हार्दिक पंड्या की टीम इंडिया में वापसी का मुश्किल, पहले घरेलू क्रिकेट में दिखाना होगा दम, शुभमन गिल ने दिया बड़ा बयान
भारत और न्यूजीलैंड के बीच 4 नवंबर से पांच मैचों की वनडे सीरीज शुरू हो रही है. टीम इंडिया 2027 वनडे वर्ल्ड कप की तैयारियों में जुटी है और ऐसे में हार्दिक जैसे ऑलराउंडर की गैरमौजूदगी टीम के लिए बड़ा झटका है.
हार्दिक मई में IPL 2026 के दौरान आखिरी बार प्रतिस्पर्धी क्रिकेट खेलते नजर आए थे. फिलहाल वह BCCI सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (CoE) में रिहैबिलिटेशन से गुजर रहे हैं. गिल ने हार्दिक की अहमियत बताते हुए कहा कि उनके जैसा कौशल रखने वाले खिलाड़ी दुनिया में बहुत कम हैं. वह नई और पुरानी दोनों गेंदों से गेंदबाजी कर सकते हैं. भारतीय वनडे टीम में नंबर-7 या नंबर-8 पर उनकी भूमिका आखिरी ओवरों में तेजी से रन बनाने की भी रहती है.
Glittering trophy, smiling captains 🏆 😊 #TeamIndia is ODI ready 🇮🇳 #NZvIND | @ShubmanGill https://t.co/8rbsJX7VSs
गिल ने कहा- हार्दिक पंड्या बेहतरीन ऑलराउंडर हैं. दुनिया में बहुत कम खिलाड़ियों के पास उनके जैसा कौशल है. गेंदबाज के तौर पर आप उनका इस्तेमाल खेल के अलग-अलग चरणों में कर सकते हैं. वह नई और पुरानी दोनों गेंदों से गेंदबाजी कर सकते हैं. हमारी उनसे कई बार बातचीत हुई है. चोटों के मामले में उनकी किस्मत अच्छी नहीं रही. उन्होंने IPL के बाद से क्रिकेट नहीं खेला है. उम्मीद है कि वह जल्द वापसी करेंगे. वह कुछ घरेलू क्रिकेट खेलेंगे और उम्मीद है कि जल्द ही भारतीय टीम में लौटेंगे.
चोटों ने कैसे बढ़ाई हार्दिक की मुश्किलें? हार्दिक की फिटनेस की समस्या IPL 2026 के दौरान शुरू हुई थी. पीठ में ऐंठन (Back Spasms) के कारण उन्हें मुंबई इंडियंस के तीन मुकाबले छोड़ने पड़े थे. टूर्नामेंट के आखिरी हिस्से में उन्होंने वापसी की, लेकिन 24 मई को अपना आखिरी प्रतिस्पर्धी मुकाबला खेलने के बाद से मैदान से दूर हैं.
जून में रिहैबिलिटेशन के दौरान उनकी जांघ की मांसपेशियों में खिंचाव (Quadriceps Strain) आ गया. इसके चलते वह अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज से बाहर हो गए. इसके बाद पूरी फिटनेस हासिल नहीं कर पाने के कारण इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज भी नहीं खेल सके.
अफगानिस्तान के खिलाफ टी20 सीरीज से पहले फील्डिंग अभ्यास के दौरान उनके घुटने के आसपास दर्द होने लगा. सितंबर में ऑस्ट्रेलिया ए के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए उन्हें फिटनेस क्लीयरेंस की शर्त पर इंडिया ए टीम में शामिल किया गया था. अक्टूबर में उनकी वापसी की उम्मीद थी, लेकिन स्कैन में दाहिनी पिंडली (Right Shin) में चोट का पता चला. डॉक्टरों ने उन्हें दो सप्ताह पूरी तरह आराम करने की सलाह दी. इसके चलते वह ऑस्ट्रेलिया ए सीरीज से भी बाहर हो गए.
ताजा इंजरी के कारण हार्दिक न्यूजीलैंड के खिलाफ भारत की पूरी व्हाइट बॉल सीरीज भी नहीं खेल पाए. इसमें पांच टी20 और पांच वनडे मुकाबले शामिल हैं. अब घरेलू क्रिकेट में वापसी करके फिटनेस साबित करना उनके लिए जरूरी होगा.
इन दो टूर्नामेंट पर रहेगी नजर नवंबर और दिसंबर में सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी और विजय हजारे ट्रॉफी खेली जानी हैं. ऐसे में हार्दिक इनमें से किसी एक टूर्नामेंट के जरिए प्रतिस्पर्धी क्रिकेट में वापसी कर सकते हैं. हालांकि, उनकी उपलब्धता फिटनेस पर निर्भर करेगी.
भारत और न्यूजीलैंड के बीच वनडे सीरीज 4 नवंबर से शुरू होकर 15 नवंबर तक चलेगी. इसके बाद दोनों टीमों के बीच 19 नवंबर से दो टेस्ट मैचों की सीरीज खेली जाएगी. लगातार तीनों फॉर्मेट के मुकाबलों के चलते दोनों टीमों के पास रिकवरी के लिए भी ज्यादा समय नहीं होगा.
भारत-न्यूजीलैंड वनडे सीरीज का पूरा शेड्यूल सीरीज के सभी पांच मुकाबले डे-नाइट होंगे. भारतीय समयानुसार सभी मैच सुबह 7:30 बजे शुरू होंगे. न्यूजीलैंड में सभी मैच दोपहर 3 बजे और ब्रिटेन में रात 2 बजे शुरू होंगे.
न्यूजीलैंड की वनडे टीम: पहले तीन वनडे के लिए: मिचेल सेंटनर (कप्तान), माइकल ब्रेसवेल, डेवोन कॉन्वे, जैकब डफी, मैट हेनरी, काइल जेमीसन, टॉम लाथम (विकेटकीपर), टिम सीफर्ट (विकेटकीपर), डेरिल मिचेल, ग्लेन फिलिप्स, नाथन स्मिथ, विल यंग, ब्लेयर टिकनर और हेनरी निकोल्स.
आखिरी दो वनडे के लिए: मिचेल सेंटनर (कप्तान), फिन एलन, माइकल ब्रेसवेल, क्रिस्टियन क्लार्क, जैकब डफी, मैट फिशर, लॉकी फर्ग्यूसन, मिच हे (विकेटकीपर), निक केली, टिम सीफर्ट (विकेटकीपर), ब्लेयर टिकनर, विल यंग और डीन फॉक्सक्रॉफ्ट.
भारत की वनडे टीम: पहले तीन वनडे के लिए अपडेटेड स्क्वॉड: शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर (उपकप्तान), केएल राहुल (विकेटकीपर), अक्षर पटेल, नमन धीर, अंशुल कंबोज, गुरनूर बरार, ऋतुराज गायकवाड़, अर्शदीप सिंह, ईशान किशन (विकेटकीपर), मोहम्मद सिराज, कुलदीप यादव और नीतीश कुमार रेड्डी (केवल पहला वनडे).
चौथे और पांचवें वनडे के लिए अपडेटेड स्क्वॉड: श्रेयस अय्यर (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, तिलक वर्मा, ईशान किशन (विकेटकीपर और उपकप्तान), अक्षर पटेल, नमन धीर, आकिब नबी, गुरनूर बरार, ऋतुराज गायकवाड़, अर्शदीप सिंह, कुमार कुशाग्र (विकेटकीपर), मोहम्मद सिराज, यश ठाकुर और कुलदीप यादव.
