अंपायर भी भारत को रोक नहीं सके! बेटियों ने ईरान को हराकर कबड्डी में फिर जीत लिया गोल्ड
आइची-नागयोा एशियन गेम्स 2026 में भारतीय महिला कबड्डी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल अपने नाम कर लिया. 26 सितंबर (शनिवार) को आयोजित फाइनल में भारत ने ईरान को 37-34 से हराया. भारतीय महिला कबड्डी टीम ने चौथी बार एशियन गेम्स में गोल्ड मेडल जीता है. इससे पहले भारत ने 2010 (ग्वांगझू), 2014 (इंचियोन) और 2022 (हांगझोउ) एशियन गेम्स में भी ये उपलब्धि हासिल की. केवल 2018 के एशियन गेम्स में भारतीय महिला कबड्डी टीम को सिल्वर मेडल से संतोष करना पड़ा था.
भारत-ईरान के बीच फाइनल शुरुआत से ही बेहद रोमांचक रहा और दोनों टीमों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली. कई मौकों पर ऐसा लगा कि ईरान भारतीय टीम पर भारी पड़ सकता है, लेकिन भारतीय खिलाड़ियों ने दबाव के बीच धैर्य बनाए रखा और निर्णायक पलों में बेहतर प्रदर्शन करते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया.
अंपायर के फैसलों पर सवालिया निशान इस मुकाबले में अंपायर के कुछ फैसले ऐसे रहे जो भारत के खिलाफ रहे. एक मौके पर ईरानी डिफेंडर ने टैकल के दौरान मिडलाइन पार कर लिया था. ऐसे में भारत को 1 अंक मिलना चाहिए था, लेकिन अंपायर ने सिर्फ भारतीय खिलाड़ी को आउट करार दिया, जबकि यहां दोनों टीम को अंक दिए जाने थे. ईरानी खिलाड़ियों ने कुछ रफ टैकल भी किए, लेकिन उन्हें कार्ड नहीं दिखाया गया.
GOLD MEDAL 🥇✔️ The women’s Kabaddi team seals the gold medal win with a fabulous performance against Iran!! 3rd Gold Medal secured 🙌🏽 Let’s #Cheer4Bharat #WeAreTeamIndia | #JeetHamariHai pic.twitter.com/G86mSrs6Kd
भारत और ईरान के बीच मुकाबले में स्कोर लगातार करीब रहा. जैसे-जैसे मैच अंतिम मिनटों में पहुंचा, दबाव दोनों टीमों पर बढ़ता गया. इसी दौरान ईरानी खिलाड़ियों से कुछ अहम गलतियां हुईं, जिसका भारतीय टीम ने फायदा उठाया. मुकाबले के आखिरी पलों में ईरान की ओर से कई गलतियां देखने को मिलीं. एक मौके पर उसकी दो रेडर्स ने एक साथ कोर्ट में प्रवेश कर दिया, जिससे टीम को नुकसान उठाना पड़ा.
दबाव में निखरी भारतीय टीम भारत की जीत का सबसे बड़ा कारण खिलाड़ियों का दबाव में संयम बनाए रखना रहा. करीबी मुकाबले में भारतीय टीम ने आखिरी तक अपना फोकस नहीं खोया और महत्वपूर्ण अंकों के साथ मुकाबले को अपने पक्ष में कर लिया. फाइनल में जीत के बाद भारतीय खिलाड़ियों ने पूरे जोश के साथ एरिना का चक्कर लगाया.
GOLD FOR BHARAT!🥇🇮🇳 Heartiest congratulations to the Indian Women’s Kabaddi Team on successfully defending their Asian Games title, defeating Iran in a Gold Medal Match at the Asian Games 2026.#Cheer4Bharat pic.twitter.com/Nza2PDQyPb
इस दौरान भारतीय टीम ने 'वंदे मातरम' का उद्घोष किया और अपनी ऐतिहासिक जीत का जश्न मनाया. यह जीत भारतीय महिला कबड्डी के लिए भी खास है. 2018 जकार्ता एशियन गेम्स को छोड़ दें तो भारत ने हर संस्करण में महिला कबड्डी का गोल्ड मेडल जीता है. जकार्ता में भारत को ईरान के खिलाफ हार के बाद सिल्वर मेडल से संतोष करना पड़ा था.
भारतीय महिला कबड्डी टीम: पुष्पा राणा (कप्तान), रितु नेगी, सोनाली शिंगाटे, संजू देवी, पूजा काजला, रितु श्योराण, ज्योति ठाकुर, पिंकी रॉय, मनीषा कुमारी, भावना ठाकुर, राजरानी और निकिता कुमारी.

