लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी में बवाल! रेप के बाद छात्रा की खुदकुशी की अफवाह पर भड़के छात्र, तोड़फोड़ और आगजनी

Direct Source Verification: This story is aggregated from India Today (indiatoday.in). Full reporting rights and copyright belong to the primary publisher.
जालंधर में शनिवार देर रात लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (एलपीयू) के कैंपस में छात्रों ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया. कई छात्रों की ओर से सोशल मीडिया पर शेयर किए गए वीडियो और तस्वीरों के मुताबिक, गर्ल्स हॉस्टल से जुड़े एक गंभीर मामले को लेकर छात्रों में गुस्सा बढ़ रहा था. सोशल मीडिया...

जालंधर में शनिवार देर रात लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (एलपीयू) के कैंपस में छात्रों ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया. कई छात्रों की ओर से सोशल मीडिया पर शेयर किए गए वीडियो और तस्वीरों के मुताबिक, गर्ल्स हॉस्टल से जुड़े एक गंभीर मामले को लेकर छात्रों में गुस्सा बढ़ रहा था. सोशल मीडिया पर किए जा रहे दावों में एक छात्रा के कथित रेप और उसके बाद आत्महत्या करने की बात कही गई. वहीं, एलपीयू ने इसे माहौल बिगाड़ने की साजिश बताया है.

सोशल मीडिया पर कुछ पोस्ट में इस मामले में एक कर्मचारी पर भी आरोप लगाए गए हैं. वहीं, बड़ी संख्या में छात्रों के कैंपस में जुटने और इस घटना को लेकर विरोध प्रदर्शन करने के वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आए. इससे एक दिन पहले पटियाला के पास चितकारा यूनिवर्सिटी में भी इसी तरह की घटना हुई थी.

कपूरथला के एसएसपी ने बताया कि 3-4 दिन पहले एक छात्रा ने आत्महत्या की थी. उन्होंने कहा कि छात्र के माता-पिता की शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है. एसएसपी के मुताबिक, छात्रों का कहना है कि उन्हें इस घटना की जानकारी नहीं दी गई थी. वहीं, रेप के दावे पर उन्होंने कहा कि यह अभी स्पष्ट नहीं है कि छात्र इसी मामले का जिक्र कर रहे हैं या नहीं. उन्होंने बताया कि छात्रा के मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है.

इससे पहले SSP गौरव तूरा ने Aaj Tak से कहा था कि एक वायरल मैसेज के जरिए एक अपुष्ट घटना की जानकारी सामने आई थी. कुछ छात्रों ने दावा किया था कि एक छात्रा ने आत्महत्या की है, जबकि कुछ छात्रों ने उसके साथ रेप का दावा किया था. इसके बाद लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी प्रशासन के खिलाफ छात्रों में आक्रोश फैल गया.

SSP गौरव तूरा ने पहले बताया था कि, अब तक पुलिस को इस घटना की पुष्टि करने वाला कोई सबूत नहीं मिला है और पुलिस के पास कोई शिकायत भी नहीं आई है. उन्होंने कहा कि छात्रों ने यूनिवर्सिटी की संपत्ति को भारी नुकसान पहुंचाया, जिसमें दंगा और तोड़फोड़ शामिल है. छात्रों ने नेशनल हाईवे को भी घेर लिया था, लेकिन अब हाईवे खुला हुआ है. पुलिस के मुताबिक, स्थिति को नियंत्रण में कर लिया गया है.

पुलिस का कहना है कि विरोध प्रदर्शन में करीब 2,000 छात्रों ने हिस्सा लिया. प्रदर्शन गर्ल्स हॉस्टल के पास शुरू हुआ था. इसके बाद छात्रों ने कैंपस में तोड़फोड़ की, संपत्ति को नुकसान पहुंचाया, खिड़कियों के शीशे तोड़े, ईंट और गमले फेंके और कैंपस के अंदर इमारतों के कुछ हिस्सों में आग लगा दी.

लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) की रजिस्ट्रार डॉ. मोनिका गुलाटी ने सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों पर फैल रही अफवाहों को झूठा, निराधार और मनगढ़ंत बताया है. उन्होंने कहा कि यूनिवर्सिटी के संज्ञान में आया है कि कुछ असामाजिक तत्व सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों के जरिए पूरी तरह झूठी, निराधार और मनगढ़ंत अफवाहें फैला रहे हैं. इससे छात्रों के बीच अनावश्यक भ्रम पैदा हो रहा है और यूनिवर्सिटी के शांतिपूर्ण शैक्षणिक माहौल को बिगाड़ने की कोशिश की जा रही है.

डॉ. मोनिका गुलाटी ने कहा कि इस तरह की झूठी और भ्रामक जानकारी को जिस तरीके से व्यवस्थित रूप से फैलाया जा रहा है, उससे ऐसा प्रतीत होता है कि यूनिवर्सिटी की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने और उसकी छवि खराब करने का जानबूझकर और संगठित प्रयास किया जा रहा है. रजिस्ट्रार ने स्पष्ट किया कि फिलहाल फैल रही अफवाहों में कोई सच्चाई नहीं है. उन्होंने छात्रों, अभिभावकों और आम लोगों से अपील की कि वे ऐसी अफवाहों पर विश्वास न करें, उन्हें आगे न फैलाएं और न ही बढ़ावा दें. उन्होंने कहा कि सभी लोग केवल यूनिवर्सिटी के आधिकारिक माध्यमों से जारी की जाने वाली जानकारी पर ही भरोसा करें.

Original Source
https://www.aajtak.in/india/punjab/story/lpu-jalandhar-student-protest-campus-vandalism-rape-suicide-rumor-ntc-apdy-rptc-2654217-2026-09-27?utm_source=rss
Visit India Today ↗
SHARE STORY:
𝕏 f in

Related Coverage in World