'हनुमान अंश' का बड़ा असर, नीम करोली बाबा के दर पर उमड़ा जनसैलाब, विवेक अग्निहोत्री ने कह दी बड़ी बात
बॉलीवुड में जब कोई फिल्म लोगों के दिलों को छूती है, तो उसका असर सिर्फ सिनेमाघरों तक सीमित नहीं रहता. कुछ ऐसा ही कमाल कर दिखाया है निर्देशक विशाल चतुर्वेदी की भक्ति-भाव से सराबोर फिल्म 'हनुमान अंश' ने. आध्यात्मिक गुरु नीम करौली बाबा के जीवन और उनके प्रभाव पर आधारित इस फिल्म को दर्शकों का इतना प्यार मिल रहा है कि वीकेंड पर नैनीताल स्थित उनके प्रसिद्ध 'कैंची धाम' में भक्तों का सैलाब उमड़ पड़ा.
मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की इतनी भारी भीड़ देखने को मिली कि इसके वीडियो सोशल मीडिया पर आग की तरह वायरल हो गए. इसी वायरल वीडियो को देखकर 'द कश्मीर फाइल्स' फेम डायरेक्टर विवेक अग्निहोत्री ने एक ऐसा बयान दे दिया है, जिसने इंटरनेट पर नई बहस छेड़ दी है.
विवेक अग्निहोत्री ने क्या कहा? कैंची धाम में उमड़ी भारी भीड़ का वीडियो अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' (पहले ट्विटर) पर शेयर करते हुए विवेक अग्निहोत्री ने काफी तीखी और बेबाक बात लिखी. उन्होंने कहा कि अगर सरकार धर्म पर टैक्स लगाना शुरू कर दे, तो भारत रातों-रात दुनिया का सबसे अमीर देश बन जाएगा. उन्होंने इसकी वजह बताते हुए आगे लिखा कि ऐसा इसलिए नहीं होगा कि लोग टैक्स भरेंगे, बल्कि इसलिए होगा क्योंकि लोग धर्म के पीछे भागना छोड़कर इनोवेशन, तरक्की, प्रोडक्टिविटी और नए विचारों पर ध्यान देने लगेंगे. लोग किसी चमत्कार या दैवीय मदद के भरोसे बैठने के बजाय खुद मेहनत करके अमीर बनने की कोशिश करेंगे.'
If only the government could tax religion, India would become the richest country overnight. Not because people would pay the tax. But because they would quit religion and start focusing on innovation, progress, productivity and ideas. They would finally try to become rich themselves, instead of waiting for miracles or divine interventions.
कैंची धाम में उमड़ रही श्रद्धालुओं की भीड़ इस बीच नैनीताल का कैंची धाम एक बार फिर से आस्था का सबसे बड़ा केंद्र बना हुआ है. मौसम में आए बदलाव के साथ ही यहां आने वाले श्रद्धालुओं की तादाद में भारी इजाफा देखा जा रहा है. सुबह से शाम तक मंदिर परिसर में बाबा के दर्शन के लिए भक्तों की लंबी-लंबी कतारें लगी हुई हैं. देश के कोने-कोने से लोग बाबा नीम करौली महाराज का आशीर्वाद लेने नैनीताल पहुंच रहे हैं. 'हनुमान अंश' फिल्म की जबरदस्त सफलता और चर्चा के बाद से कैंची धाम को लेकर आम लोगों की दिलचस्पी और ज्यादा बढ़ गई है.
बॉक्स ऑफिस पर 'हनुमान अंश' का जलवा अगर फिल्म के बिजनेस की बात करें, तो 'हनुमान अंश' ने कमाई के मामले में नए झंडे गाड़ दिए हैं. रिलीज के 58वें दिन भी इस फिल्म का जादू बरकरार है. घरेलू बॉक्स ऑफिस पर फिल्म ने अब तक 379.96 करोड़ रुपये का ग्रॉस और 321.73 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन कर लिया है. वहीं अगर दुनिया भर में इसकी कुल कमाई की बात करें, तो फिल्म अब तक 419.46 करोड़ रुपये का शानदार आंकड़ा पार कर चुकी है.
