मौसम देगा सरप्राइज! दिल्ली-NCR, यूपी समेत इन राज्यों में आंधी-तूफान का अलर्ट, यहां होगी भारी बारिश
अक्टूबर की शुरुआत के साथ मौसम ने एक बार फिर कई राज्यों में करवट लेनी शुरू कर दी है. देश के कई हिस्सों में मंगलवार को बारिश के साथ गरज-चमक और तेज हवाओं का असर देखने को मिल सकता है. यह बदलाव ऐसे समय में हो रहा है, जब दक्षिण-पश्चिम मॉनसून की देश से वापसी जारी है. आईएमडी के अनुसार, 5 अक्टूबर को मॉनसून की वापसी की रेखा बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों से गुजरते हुए पश्चिमी तट की ओर आगे बढ़ रही थी.
दिल्ली-NCR में पिछले कुछ दिनों से मौसम सूखा बना हुआ था, लेकिन मंगलवार को इसमें बदलाव हो सकता है. हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और पंजाब में कुछ जगहों पर गरज-चमक के साथ बारिश, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की संभावना है. इस दौरान हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है.
पश्चिमी हिमालयी इलाकों में भी मौसम का मिजाज बदल सकता है. हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और उत्तराखंड में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने का अनुमान है. उत्तर प्रदेश में भी कुछ जगहों पर बिजली चमकने और गरज-चमक के साथ बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं. इसके अलावा मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, विदर्भ, कोंकण और गोवा तथा महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में भी गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है.
देश के कई हिस्सों में बने वेदर सिस्टम बारिश और गरज-चमक को बढ़ावा दे रहे हैं. बिहार और आसपास के इलाकों में ऊपरी हवा का साइक्लोनिक सर्कुलेशन बना हुआ है. इसके अलावा गंगीय पश्चिम बंगाल से मध्य महाराष्ट्र तक एक ट्रफ बनी हुई है. इन वेदर सिस्टम की वजह से पूर्वी और मध्य भारत में आंधी-पानी और गरज-चमक की गतिविधियां बनी रह सकती हैं. आंध्र प्रदेश, बिहार, झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल तथा सिक्किम के कुछ हिस्सों में भी मंगलवार को गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना है.
मौसम विभाग (IMD) ने दक्षिण भारत के कुछ इलाकों में भारी बारिश का अनुमान जताया है, जबकि उत्तर भारत के कई राज्यों में बिजली चमकने और तेज हवाओं के साथ आंधी-गरज का मौसम बन सकता है. दक्षिण भारत में केरल, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में बारिश की गतिविधियां ज्यादा रहने की संभावना है. इन इलाकों में कुछ जगहों पर भारी बारिश भी हो सकती है. केरल और माहे में कई जगहों पर बारिश होने का अनुमान है.
आईएमडी के मुताबिक, मंगलवार को दक्षिण भारत में बारिश का असर ज्यादा रहेगा. केरल, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में कुछ जगहों पर भारी बारिश हो सकती है. केरल और माहे में कई इलाकों में बारिश होने की संभावना है.
