नंदा देवी महोत्सव में डोला विसर्जन के बाद मेला बना अखाड़ा, कुर्सियां-हेलमेट चले; मारपीट का वीडियो वायरल
उत्तराखंड के नैनीताल में नंदा देवी महोत्सव के समापन के बाद देर रात मेले में अचानक विवाद खड़ा हो गया. डोला विसर्जन के बाद मेले में मौजूद दो पक्षों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई. देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई. इस दौरान मेला परिसर में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
बताया जा रहा है कि विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों की ओर से एक-दूसरे पर कुर्सियां और हेलमेट तक फेंके गए. घटना के दौरान वहां मौजूद लोगों में भी हड़कंप मच गया. इसी बीच किसी ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वायरल वीडियो में मेला परिसर में कुछ लोग आपस में भिड़ते नजर आ रहे हैं. विवाद के दौरान कुर्सियां और अन्य सामान फेंके जाने का दृश्य भी दिखाई देता है.
घटना का वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं. कुछ यूजर्स ने व्यंग्यात्मक अंदाज में इसे ‘नैनीताल पुलिस के अथक प्रयासों से नंदा देवी महोत्सव का शांतिपूर्ण समापन’ तक कह दिया. वहीं, कुछ लोगों ने इतने बड़े धार्मिक आयोजन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए हैं. नंदा देवी महोत्सव नैनीताल के प्रमुख धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों में शामिल है. महोत्सव के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक पहुंचते हैं. ऐसे में समापन के बाद मेले में हुई मारपीट की घटना ने आयोजन की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चर्चा जरूर छेड़ दी है. फिलहाल विवाद के वास्तविक कारण और मारपीट में शामिल लोगों के संबंध में विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है. पुलिस की ओर से घटना को लेकर क्या कार्रवाई की गई, इसे लेकर भी आधिकारिक जानकारी का इंतजार है.

