मुकेश खन्ना ने कैप्टन स्मित मछार को कहा 'शक्तिमान', बोले- तुस्सी ग्रेट हो पापे
आसमान में मौत के मुंह से 174 यात्रियों की जान बचाकर हीरो बने भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मछार की हर तरफ तारीफ हो रही है. शाहरुख खान और सलमान खान जैसे बड़े बॉलीवुड सितारों के बाद अब टीवी के मशहूर 'शक्तिमान' यानी मुकेश खन्ना ने भी इस जाबांज पायलट के जज्बे की दिल खोलकर सराहना की है.
फ्लाईदुबई फ्लाइट की इमरजेंसी के दौरान जिस तरह स्मित ने खुद गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद हिम्मत नहीं हारी और एक बड़ा हादसा होने से टाल दिया, उसने हर किसी का दिल जीत लिया है. मुकेश खन्ना ने एक खास वीडियो शेयर कर स्मित मछार की इस जाबाजी को सलाम किया है और उनके जल्द ठीक होने की दुआ मांगी है.
मुकेश खन्ना ने वीडियो शेयर किया एक्टर मुकेश खन्ना ने कैप्टन स्मित की बहादुरी पर एक वीडियो शेयर करते हुए बहुत ही इमोशनल और संदेश लिखा. उन्होंने कहा कि हर इंसान के भीतर एक शक्तिमान छिपा होता है- कुछ लोगों को इसका अहसास होता है, जबकि कुछ लोग इससे अंजान बनकर जिंदगी बिता देते हैं. कैप्टन स्मित ने वक्त रहते अपने अंदर छिपी उस ताकत को पहचान लिया और नतीजा यह हुआ कि 174 यात्रियों की जिंदगी सुरक्षित बच गई. मुकेश खन्ना ने आगे लिखा कि एक बड़ा दर्दनाक हादसा टल गया और स्मित रातों-रात सबके सुपर हीरो बन गए. आज पूरी दुनिया उन्हें सलाम कर रही है, मैं भी उन्हें दिल से शाबाशी देता हूं और उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं. संदेश के आखिर में उन्होंने प्यार से लिखा, 'तुस्सी ग्रेट हो पापे.'
आखिर क्या हुआ था फ्लाइट में? मुकेश खन्ना का यह बयान उस घटना के बाद आया है, जिसकी चर्चा आज पूरी दुनिया में हो रही है. यह सनसनीखेज मामला दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की एक फ्लाइट का है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, हवा में सफर के दौरान कॉकपिट के अंदर अचानक फर्स्ट ऑफिसर (को-पायलट) ने कैप्टन स्मित मछार पर चाकू से हमला कर दिया था.
इस अचानक हुए हमले में भारतीय पायलट स्मित गंभीर रूप से जख्मी हो गए. लेकिन इतने भयानक दर्द और खून से लथपथ होने के बावजूद स्मित ने हिम्मत नहीं खोई. उन्होंने किसी तरह कॉकपिट का दरवाजा खोल दिया, जिससे बाहर मौजूद क्रू मेंबर्स और यात्रियों को अंदर की स्थिति का पता चला और वे बीच-बचाव के लिए आगे आए.
174 यात्रियों और 8 क्रू मेंबर्स की बचाई जान स्मार्ट फैसले और अदम्य साहस का परिचय देते हुए स्मित मछार ने विमान पर नियंत्रण बनाए रखा. इसके बाद 174 यात्रियों और 8 क्रू मेंबर्स से भरे इस विमान को तुरंत सऊदी अरब के तबुक हवाई अड्डे की तरफ डायवर्ट किया गया और वहां इसकी सुरक्षित लैंडिंग कराई गई. अगर स्मित ने उस भयानक मोड़ पर समझदारी और साहस न दिखाया होता, तो एक बहुत बड़ा हादसा हो सकता था.
