आगे बढ़ने पर इसकी रफ्तार कुछ धीमी जरूर पड़ी, लेकिन कुल मिलाकर अमेरिकी शेयर मार्केट क्लोज होने पर ये 19.15 डॉलर पर बंद हुआ यानी 156.36% की तेजी लेकर. ऐसे में इस शेयर में पैसे लगाने वाले निवेशकों को बंपर फायदा हुआ.
एक ही दिन में डेढ़ गुना पैसा अमेरिकी फार्मा कंपनी के शेयर में आए इस उछाल के चलते कंपनी का मार्केट कैपिटल भी उछला और मंगलवार को ही इसने 24.89 डॉलर का अपना 52 वीक का नया हाई बनाया. Sellas Life Sciences का शेयर सबसे ज्यादा सिंगल डे रिटर्न देने वाले स्टॉक्स की लिस्ट में अचानक टॉप रैकिंग में पहुंच गया. निवेशकों को हुए फायदे का कैलकुलेशन करें, तो अगर किसी निवेशक ने इस स्टॉक में 10000 डॉलर का निवेश किया होगा, तो एक ही दिन में उनका ये बढ़कर 25,600 डॉलर हो गया होगा.
आखिर इस तेजी की वजह क्या? अब बताते हैं कि इस अमेरिकी फार्मा कंपनी के शेयर में अचानक ये तगड़ी तेजी कैसे आई, जिससे एक ही दिन में ये मल्टीबैगर स्टॉक्स की लिस्ट में शामिल हो गया. रिपोर्ट्स के मुताबिक, कंपनी कैंसर से जुड़ी दवाओं का निर्माण करती है. इस जानलेवा बीमारी से जुड़ी एक वैक्सीन के परीक्षण के पॉजिटिव नतीजे आए हैं, और ये खबर जैसे ही बाहर आई शेयर बाजार में इस स्टॉक को खरीदने की होड़ मच गई. ये वैक्सीन ब्लड कैंसर से जुड़े खतरे का काफी कम कर सकता है.
रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, गैलिनपेपिमुट-S या GPS नाम की इस वैक्सीन का टेस्ट एक्यूट माइलॉयड ल्यूकेमिया (AML) के मरीजों पर किया गया था, जो कैंसर थेरेपी के बाद ठीक हो गए थे, लेकिन बोन मैरो या स्टेम-सेल ट्रांसप्लांट नहीं करवा पाए थे.
सेलास ने कहा कि 126 मरीजों पर हुए इस वैक्सीन के परीक्षण में GPS ने सबसे अच्छे इलाज के मुकाबले मौत का खतरा 41% कम कर दिया. वैक्सीन से इलाज किए गए मरीज औसतन 24 महीने तक जिंदा रहे, जबकि कंट्रोल ग्रुप के मरीज औसतन 14.7 महीने तक जिंदा रहे.
(नोट- शेयर बाजार में किसी भी तरह के निवेश से पहले अपने मार्केट एक्सपर्ट्स की सलाह जरूर लें.)

/file/attachments/3000/NinetyOneNovemberArticleImage1_708252.jpg)