देशभर की दुआएं हुईं कुबूल... मौत को मात देकर फिर मुस्कुराई पंचकूला की नन्ही परी, चाचा से वीडियो कॉल पर की बात
हरियाणा के पंचकूला में स्कूल के भीतर हमले में गंभीर रूप से घायल हुई KG की मासूम बच्ची की हालत में अब सुधार बताया जा रहा है. चंडीगढ़ PGI से सामने आए नए वीडियो में बच्ची अपनी मां की गोद में मुस्कुराती नजर आ रही है. उसने वीडियो कॉल पर अपने चाचा फाजिल से भी बात की. बच्ची की हालत में सुधार की खबर से परिवार और उसके लिए दुआ कर रहे लोगों को राहत मिली है.
बच्ची के चाचा फाजिल के मुताबिक, अब उसकी हालत पहले से काफी बेहतर है. उन्होंने भावुक होकर कहा कि बच्ची को मानो दूसरा जन्म मिला है. परिवार के लोग उसे शेरनी बता रहे हैं. उनका कहना है कि बच्ची को दोबारा मुस्कुराते देखना उनके लिए सबसे बड़ी खुशी है.
PGI चंडीगढ़ से सामने आए वीडियो में बच्ची अपनी मां की गोद में बैठी दिखाई दे रही है. इस दौरान उसके चेहरे पर मुस्कान नजर आती है. उसने अपने चाचा फाजिल से वीडियो कॉल पर भी बातचीत की.
परिवार के मुताबिक, बच्ची की सेहत में लगातार सुधार हो रहा है. डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज जारी है. हालांकि, अस्पताल से छुट्टी मिलने को लेकर अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
बच्ची के चाचा फाजिल के मुताबिक, होश में आने के बाद बच्ची ने अपनी मां को बताया कि उसे पत्थर से मारा गया था. परिवार फिलहाल बच्ची को घटना की यादों से दूर रखने और मानसिक तनाव से बचाने की कोशिश कर रहा है.
फाजिल ने घटना से पहले की बातचीत को लेकर भी अपना दावा साझा किया. उनके मुताबिक, आरोपी बच्चे ने पहले बच्ची को 'पागल' कहा था. इस पर बच्ची ने शिकायत करने की बात कही तो वह डर गया. इसके बाद उसने बच्ची से कहा कि उसके पिता ऊपर हैं और उसे वहां ले गया. चाचा के अनुसार, इसके बाद ही हमला किया गया.
यह घटनाक्रम परिवार की ओर से बताई गई जानकारी पर आधारित है. घटना के पूरे क्रम और हमले की वजह की पुष्टि जांच के निष्कर्षों से ही होगी.
यह घटना 28 अक्टूबर को पंचकूला के सेक्टर-20 स्थित राजकीय संस्कृत मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल की है. यहां KG कक्षा में पढ़ने वाली बच्ची पर उसी स्कूल में पढ़ने वाले तीसरी कक्षा के एक छात्र ने हमला कर दिया था. बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई थी. उसे पहले अस्पताल ले जाया गया, फिर हालत गंभीर होने पर PGI चंडीगढ़ रेफर किया गया.
घटना का CCTV वीडियो भी सामने आया था. इसके बाद मामला चर्चा में आया और बच्ची की सलामती के लिए देश के अलग-अलग हिस्सों से लोग दुआ करने लगे. परिवार के मुताबिक, अमेरिका और अरब देशों सहित विदेशों से भी लोगों ने संपर्क कर बच्ची का हाल जाना.
इस मामले में पुलिस ने स्कूल प्रबंधन के खिलाफ जेजे एक्ट और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है. स्कूल के प्रिंसिपल, क्लास इंचार्ज और चौकीदार के खिलाफ भी FIR दर्ज होने की जानकारी दी गई है.
हमला करने वाले आठ वर्षीय छात्र के मामले में जेजे एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है. परिवार की ओर से मिली जानकारी के अनुसार, उसे अंबाला स्थित ऑब्जर्वेशन होम भेजा गया है, जहां उसकी काउंसलिंग की जा रही है.
हरियाणा मानवाधिकार आयोग और हरियाणा राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग ने भी मामले का संज्ञान लिया है. शिक्षा विभाग की ओर से गठित कमेटी जांच कर रही है. अब तक स्कूल के प्रिंसिपल और दो JBT शिक्षिकाओं को सस्पेंड किए जाने की जानकारी दी गई है.
शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने कहा है कि जांच में लापरवाही सामने आने पर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.
बच्ची की हालत में सुधार के बाद परिवार को उम्मीद है कि वह जल्द स्वस्थ होकर घर लौटेगी. परिजनों ने उसकी वापसी पर स्वागत की तैयारी भी की है. फिलहाल परिवार की प्राथमिकता बच्ची का पूरी तरह स्वस्थ होना और उसे घटना के मानसिक असर से उबरने में मदद करना है. (रिपोर्ट:- उमंग श्योराण)


