सुपरनोवा कितनी सुपर? आसमान छूती इमारत, जमीन पर विवाद बेहिसाब
नोएडा के सेक्टर-94 में खड़ी सुपरनोवा दूर से ही लोगों का ध्यान खींचती है. कांच की बड़ी-बड़ी खिड़कियां, शानदार आर्किटेक्चर और रात के उजाले में जगमगाती यह इमारत नोएडा के स्मार्ट और आधुनिक शहर होने का सबसे बड़ा प्रमाण नजर आती है. लेकिन हर चमकती चीज सोना नहीं होती. सुपरनोवा के साथ भी ऐसा ही कुछ हो रहा है. यह गगनचुंबी इमारत अपनी भव्यता के लिए कम और यहां होने वाली घटनाओं की वजह से ज्यादा सुर्खियों रहती है. 43वीं मंजिल से कूदकर एक युवक की मौत की घटना ने इसे एक बार फिर सवालों के घेरे में ला खड़ा किया है.
28 साल के संभव जैन ने स्पाइरा टावर से कूदकर अपनी जान दे दी. वह एयर बीएनबी के जरिए 43वीं मंजिल पर स्थित फ्लैट में एक दिन के लिए ठहरा था. इस पूरे घटनाक्रम के झंकझोर देने वाले वीडियो भी सामने आए हैं. हालांकि संभव निजी और आर्थिक परेशानियों से गुजर रहा था. इसलिए उसकी मौत को सीधे सुपरनोवा की व्यवस्था से जोड़ना जल्दबाजी होगी. लेकिन इस घटना ने एक अहम सवाल जरूर खड़ा किया है.
सवाल ये है कि अगर किसी बड़े हाईराइज परिसर में कोई व्यक्ति सिर्फ एक दिन के लिए ठहरता है तो उसकी पहचान, एंट्री, फ्लैट की जानकारी और आपात स्थिति में निगरानी की व्यवस्था कितनी मजबूत है? और ऐसी दुर्भाग्यपूर्ण घटनाएं बार-बार इसी इमारत से क्यों जुड़ रही हैं? कारण, पिछले तीन साल में इस बहुमंजिला इमारत से गिरकर 4 लोगों की मौत हुई है.
सुपरनोवा में शॉर्ट-टर्म स्टे या सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विवाद कोई नया नहीं है. संभव की मौत से कुछ ही दिन पहले इसमें एक और घटना हुई थी. यहां तुषार शर्मा नामक बी एंड बी संचालक को सुरक्षा गार्ड ने मुख्य गेट पर रोका तो विवाद हो गया. तुषार कार से बूम बैरियर तोड़कर अंदर चला गया. घटना का वीडियो सामने आने के बाद मामला तेजी से चर्चा में आया. पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया.
इसके बाद सुपरनोवा अपार्टमेंट ओनर्स एसोसिएशन ने एयर बीएनबी, ओयो और बुकिंग डॉट कॉम जैसे प्लेटफॉर्म के जरिए फ्लैटों को शॉर्ट टर्म स्टे लिए किराये पर देने को लेकर सख्त रुख अपनाया. नए नियम और एसओपी जारी कर दी गई. यानी एक तरफ शॉर्ट-स्टे कारोबार से कमाई करने वाले फ्लैट मालिक और ऑपरेटर हैं, तो दूसरी तरफ स्थायी निवासी हैं, जो अपनी सुरक्षा और परिसर की व्यवस्था को लेकर चिंतित हैं.
ओखला बर्ड सैंक्चुरी के पास यमुना नदी के किनारे खड़ी सुपरनोवा मिक्स्ड-यूज प्रोजेक्ट है. इसमें रेसिडेंशियल और कमर्शियल, दोनों हिस्से शामिल हैं. सुपरटेक ने इस प्रोजेक्ट की कल्पना 2010-11 में की और निर्माण 2012 में शुरू हुआ. स्पायरा टावर दिल्ली-एनसीआर की सबसे ऊंची इमारतों में गिना जाता है. शुरुआत में इसे करीब 300 मीटर ऊंचा और 80 मंजिल का बनाने का टारगेट था. अगर ऐसा होता तो यह देश की सबसे ऊंची इमारतों में शुमार होता. लेकिन कंस्ट्रक्शन में देरी और बिल्डर की फाइनेंशल दिक्कतों के चलते प्रोजेक्ट में बदलाव हुए. वर्तमान में यह करीब 65 मंजिला प्रोजेक्ट है.
आज सुपरनोवा की सबसे बड़ी खासियत ही उसकी सबसे बड़ी चुनौती बन गई है. यहां होने वाले 90 फीसदी विवादों की सबसे बड़ी वजह है इसकी मिक्स्ड-यूज एक्टिविटी. आसान शब्दों में समझें कहें तो अगर कोई एक सोसाइटी में घर खरीदता है तो वह चाहेगा शांति, सुरक्षा, बच्चों के लिए सुरक्षित माहौल और जाने-पहचाने पड़ोसी. लेकिन सुपरनोवा में माहौल थोड़ा अलग है.
नोवा ईस्ट और नोवा वेस्ट में करीब 582 फ्लैट्स ऐसे हैं, जिनमें परिवार रहते हैं. ये यहां के स्थायी निवासी हैं. वहीं स्पाइरा टावर में बड़ी संख्या में यूनिट व्यावसायिक इस्तेमाल में हैं. करीब 200 फ्लैटों में व्यावसायिक गतिविधियों और शॉर्ट-टर्म स्टे की बात एसोसिएशन ने कही है. इसका सीधा मतलब है कि एक ही परिसर में स्थायी रूप से रहने वाले परिवारों के साथ ऐसे लोग भी लगातार आते-जाते हैं, जो कुछ घंटे, एक रात या कुछ दिनों के लिए यहां रुकते हैं.
अब सोचिए कि एक ही लिफ्ट से वह परिवार भी जा रहा है जो कई साल से यहां रह रहा है, और उसी लिफ्ट में वह अनजान शख्स भी सवार है जो सिर्फ 24 घंटे के लिए पार्टी करने या रुकने आया है. सुरक्षा के लिहाज से यही स्थिति चुनौती पैदा करती है. स्थायी निवासी का रिकॉर्ड एक बार वैरिफिकेशन होने के बाद व्यवस्था आसान हो जाती है. लेकिन अगर किसी फ्लैट में हर दो-तीन दिन में नया व्यक्ति आता है तो गेट, लिफ्ट, पार्किंग और कॉमन एरिया में उसकी आवाजाही पर नजर रखना मुश्किल हो जाता है.
हालांकि यह जरूरी नहीं कि हर शॉर्ट-स्टे गेस्ट परेशानी पैदा करे. लेकिन बिना सही वैरिफिकेशन के किसी भी बड़े परिसर में लगातार बाहरी लोगों की आवाजाही सुरक्षा के लिए जोखिम जरूर बढ़ा सकती है.
सुपरनोवा में शॉर्ट-टर्म रेंटल को लेकर प्रशासन की कार्रवाई पहले भी हो चुकी है. अक्टूबर 2025 में नोएडा जिला प्रशासन ने 100 से ज्यादा फ्लैट मालिकों को कथित तौर पर बिना रजिस्ट्रेशन बी एंड बी या होम-स्टे चलाने के मामले में नोटिस जारी किए थे. सिटी मजिस्ट्रेट को ऐसी गतिविधियों को लेकर शिकायतें मिली थीं. जांच के बाद संबंधित फ्लैट मालिकों को नोटिस दिए गए.
उस समय भी सवाल यही था कि आवासीय फ्लैटों का इस्तेमाल होटल या गेस्ट हाउस जैसी गतिविधियों के लिए किस सीमा तक किया जा सकता है? यानी यह समस्या अचानक पैदा नहीं हुई. पिछले एक साल से अधिक समय से शॉर्ट-स्टे कारोबार को लेकर सवाल उठते रहे हैं. इसके बावजूद पूरी तरह साफ और स्थायी समाधान अभी तक सामने नहीं आया है.
लगातार विवादों के बीच सुपरनोवा में किरायेदारों को लेकर भी नई नीति लागू की गई है. सुपरनोवा अपार्टमेंट ओनर्स एसोसिएशन ने किरायेदारी, कब्जा और निवासी आचरण नीति 2026 को मंजूरी दी है. इस नीति में किरायेदारों के पुलिस वैरिफिकेशन, पहचान से जुड़े दस्तावेज और दूसरी जरूरी जानकारी लेने पर जोर दिया गया है. फ्लैटों को पीजी, हॉस्टल, गेस्ट हाउस या नियमों के खिलाफ शॉर्ट-टर्म रेंटल के तौर पर इस्तेमाल करने पर रोक की बात कही गई है.
नीति में परिवारों और कामकाजी लोगों को प्राथमिकता देने की बात भी कही गई है. हालांकि यहां यह सवाल भी उठता है कि सुरक्षा का पैमाना किसी व्यक्ति की वैवाहिक स्थिति या पेशे से तय होना चाहिए या उसके वैरिफिकेशन और व्यवहार से? सुरक्षा के लिए नियम सभी पर समान रूप से लागू होना ज्यादा जरूरी है. परिवार हो, बैचलर हो, छात्र हो या कामकाजी व्यक्ति, पहचान वैरिफिकेशन और सोसाइटी के नियमों का पालन सभी के लिए जरूरी होना चाहिए.
सुपरनोवा में हाल का गेट विवाद यह बताता है कि सुरक्षा व्यवस्था की सबसे पहली कड़ी यानी गार्ड को कितनी महत्वपूर्ण भूमिका निभानी पड़ती है. बड़े हाईराइज परिसर में गार्ड को सिर्फ लोगों को अंदर-बाहर करने का काम नहीं करना होता. उसे यह भी पता होना चाहिए कि कौन व्यक्ति किस गेट से जाएगा, किसका वैरिफिकेशन जरूरी है और विवाद होने पर किसे सूचना देनी है.
अगर नियम साफ नहीं हैं तो गार्ड और निवासी या विजिटर के बीच मामूली बहस भी बड़ा विवाद बन सकती है. इसलिए हर हाईराइज सोसाइटी में प्रवेश व्यवस्था के साथ विवाद की स्थिति से निपटने का भी स्पष्ट तरीका होना चाहिए. सुपरनोवा जैसे बड़े परिसर में यह और जरूरी हो जाता है, क्योंकि यहां आम आवासीय गतिविधियों के साथ व्यावसायिक इस्तेमाल भी होता है.
क्या सिर्फ Airbnb पर रोक से समस्या खत्म होगी?
सबसे बड़ा सवाल ये है कि क्या एयर बीएनबी जैसे प्लेटफॉर्म पर रोक लगाने से समस्या का समाधान हो सकता है? क्योंकि अगर कोई फ्लैट बिना ऑनलाइन प्लेटफॉर्म चुपचाप बीएंडबी की तरह फ्लैट का इस्तेमाल करता है तो उसकी निगरानी कैसे होगी? इसलिए जरूरत प्लेटफॉर्म पर रोक से ज्यादा स्पष्ट नियमों की है. क्योंकि अगर किसी फ्लैट में कानूनी रूप से होम-स्टे या बीएंडबी चलाया जा सकता है, तो उसका रजिस्ट्रेशन होना चाहिए.
फ्लैट मालिक या संचालक और आने वाले गेस्ट का अच्छे से वैरिफिकेशन होना चाहिए. फायर सेफ्टी के नियम पूरे होने चाहिए. सोसाइटी एसोसिएशन और प्रशासन को संबंधित फ्लैट/बीएंडबी की जानकारी होनी चाहिए. इसके अलावा अगर किसी गतिविधि की अनुमति नहीं है तो उस पर लगातार निगरानी और कार्रवाई होनी चाहिए. यानी व्यवस्था ऐसी होनी चाहिए जिसमें मालिक, ऑपरेटर, सोसाइटी और प्रशासन की जिम्मेदारी साफ हो.

