ट्रंप के 'रिस्पेक्टेड' राष्ट्रपति अल-शरा ने इजरायल पर जो कहा उससे चिढ़ जाएंगे नेतन्याहू!
सीरिया के राष्ट्रपति अहमद अल-शरा ने संयुक्त राष्ट्र महासभा में अपने भाषण के दौरान इजरायल पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि दुनिया सीरिया की अंतरराष्ट्रीय मंच पर वापसी का स्वागत कर रही है, लेकिन इजरायल सीरिया पर लगातार हमले कर रहा है. अल-शरा ने दावा किया कि इजरायल ने सीरिया में 500 एयरस्ट्राइक की हैं, 1,200 से ज्यादा बार घुसपैठ की है और 300 लोगों को हिरासत में लिया है.
अल-शरा ने कहा कि इजरायल की ये कार्रवाई सीरिया को लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर दिख रहे रुख से मेल नहीं खाती. उन्होंने इजरायली हमलों को खारिज करते हुए कहा कि सीरिया ऐसी आक्रामकता को स्वीकार नहीं करेगा. उन्होंने गोलान हाइट्स को सीरियाई क्षेत्र बताते हुए इजरायल के कब्जे की निंदा की और 1974 के समझौते को फिर से लागू करने की मांग की.
यह भी पढ़ें: 'भारत-पाक का झगड़ा सुलझाने में इंटरनेशनल सिस्टम फेल...' UNGA के बीच मार्को रुबियो का बड़ा दावा
अल-शरा ने कहा कि सीरिया की संप्रभुता का उल्लंघन करने वाली किसी भी कोशिश को रोका जाएगा और गोलान हाइट्स सीरियाई क्षेत्र बना रहेगा. 1967 में इजरायल ने सीरिया से गोलान हाइट्स पर कब्जा कर लिया था और 1981 में इसे अपने क्षेत्र में शामिल करने का ऐलान किया था. इसके बाद दोनों देशों के बीच 1974 में एक समझौता हुआ था, जिसके तहत सीमा पर संयुक्त राष्ट्र का बफर जोन बनाया गया.
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने पहले कार्यकाल के दौरान 2019 में गोलान हाइट्स पर इजरायल के कब्जे को मान्यता दी थी. ट्रंप अल-शरा की कई बार तारीफ भी कर चुके हैं. अल-शरा ने मंगलवार को एक थिंक टैंक कार्यक्रम में कहा था कि जब तक इजरायल सीरिया पर एयरस्ट्राइक करता रहेगा और गोलान हाइट्स पर कब्जा रखेगा, तब तक सीरिया इजरायल के साथ राजनयिक संबंधों की बात नहीं कर सकता.
यह भी पढ़ें: 'ट्रंप ने हमें आतंकी कहा, लेकिन... हम खुद आतंकवाद से पीड़ित...', UNGA में बोले ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान
UN महासभा में अल-शरा ने सीरिया की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर वापसी पर भी जोर दिया. उन्होंने कहा कि देश अब अलग-थलग नहीं है और वहां सुरक्षा और स्थिरता कायम की गई है. उन्होंने दावा किया कि उनकी सरकार ने अंतरराष्ट्रीय अपराध और कैप्टागन के कारोबार पर कार्रवाई की है. साथ ही, सीरिया असद सरकार के दौर के रासायनिक हथियारों को नष्ट करने में भी सहयोग कर रहा है.
हालांकि, सीरिया की सरकार के सामने कमजोर अर्थव्यवस्था और धीमी गति से हो रहा पुनर्निर्माण बड़ी चुनौतियां हैं. अल-शरा ने कहा कि सीरिया आगे बढ़ रहा है और क्षेत्र की सुरक्षा की शुरुआत दमिश्क से होनी चाहिए.

