देर रात बरेली के मौलाना तौकीर रजा के घर पहुंचे कांग्रेस चीफ अजय राय, क्या है मैसेज?

Direct Source Verification: This story is aggregated from India Today (indiatoday.in). Full reporting rights and copyright belong to the primary publisher.
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुटी कांग्रेस मुस्लिम वोटों को साधने में कोई कोर-कसर नहीं छोड़ रही है. कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय बुधवार को देर रात बरेली पहुंचे और जेल में बंद मौलाना तौकीर रज़ा के घर जाकर उनके परिजनों से मुलाकात की. अजय राय ने अपने सोशल मीडिया प...

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुटी कांग्रेस मुस्लिम वोटों को साधने में कोई कोर-कसर नहीं छोड़ रही है. कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय बुधवार को देर रात बरेली पहुंचे और जेल में बंद मौलाना तौकीर रज़ा के घर जाकर उनके परिजनों से मुलाकात की. अजय राय ने अपने सोशल मीडिया पर मौलाना तौकीर रज़ा के परिजनों से मुलाकात की तस्वीर भी शेयर की.

मौलाना तौकीर रज़ा खान पिछले साल बरेली में हुए दंगे के आरोपी हैं और लंबे समय से जेल में बंद हैं. ऐसे में अजय राय का उनके घर जाना और उनके परिवार से मुलाकात करने के सियासी मायने निकाले जा रहे हैं.

कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय दो दिनों से दिल्ली में मिशन-2027 के लिए विजय संकल्प कार्यक्रम में शामिल थे. दिल्ली से लखनऊ जाते समय बरेली में रुकने या किसी नेता से मुलाकात का उनका कोई पूर्व निर्धारित कार्यक्रम नहीं था. इसके बावजूद वे अचानक बरेली में रुके और मौलाना तौकीर रज़ा के घर जाकर उनके परिवार से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना.

तौकीर रज़ा के परिवार से अजय राय की मुलाकात अजय राय बुधवार को दिल्ली से लखनऊ लौटते समय बरेली में रुके. इसके बाद सीधे मोहल्ला सौदागरान स्थित मौलाना तौकीर रज़ा के आवास पर पहुंचे. वहां उन्होंने जेल में बंद मौलाना तौकीर रज़ा के बेटे फरमान रज़ा और उनके परिजनों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना. इस दौरान वे करीब 45 मिनट तक परिवार के लोगों से बातचीत करते रहे और फिर लखनऊ के लिए रवाना हो गए.

कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने अपने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा कि बरेली के सौदागरान स्थित सुन्नी बरेलवी धर्मगुरु एवं इत्तेहाद-ए-मिल्लत काउंसिल के अध्यक्ष मौलाना तौकीर रज़ा खान के आवास पर पहुंचकर उनके परिजनों से मुलाकात की और उनका हालचाल जाना. मुश्किल दौर में तौकीर रज़ा के परिवार के प्रति एकजुटता दिखाते हुए उन्हें हर संभव मदद देने का भरोसा दिया.

मौलाना तौकीर रज़ा के परिजनों से मुलाकात के बाद अजय राय योगी सरकार पर हमलावर नजर आए. उन्होंने कहा कि यूपी भाजपा सरकार और सीएम योगी आदित्यनाथ से सीधा सवाल है, क्या कानून का राज केवल कमजोरों और विरोध की आवाज़ उठाने वालों के लिए है? सत्ता के अहंकार में लोकतंत्र की आवाज़ को दबाने और असहमति को कुचलने की कोशिश लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए गंभीर चिंता का विषय है.

अजय राय ने कहा कि सरकार को यह समझना होगा कि जेल, मुकदमे और दबाव से जनता की आवाज़ नहीं दबाई जा सकती. भाजपा सरकार को जवाब देना होगा कि कानून सबके लिए बराबर क्यों नहीं दिखाई देता? उत्तर प्रदेश की जनता न्याय चाहती है, डर और दबाव की राजनीति नहीं. कांग्रेस अन्याय और भेदभाव के खिलाफ हर मंच पर मजबूती से आवाज़ उठाती रहेगी.

उत्तर प्रदेश के 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस पूरे दमखम के साथ जुटी है. अजय राय पहले ही पार्टी के 403 विधानसभा सीटों पर चुनावी तैयारी करने की बात कह चुके हैं. ऐसे में अजय राय का बरेली में अचानक पहुंचना और मौलाना तौकीर रज़ा के परिवार से मुलाकात करना एक रणनीति का हिस्सा है. बरेली बेल्ट में मौलाना तौकीर रज़ा का खासा प्रभाव है और मुसलमानों के बीच उनकी अच्छी-खासी पकड़ मानी जाती है.

मौलाना तौकीर रज़ा खान एक तरफ कानूनी लड़ाई का सामना कर रहे हैं, तो दूसरी ओर विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष के उनके घर पहुंचने को बरेली की सियासत में अलग संदेश के रूप में देखा जा रहा है. माना जा रहा है कि मुस्लिमों को साधने की दिशा में अजय राय ने यह कदम उठाया है.

Original Source
https://www.aajtak.in/elections/assembly-chunav/story/ajay-rai-meets-tauqeer-raza-family-bareilly-mission-2027-up-congress-muslim-ntcpkb-dskc-2652056-2026-09-24?utm_source=rss
Visit India Today ↗
SHARE STORY:
𝕏 f in

Related Coverage in World