मराठी एक्टर ने सोशल मीडिया पर की 'आत्महत्या' की पोस्ट, मचा हड़कंप, ढूंढने निकली पुलिस
मराठी सिनेमा से एक बेहद चौंकाने वाली घटना की खबर सामने आ रही है. एक्टर विकास समुद्रे, जो मराठी थिएटर में काम करते हैं, उनकी एक सोशल मीडिया पोस्ट ने हलचल मचा दी. 56 साल के विकास ने फेसबुक पर आत्महत्या करने जैसी बात लिख डाली, जिसके कारण मुंबई पुलिस का साइबर क्राइम ब्रांच उनकी तलाश में निकल पड़ा.
शुक्रवार रात विकास समुद्रे की पोस्ट में एक टाइपिंग की गलती की वजह से ऐसा लगा कि विकास अपनी जान लेने की बात कर रहे हैं. पोस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया, जिसके बाद मुंबई पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लिया. मुंबई के पुलिस कमिश्नर समेत कई बड़े अधिकारियों ने इस मामले में तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए. साइबर लैब, पांच साइबर पुलिसकर्मियों और कंट्रोल रूम की टीम ने रात 11:03 बजे विकास को ट्रेस करना शुरू किया.
करीब एक घंटे की कोशिश के बाद रात 12:15 बजे पुलिस ने उनका पता लगा लिया. पुलिस ने पुष्टि की कि विकास समुद्रे पूरी तरह सुरक्षित हैं. बाद में एक्टर ने खुद सफाई देते हुए बताया कि फेसबुक पोस्ट का मतलब वैसा नहीं था, जैसा लोगों ने समझ लिया था. उन्होंने कहा कि पोस्ट एक नाटक से जुड़े प्रोजेक्ट के सिलसिले में था और टाइपिंग की गलती की वजह से उसका मतलब कुछ और निकल गया. इस पोस्ट के वायरल होने के बाद पुलिस ने एहतियात के तौर पर तुरंत कार्रवाई की, ताकि ये सुनिश्चित किया जा सके कि एक्टर सुरक्षित हैं.
विकास समुद्रे की बात करें, तो उन्होंने मराठी सिनेमा और थिएटर में काफी अच्छे काम करके अपना नाम बनाया है. उन्हें ज्यादातर कॉमेडी फिल्मों में देखा जाता है. इतने सालों से एक्टिंग करते आ रहे विकास ने बीच में कुछ वक्त का ब्रेक भी लिया था. बीमारी के चलते उन्होंने वो कदम उठाया. हालांकि अब वो वापस थिएटर प्ले करना शुरू कर चुके हैं.

